विज्ञापन

RCB vs GT: 213 का स्ट्राइक रेट, बेखौफ अंदाज, नंबर-4 के लिए नए धुरंधर का दावा, सूर्यकुमार यादव के फैंस में पैदा हुई सिरहन

Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans: इस सीजन में आरसीबी की 'वॉक एंड टॉक' एक अलग ही स्तर ही है. और इस एप्रोच को धारण किया है उस रजत पाटीदार ने जिसने अपने तेवरों से पूरी टीम की मनोदशा को बदल दिया है

RCB vs GT: 213 का स्ट्राइक रेट, बेखौफ अंदाज, नंबर-4 के लिए नए धुरंधर का दावा, सूर्यकुमार यादव के फैंस में पैदा हुई सिरहन
Indian Premier League 2026: रजत पाटीदार 'धुरंधर' बनकर आगे रहकर नेतृत्व कर रहे हैं
X: social media

वर्तमान चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और उसके खिलाड़ियों का खेलने का अंदाज बहुत कुछ कह रहा है. एकदम बेखौफ, एकदम बिंदास! यही वजह है कि RCB प्वाइंट्स टेबल में 7 में से 5 मैच जीतकर दूसरी पायदान पर है. और इस एप्रोच को सीने पर किसी बिल्ले की तरह  चिपकाए कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) 'धुरंधर' अंदाज में मैच दर मैच एक से बड़े एक बम फोड़ते हुए 'तूफान' को चीरते हुए आगे बढ़ रहे हैं. कप्तान की इसी एप्रोच को मानो पूरी टीम ने अपनी मनोदशा और शरीर के पोर-पोर में समाहित कर लिया है. और रजत पाटीदार की इस प्रचंड एप्रोच के साथ नंबर-4 के लिए टीम इंडिया का दरवाजा ऐसे अंदाज में खटखटाया है कि सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के चाहने वालों में सिरहन सी दौड़ गई है. 

नंबर-4, बहुत ही गजब धार!

इस सीजन में रजत पाटीदार ने 'धुरंधर लुक' बैटिंग शैली को भी प्रदान किया है. यह बताता है कि मेगा इवेंट से पहले उन्होंने अपनी बैटिंग पर कितना काम किया. और इसका एक बड़ा प्रमाण है उनका स्ट्राइक-रेट. निश्चित तौर पर नंबर-4 पर आकर 212.96 का स्ट्राइक-रेट निकालना कोई छोटी बात नहीं है. और इस काम के लिए 6 मैचों का सैंपल साइज भी छोटा नहीं है. पाटीदार फिलहाल आईपीएल में शीर्ष दस बल्लेबाजों में अकेले ऐसे नंबर-4 विशेषज्ञ या इस क्रम पर खेल रहे बल्लेबाज हैं, जिनका स्ट्राइक-रेट इस क्रम पर सबसे ज्यादा है. 

छक्कों का कोई ओर-छोर पर नहीं

वास्तव में पाटीदार की इस सीजन में रेंज ऐसी हो चली है कि मैदान का कोई इलाका उनकी जद से बाहर नहीं है. फिर वह चाहे कवर के ऊपर का इलाका हो, प्वाइंट के ऊपर या थर्डमैन का. ये जोन छक्के जड़ने के लिए सबसे मुश्किल इलाका माना जाता है, लेकिन जिस सहजता से पाटीदार गेंद को सीमा के  पार पहुंचा रहे है, वह आंखों को बहुत ही भा रहा है, जो शुरुआती दिनों के धोनी की याद दिला रहा है. पाटीदार की रेंज ही नहीं, बल्कि छक्कों की संख्या (22) भी बताने के लिए काफी है कि नंबर-4 पर उनकी धुरंधर शैली अगरकर एंड कंपनी की नजर में निश्चित तौर पर आ चुकी है

सूर्यकुमार यादव के चाहने वाले परेशान

इन दिनों सूर्यकुमार यादव के चाहने वाले तीन वजहों से परेशान हैं. इनमें सबसे ऊपर है यादव की खुद की फॉर्म ने, तो आगे और पीछे से क्रमश: श्रेयस अय्यर और अब रजत पाटीदार ने घेर लिया है.  यादव की लगातार नाकामी और अय्यर की परफॉरमेंस धीरे-धीरे उन्हें टीम इंडिया के अगले टी20 कप्तान पद की ओर लेकर जा रही है तो रजत पाटीदार नंबर-4 पर रिजर्व बल्लेबाज के रूप में यादव के सिर पर सवार होते दिख रहे हैं. इसी बात से सूर्यकुमार यादव के चाहने वालों में सिरहन पैदा हो गई है कि उनके हीरो का अब क्या होगा. जहां नंबर-4 पर रजत पाटीदार का स्ट्राइक-रेट करीब 213 है, तो वहीं सूर्यकुमार टूर्नामेंट की करीब आधी यात्रा के बाद खराब फॉर्म के साथ 142.72 का ही स्ट्राइक-रेट निकाल सके हैं. और यह वह पहलू है, जिस सेलेक्टर सहित सभी देख रहे है. अभी यहां से 6-7 मैच और बाकी हैं और  अगर रजत पाटीदार का यही धुरंधर अंदाज जारी रहा, तो अगरकर एंड कंपनी के लिए उन्हें भारतीय टीम से दूर रखना बहुत ही ज्यादा मुश्किल होगा.

यह भी पढ़ें:  पिता सचिन तेंदुलकर का 53वां जन्मदिन, लेकिन अर्जुन तेंदुलकर ने केक खाने से जोड़ लिए हाथ, जानें क्यों

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com