भारतीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में तीसरे ही ओवर में ही अपने करियर में वह उपलब्धि हासिल कर ली, जिसके आस-पास पहुंचने में भी अगली पीढ़ी के बल्लेबाजों के पसीने छूट जाएंगे. शुरुआत अजमतुल्लाह ओमारजई के खिलाफ असहज जरूर रही, जब वह शुरुआती ओवर में पुल करने की कोशिश में कलाई पर चोट खा बैठे, लेकिन कुछ मिनट शांत रहने के बाद जब फिर से रोहित का ओमारजई से सामना हुआ, तो पूर्व कप्तान ने तीसरी गेंद पर छक्का जड़ने के साथ ही बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली. और वह खेल के इतिहास में तीनों ही फॉर्मेटों में बतौर ओपनर 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले इतिहास के सातवें बल्लेबाज बन गए. मैच से पहले रोहित को उपलब्धि हासिल करने के लिए सिर्फ 6 ही रन की दरकार थी.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष 10 ओपनर
नाम देश रन
जयसूर्या श्रीलंका 19,298
गेल विंडीज 18,867
वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया 18,738
स्मिथ द. अफ्रीका 16,950
हेंस विंडीज 16,120
सहवाग भारत 16,119
रोहित भारत 16,010*
कुक इंग्लैंड 15,584
सचिन भारत 15, 335
तमीम इकबाल बांग्लादेश 15, 249
तोड़ दिया 37 साल पुराना रिकॉर्ड भी
धर्मशाला में मैच का हिस्सा बनने के साथ ही रोहित सबसे ज्यादा उम्रदराज भारतीय वनडे खिलाड़ी भी बन गए. शनिवार को रोहित ने 39 साल और 44 दिन की उम्र में वनडे मैच खेला. उनसे पहले ज्यादा उम्र में मैच खेलने वाले खिलाड़ी मोहिंदर अमरनाथ रहे हैं. मोहिंदर अमरनाथ 1983 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' रहे थे. जब उन्होंने 30 अक्टूबर 1989 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्ट इंडीज के ख़िलाफ़ भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच खेला था, तो उनकी उम्र उम्र 39 साल और 36 दिन थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं