देश के 25 वर्षीय स्प्रिंटर गुरिंदरवीर सिंह (Gurindervir Singh) मौजूदा समय में सुर्खियों में हैं. उन्होंने हाल ही में 100 मीटर की रेस को मात्र 10.09 सेकंड में पूरा करते हुए नेशनल रिकॉर्ड बनाया है. जिसके बाद से हर कोई उन्हें बधाई दे रहा है. बधाई देने वाले व्यक्तियों में खेल जगत में 'क्रिकेट के भगवान' के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का भी नाम शामिल हो गया है. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर ट्वीट करते हुए लिखा है, 'गुरिंदरवीर सिंह के सबसे तेज भारतीय धावक बनने पर मुझे बेहद गर्व है. यह शानदार उपलब्धि है. चैंपियन ऐसे ही आगे बढ़ते रहो!'
गुरिंदरवीर से पहले अनिमेष के नाम था खास रिकॉर्ड
गुरिंदरवीर सिंह से पहले 100 मीटर की रेस में सबसे तेज दौड़ने का रिकॉर्ड पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष के नाम दर्ज था. जिन्होंने पिछले साल 10.18 सेकंड में बनाया था. मगर बीते शुक्रवार को पहले दिन 25 वर्षीय गुरिंदरवीर ने शुरुआती सेमीफाइनल हीट में इसे 10.17 सेकंड तक कम कर दिया था.
Incredibly proud of Gurindervir Singh for becoming the fastest Indian ever. What a phenomenal achievement. Keep sprinting ahead, champion! 🇮🇳 https://t.co/17U6JdejHo
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) May 25, 2026
इसके महज पांच मिनट बाद 22 वर्षीय अनिमेष ने दूसरे सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकंड का समय निकालकर नाटकीय परिस्थितियों में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया. इससे शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड कुछ ही मिनटों के भीतर दो बार टूटा.
रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे पंजाब के धावक गुरिंदरवीर ने फाइनल में जीत हासिल की और 10.10 सेकंड से कम समय में दौड़ने वाले पहले भारतीय धावक बन गए.
इस प्रक्रिया में उन्होंने अनिमेष से 0.11 सेकंड तेज दौड़ लगाई और अपने युवा प्रतिद्वंद्वी से कम से कम दो फीट आगे फिनिश लाइन पार की. रिलायंस फाउंडेशन के ही प्रणव गुरव 10.29 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
गुरिंदरवीर ने एएफआई द्वारा निर्धारित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग समय 10.16 सेकंड को पार कर लिया. उनका 10.09 सेकंड का समय इस सत्र में अब तक किसी एशियाई द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज समय है, जो मई में 19 वर्षीय जापानी धावक फुकुतो कोमुरो द्वारा बनाए गए 10.08 सेकंड के बाद है. (भाषा इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- रोहित शर्मा नई दिल्ली में आयोजित पद्म श्री पुरस्कार समारोह में शामिल क्यों नहीं हुए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं