विज्ञापन

रोहित ने लेकर सूर्या तक, दिग्गजों ने रहाणे को सराहा, कहा- प्रतिबद्धता और पेशेवरपन हमेशा दूसरों से अलग बनाती थी

रहाणे ने 2020-2021 में कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में टीम की अगुवाई करते हुए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी.

रोहित ने लेकर सूर्या तक, दिग्गजों ने रहाणे को सराहा, कहा- प्रतिबद्धता और पेशेवरपन हमेशा दूसरों से अलग बनाती थी
अजिंक्य रहाणे

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने लंबे समय तक अपने साथी रहे अजिंक्य रहाणे के बारे में कहा कि उनकी ‘प्रतिबद्धता और पेशेवरपन' उन्हें सबसे अलग बनाती थी जबकि मौजूदा कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें एक ‘आदर्श' खिलाड़ी करार दिया. रहाणे ने 12 साल तक चले अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को गुरुवार को अलविदा कह दिया. इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने करियर में 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. रोहित ने एक्स पर लिखा, 'हमने कई वर्षों तक ड्रेसिंग रूम साझा किया है और मैं जानता हूं कि आपने जो कुछ भी हासिल किया है, उसमें कितनी मेहनत लगी है. आपकी प्रतिबद्धता और पेशेवरपन आपको हमेशा से दूसरों से अलग बनाता आया है. शानदार करियर के लिए बधाई। ढेर सारी शुभकामनाएं.'

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि रहाणे ने सबसे मुश्किल समय में राष्ट्रीय टीम की अगुवाई की. शुभमन गिल ने लिखा, 'क्या शानदार करियर था, क्या शानदार आदर्श स्थापित किए. अज्जू भाई ने भारतीय क्रिकेट के कुछ सबसे कठिन दौर में हमारा नेतृत्व किया और हमें विश्वास दिलाया कि कुछ भी संभव है. मैदान पर और मैदान के बाहर की यादों और सीख के लिए आपका आभार. अगली पारी के लिए शुभकामनाएं.'

रहाणे ने 2020-2021 में कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में टीम की अगुवाई करते हुए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी. इस दौर में भारत के मुख्य कोच रहे रवि शास्त्री ने कहा कि रहाणे ने भारत और मुंबई क्रिकेट की उत्कृष्ट सेवा की. रवि शास्त्री ने कहा, 'भारत के सबसे समर्पित क्रिकेटरों में से एक, जो मेरे कोच रहते हुए टीम के अभिन्न अंग थे और जिन्होंने मुंबई और भारतीय क्रिकेट के लिए उत्कृष्ट सेवाएं दीं. शाबाश जिंक्स (रहाणे का उपनाम).'

राष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के बाद घरेलू क्रिकेट में मुंबई की कप्तानी करने वाले रहाणे की अगुवाई में उनकी टीम ने 2023-2024 में रणजी ट्रॉफी में रिकॉर्ड 42वीं बार खिताब जीता था. ऋषभ पंत ने लिखा, 'आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करके अच्छा लगा, अज्जू भाई. हर परिस्थिति में शांत, हर भूमिका में निस्वार्थ और अनुकरणीय कप्तान. भारतीय क्रिकेट के लिए आपने जो कुछ भी किया है, उसके लिए आभार. भविष्य के लिए आपको हार्दिक शुभकामनाएं.'

रहाणे के मुंबई के साथी खिलाड़ी और भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनके शांत स्वभाव और दृढ़ता ने कई क्रिकेटरों को प्रेरित किया. सूर्यकुमार ने लिखा, 'अज्जू दा, आपके शानदार करियर के लिए बधाई. आपके साथ मैदान और ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात थी. खेल के प्रति आपके शांत स्वभाव, दृढ़ता और समर्पण ने हममें से कई लोगों को प्रेरित किया है. दूसरी पारी के लिए आपको और आपके परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं. आशा है कि यह नई पारी आपको पिछली पारी की तरह ही आनंद और सफलता दिलाएगी.'

भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा कि रहाणे इस पीढ़ी के उन बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक थे जिन्होंने देश का नेतृत्व किया. उन्होंने कहा, 'जिंक्स को उनके शानदार करियर के लिए बहुत-बहुत बधाई. इस पीढ़ी के उन बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक जिन्होंने देश का प्रतिनिधित्व सभी प्रारूपों में किया और कुछ सबसे प्रतिष्ठित मैचों में टीम का सफलतापूर्वक नेतृत्व भी किया. भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं.'

यह भी पढ़ें- World Cup 2027 का प्लान फाइनल, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के इन 12 मैदानों में खेले जाएंगे 57 मैच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Ajinkya Madhukar Rahane, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com