विज्ञापन

साई V/S पडिक्कल: कौन नंबर-3 पर? ये कैसी तुलना

टीम इंडिया इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से खेले जाने वाले इकलौते टेस्ट मैच की तैयारियों में व्यस्त है, तो नंबर-3 का सवाल सबसे बड़ा हो चला है

साई  V/S पडिक्कल: कौन नंबर-3 पर? ये कैसी तुलना
साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल के बीच नंबर-3 के लिए रेस है
source: social media

Sai Sudharsan vs Devdutt Padikkal: वहाइट बॉल का मेला अब इतिहास की बात है, अब बात व्हाइट ड्रेस की होगी. अब बात टीम इंडिया की टेस्ट क्रिकेट की होगी. अफगानिस्तान के खिलाफ चंडीगढ़ के मुल्लनपुर स्टेडियम में इकलौता टेस्ट मैच (IND vs AFG one-off Test) शनिवार से खेला जाएगा. फैंस और पूर्व दिग्गजों के बीच चर्चा शुरू हो चुकी है पर जोश ज्याादा नहीं है. वजह समझी जा सकती है कि यह  वही अफगानिस्तान है, जिसे साल 2018 में भारत ने दो दिन में ही हरा दिया था. तब गंगा में पानी बहुत बह चुका है. अफगानियों की क्षमता भी बढ़ी है और कॉन्फिडेंस भी. और उसके खिलाड़ी कुछ 'अनदेखी संपत्ति' हैं. भारत के लिहाज से यूं तो कई सवाल हैं. लेकिन इन सवालों की बीच भारत कुछ ढूंढ भी रहा है

भारत को नंबर-3 की तलाश?

कुछ साल पहले चेतेश्वर पुजारा के संन्यास लेने के बाद से भारत के लिए टेस्ट में कई बल्लेबाज नंबर-3 पर खेल चुके हैं. इसमें खुद कप्तान शुभमन गिल, करुण नायर, केएल राहुल, विराट कोहली तक शामिल हैं. और अब इस नंबर एक जगह के लिए मुकाबला देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन के बीच हो चला है. कौन बाजी मारेगा, यह तो अगले दो दिन के भीतर ही पता चल पाएगा. 

हक तो पडिक्कल का ही बनता है

इस साल रणजी ट्रॉफी में पडिक्कल का बल्ला खूब बोला है. लेफ्टी बल्लेबाज ने 11 पारियों में 54.30 के औसत से 533 रन बनाए. आखिरी बार देवदत्त भारत के लिए टेस्ट में खेले थे, लेकिन बाहर होने के बाद से पडिक्कल ने बैटिंग पर जमकर काम किया. सुधार तो हुआ ही है, तो वहीं 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 3627 रन बना चुके पडिक्कल रेड-बॉल फॉर्मेट में साई से ज्यादा अनुभवी हैं. 

क्या मुकाबला रेड बॉल V/S व्हाइट-बॉल बन गया, ऐसा कैसे?

कम से कम शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए टीम इंडिया के सहायक कोच रियान टेन डोइशेट की बातों से तो ऐसा ही लगता है. PC में उन्होंने कहा, 'उस जगह पर बहुत सारे बदलाव हुए हैं और यह सही नहीं है. पडिक्कल ने बहुत सारे रन बनाए हैं और सुदर्शन का IPL अच्छा रहा. हम फैसला लेना चाहते हैं और उस व्यक्ति पर भरोसा करना चाहते हैं कि वह उस रोल में ढल जाएगा.' 

रियान यह कैसी बातें कर रहे हैं. कोई बल्लेबाज व्हाइट बॉल में कितना ही प्रंचड फॉर्म में क्यों न हो, लेकिन इसमें भी टी20 की फॉर्म भर के आधार पर रणजी ट्रॉफी में ढेरों रन बनाने वाले किसी बल्लेबाज से भला तुलना भी कैसे हो सकती है? अगर साई सुदर्शन सिर्फ इसी वजह से पडिक्कल से नंबर-3 को छीन ले जाते हैं, तो यह बहुत ही ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण बात होगी. 

एक बेतुकी तुलना, बेतुकी बात!

यह सही है कि साई सुदर्शन ने खत्म हुए आईपीएल सीजन में 17 मैचों में 722 रन बनाए. वह 45.12 के औसत से सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में नंबर-3 पर रहे. लेकिन यह किसी से यार छिपा थोड़े ही है कि वह 6 टेस्ट मैचों में 302 ही रन बना सके हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तो पिछले टेस्ट में दोनों पारियों में 15, 14 रन ही बनाए. बेकार की बात है! बात यह है कि टेस्ट के लिए व्हाइट-बॉल के प्रदर्शन को आधार बनाना ही बेतुकी बात है. रेड बॉल प्रदर्शन से व्हाइट बॉल परफॉरमेंस की तुलना ही बेतुकी बात है. हैरानी की बात है कि सहायक कोच फॉर्म की बात कर रहे हैं. अब क्या ही कहा जाए!ऐसा लगता है कि यहां कुछ और ही ढूंढा जा रहा है.  

मैच के लिए भारत की संभावित XI

1. शुभमन गिल (कप्तान) 2. यशस्वी जायसवाल 3. केएल राहुल (उपकप्तान) 4. साई सुदर्शन / देवदत्त पडिक्कल 5. ऋषभ पंत 6. नीतीश कुमार रेड्डी 7. वॉशिंगटन सुंदर 8. कुलदीप यादव 9. मोहम्मद सिराज 10. प्रसिद्ध कृष्णा 11. हर्ष दुबे / मानव सुथार

यह भी पढ़ें:  आकाश चोपड़ा ने बताई वजह, क्यों भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी को जगह मिलना मुश्किल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com