विज्ञापन

RCB vs DC WPL 2026 Final Highlights: रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु ने दिल्ली को हराकर दूसरी बार जीता खिताब

RCB vs DC WPL 2026 Final Highlights: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में 6 विकेट से हराकर दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया.

RCB vs DC WPL 2026 Final Highlights: रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु ने दिल्ली को हराकर दूसरी बार जीता खिताब
RCB vs DC WPL 2026 Final Highlights:

RCB vs DC WPL 2026 Final Highlights: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया. खिताबी मुकाबले में बेंगलुरु को दिल्ली से जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम बेंगलुरू ने स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल की रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर आखिरी ओवर में हासिल किया. स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी हुई. बेंगलुरु को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे और टीम ने 2 गेंद रहते इसे हासिल किया. (Scorecard)

दिल्ली से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उन्होंने 9 के स्कोर पर ग्रेस हैरिस (9) का विकेट खो दिया था. यहां से कप्तान स्मृति मंधाना ने जॉर्जिया वोल के साथ दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रन जोड़कर मैच आरसीबी की पकड़ में ला दिया. 

174 के स्कोर पर टीम को जॉर्जिया वोल के रूप में दूसरा झटका लगा. जॉर्जिया 54 गेंदों में 14 चौकों के साथ 79 रन बनाकर आउट हुईं. अगले दो ओवरों में टीम ने ऋचा घोष (6) और कप्तान मंधाना का विकेट गंवा दिया. मंधाना 41 गेंदों में 3 छक्कों और 12 चौकों के साथ 87 रन बनाकर आउट हुईं.

यहां से मुकाबला रोमांचक बन गया था, लेकिन राधा यादव ने 5 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई. कैपिटल्स की तरफ से चिनले हेनरी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि नंदिनी शर्मा और मिन्नु मणि ने 1-1 विकेट अपने नाम किया. इसके जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली.

इससे पहले, वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दिल्ली कैपिटल्स से मिले 204 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही है. बेंगलुरु अपने दूसरे खिताब की ओर है. स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल ने दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की है. यह लीग के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. कप्तान स्मृति मंंधाना अपने  शतक के करीब हैं. 

इससे पहले, दिल्ली कैपिटल्स ने खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को जीत के लिए 204 रन का टारगेट दिया है. कैपिटल्स को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिगेज और चिनले हेनरी की तिकड़ी का अहम योगदान रहा. गुरुवार को फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने दिल्ली कैपिटल्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. इसके जवाब में कैपिटल्स ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 203 रन बनाए.

इस टीम को शेफाली और लिजेल ली की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 5.5 ओवरों में 49 रन जुटाए. शेफाली 13 गेंदों में 3 चौकों के साथ 20 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद ली ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 रन जोड़े. लिजेल ली ने टीम के खाते में 37 रन का योगदान दिया. उनकी इस पारी में 3 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे. इसके बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया.

जेमिमा 37 गेंदों में 8 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद वोल्वार्ड्ट ने चिनले हेनरी के साथ 54 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया. वोल्वार्ड्ट ने 5 बाउंड्री के साथ 44 रन बनाए, जबकि हैनरी ने 15 गेंदों में 35 रन की नाबाद पारी खेली. आरसीबी की तरफ से सयाली सतघरे, अरुंधति रेड्डी और नादिन डी क्लार्क ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थीं दोनों टीमें

दिल्ली कैपिटल्स महिला (प्लेइंग इलेवन): लिजेल ली (विकेटकीपर), शैफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमाह रोड्रिग्स (कप्तान), मारिज़ैन कप्प, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला (प्लेइंग इलेवन): ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष (डब्ल्यू), राधा यादव, नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल, लॉरेन बेल


NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com