विज्ञापन

ऋषभ पंत और ग्लेन फिलिप्स की मजेदार बात स्टंप माइक में कैद, सुनकर गिल भी नहीं रोक पाए हंसी

वेलिंगटन टेस्ट के दौरान ऋषभ पंत और ग्लेन फिलिप्स के बीच स्टंप माइक पर मजेदार बातचीत हुई. फिलिप्स के जवाब पर शुभमन गिल भी हंस पड़े. जानिए दोनों खिलाड़ियों के बीच क्या बात हुई.

ऋषभ पंत और ग्लेन फिलिप्स की मजेदार बात स्टंप माइक में कैद, सुनकर गिल भी नहीं रोक पाए हंसी
Rishabh Pant, Shubman Gill
NDTV

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन मैच के दौरान एक ऐसा पल भी आया जिसने खिलाड़ियों और फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स के बीच स्टंप माइक पर हुई मजेदार बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई.

मैच के अधिकांश समय भारत हावी रहा, लेकिन न्यूजीलैंड ने पांचवें दिन शानदार संघर्ष करते हुए मुकाबले को ड्रॉ करा लिया. 352 रन की बढ़त के बावजूद भारत जीत हासिल नहीं कर सका. न्यूजीलैंड ने अंतिम दिन 239/5 का स्कोर बनाया और दोनों टीमों ने 15 ओवर पहले ही ड्रॉ पर सहमति जता दी.

पंत ने ली फिलिप्स की चुटकी

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स भारतीय गेंदबाजों को लगातार परेशान कर रहे थे. इसी दौरान स्टंप माइक पर ऋषभ पंत की आवाज सुनाई दी. पंत ने फिलिप्स से कहा, 'मुझे ऐसा नहीं लग रहा कि मैं 2026 में क्रिकेट खेल रहा हूं. तुम लोगों के खिलाफ खेलकर लगता है जैसे मैं 1990 के दशक की क्रिकेट खेल रहा हूं.'

इस पर फिलिप्स ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया, 'अगर तुम गेंदबाजी करने आ जाओ तो मैं जरूर 2026 वाली क्रिकेट खेलूंगा.' पंत भी कहां पीछे रहने वाले थे. उन्होंने तुरंत कहा, 'ठीक है, फिर तुम मेरी जगह विकेटकीपिंग कर लो, मैं गेंदबाजी करने चला जाता हूं.'

फिलिप्स ने हंसते हुए जवाब दिया, 'मजे करना तुम्हें अच्छी तरह आता है.' दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई इस हल्की-फुल्की बातचीत को सुनकर भारतीय कप्तान शुभमन गिल भी हंसी नहीं रोक पाए. टेस्ट मैच के तनावपूर्ण माहौल के बीच यह पल फैंस के लिए किसी मनोरंजन से कम नहीं था.

मिचेल और फिलिप्स ने बचाया मैच

भारत को अंतिम सत्र में जीत के लिए पांच विकेट की जरूरत थी, लेकिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. डैरिल मिचेल ने 186 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 126 गेंदों पर नाबाद 26 रन की पारी खेली. दोनों ने छठे विकेट के लिए 63 रन की अटूट साझेदारी की और भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.

ड्रॉ पर क्या बोले शुभमन गिल?

मैच खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि टीम ने ड्रॉ स्वीकार करने का फैसला तेज गेंदबाजों के वर्कलोड और अगले टेस्ट से पहले कम समय को ध्यान में रखकर लिया. उन्होंने कहा कि, 'अगर विकेट में थोड़ा और कुछ होता तो शायद हम कोशिश जारी रखते, लेकिन तेज गेंदबाज थक चुके थे. सभी ने मैच में लगभग 50-50 ओवर गेंदबाजी की थी.'

उन्होंने आगे कहा, 'अगला मैच सिर्फ तीन दिन बाद है और हमें यात्रा भी करनी है. इसलिए हम अपने गेंदबाजों को तरोताजा रखना चाहते थे. हमें नहीं लगा कि अतिरिक्त 5-10 ओवर से बहुत ज्यादा फर्क पड़ता.' अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हैग्ले ओवल में खेला जाएगा.

यह भी पढ़ें-  'मेरी चुप्पी को कमजोरी न समझें,' पृथ्वी शॉ ने बिना नाम लिए योगराज सिंह को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com