- बताया, रवि शास्त्री ने उन्हें दिया था यह नाम
- लगातार छक्के जड़ने की क्षमता के कारण मिला था 'बूम-बूम' नाम
- वनडे में केवल 37 गेंदों पर शतक ठोक दिया था
पाकिस्तान के हरफनमौला शाहिद अफरीदी धमाकेदार बल्लेबाजी के कारण क्रिकेटप्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे. पाकिस्तान ही नहीं, दुनियाभर में उनके फैंस हैं. भारत में भी उनके चाहने वालों की संख्या अच्छी खासी है. ताबड़तोड़ प्रहार करके लगातार छक्के जड़ने के कौशल के कारण शाहिद को 'बूम-बूम अफरीदी' का नाम मिला था. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके अफरीदी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर बताया है कि किस पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने उन्हें यह नाम दिया था. गौरतलब है कि 38 वर्षीय शाहिद अफरीरी ने अपने 398 वनडे के करियर में 351 छक्के लगाए, 99 टी20 इंटरनेशनल में 73 छक्के उनके नाम पर दर्ज हैं. शाहिद ने बताया कि टीम इंडिया के पूर्व हरफनमौला और मौजूदा समय में टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने कमेंटरी करते हुए सबसे पहले उन्हें 'बूम-बूम अफरीदी' कहकर संबोधित किया था.
वेस्टइंडीज और वर्ल्ड इलेवन के मैच के दौरान शाहिद अफरीदी ने दिखाई दरियादिली.....
Ravi Shastri
— Shahid Afridi (@SAfridiOfficial) August 26, 2018
अफरीदी ने अपना आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच मार्च 2015 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेला था, उन्होंने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. हाल ही में वे एक प्रदर्शन क्रिकेट मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड इलेवन की ओर खेलते हुए भी नजर आए थे. अपनी तूफानी बल्लेबाजी के कारण विश्व क्रिकेट में बेहद लोकप्रिय रहे अफरीदी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,196 रन बनाने के अलावा 541 विकेट भी हासिल किए. इंग्लैंड के इयोन मोर्गन के चोट के कारण नाम वापस लेने के चलते अफरीदी को इस मैच में वर्ल्ड इलेवन की कप्तानी करने का मौका मिला था. हालांकि अफरीदी अपने प्रदर्शन से इस मैच को यादगार नहीं बना सके. उन्होंने मैच में एक विकेट हासिल किया जबकि बल्लेबाजी में वे केवल 11 रन का योगदान टीम को दे सके.
शाहिद का बल्लेबाजी औसत 23.57 और टी20 इंटरनेशनल में 17.92का है. अफरीदी का बल्लेबाजी औसत बहुत प्रभावी तो नहीं है लेकिन तेज बल्लेबाजी के अपने कौशल और गेंदबाजी में भी उल्लेखनीय योगदान के कारण वे लंबे समय तक शार्टर फॉर्मेट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का हिस्सा बने रहे.
अफरीदी के कश्मीर वाले बयान पर सचिन का जवाब, बाहरी न बताएं हमें क्या करना है
वीडियो: शाहिद अफरीदी बोले, पाकिस्तान से ज्यादा प्यार भारत में मिला
अपने करियर के शुरुआती दौर में ही वर्ष 1996 में वनडे में महज 37 गेंद पर शतक जमाकर अफरीदी सुर्खियों में आए थे. यह रिकॉर्ड लंबे समय तक उनके नाम पर रहा था. बाद में न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन और दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने इस रिकॉर्ड को तोड़ा था. एंडरसन ने वर्ष 2014 में 36 और डिविलियर्स ने 2015 में 31 गेंदों पर शतक बनाकर अफरीदी के रिकॉर्ड को तोड़ा था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं