Rishabh Pant on Lose vs MI, IPL 2026: लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां मुंबई इंडियन्स के खिलाफ छह विकेट की शिकस्त के बाद स्वीकार किया कि उनकी टीम को अधिक रन बनाने चाहिए थे. सुपर जाइंट्स के 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियन्स ने चोट के बाद वापसी कर रहे रोहित शर्मा (84 रन, 44 गेंद, छह चौके, सात छक्के) और रेयान रिकेल्टन (83 रन, 32 गेंद, छह चौके, आठ छक्के) के बीच पहले विकेट की 143 रन की तूफानी साझेदारी की बदौलत आठ गेंद शेष रहते चार विकेट पर 229 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की.
निकोलस पूरन (63 रन, 21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) ने इससे पहले अर्धशतक जड़ने के अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (44 रन, 25 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े जिससे सुपर जाइंट्स ने पांच विकेट पर 228 रन बनाए.
पंत ने मैच के बाद कहा, ‘‘जिस तरह से हमने शुरुआत की थी हमें निश्चित रूप से और अधिक रन बनाने चाहिए थे. उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की. वे इन परिस्थितियों के आदी हैं. निश्चित रूप से हम 10 से 15 रन पीछे रह गए.'' पंत ने कहा कि इस तरह के विकेटों पर गेंदबाजों को दोषी नहीं ठहराया जा सकता.
उन्होंने कहा, ‘‘एक समय हमारा उन पर पलड़ा भारी था. इस तरह के विकेट पर आप गेंदबाजों को दोष नहीं दे सकते. वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. हमें थोड़ी अच्छी किस्मत की जरूरत है.''
मुंबई के तरफ से रोहित ने 44 गेंदों में शानदार 84 रन बनाए और रिकेटन (32 गेंदों में 83 रन) के साथ मिलकर 143 रनों की सलामी साझेदारी की. इस साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स के 5 विकेट पर 228 रनों के स्कोर को पार कर लिया. उन्होंने 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 10 मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज करते हुए 6 अंकों तक पहुंच गए. वहीं, लखनऊ की टीम 9 मैचों में सिर्फ़ 4 अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे बनी रही.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं