लिस्ट 'ए' क्रिकेट की पिछली पांच पारियों में ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) तीन शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं. इसके बावजूद उन्हें लगातार भारतीय टीम से नजरअंदाज किया जा रहा है. जिससे हर कोई हैरान है. गायकवाड़ भी सोच रहे होंगे की आखिर उन्हें अब क्या करना होगा जिससे उन्हें भारतीय टीम में दोबारा मौका मिल सके. 29 वर्षीय गायकवाड़ मौजूदा समय में भारतीय 'ए' टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं. जहां भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान 'ए' के बीच त्रिकोणीय वनडे सीरीज जारी है. प्रतिष्ठित सीरीज का पहला मुकाबला नौ जून को दांबुला में खेला गया. जहां एक समय पर भारतीय टीम 4.1 ओवरों में अपने दोनों ओपनरों का विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी. फिर यहां से गायकवाड़ ने क्रीज पर कदम रखा और उन्होंने ना केवल भारतीय पारी को संभाला, बल्कि 114 गेंदों में 88.59 की स्ट्राइक रेट से 101 रनों की शतकीय पारी भी खेलने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से छह चौके और तीन खूबसूरत छक्के देखने को मिले.
ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछली पांच लिस्ट 'ए' पारियों में बनाए हैं 447 रन
ऋतुराज गायकवाड़ के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पिछली पांच लिस्ट 'ए' पारियों में 447 रन बनाए हैं. इस दौरान वह एक बार 134 रन बनाकर नाबाद भी रहे हैं. गायकवाड़ की पिछली पांच लिस्ट 'ए' पारियां 124, 66, 22, 134 नाबाद और 101 रनों की हैं.
ऋतुराज गायकवाड़ का लिस्ट 'ए' करियर
ऋतुराज गायकवाड़ ने लिस्ट 'ए' क्रिकेट में खबर लिखे जाने तक कुल 100 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 96 पारियों में 59.32 की औसत से 5161 रन निकले हैं. जिसमें 21 शतक और 19 अर्धशतक शामिल है. 220 रनों की खेली गई नाबाद दोहरी शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च दोहरी शतकीय पारी है.
गायकवाड़ का वनडे करियर
गायकवाड़ देश के लिए वनडे में डेब्यू कर चुके हैं. मगर वह टीम के नियमित सदस्य नहीं हैं. खबर लिखे जाने तक वह भारत की तरफ से कुल नौ वनडे मुकाबले खेलने में कामयाब हुए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से आठ पारियों में 28.50 की औसत से 228 रन निकले हैं. जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है.
यह भी पढ़ें- शुभमन गिल की कप्तानी में सुरक्षित है भारतीय टीम का भविष्य? माइकल क्लार्क ने दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं