विज्ञापन

'मुझे पेस से डर नहीं लगता', आर्चर की धुनाई करने के बाद पाकिस्तान के नए हीरो ने अपने बयान से लूट ली महफिल

बर्मिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में विस्फोटक बल्लेबाजी करने के बाद रजाउल्लाह ने कहा कि उन्हें पेस से डर नहीं लग रहा था.

'मुझे पेस से डर नहीं लगता', आर्चर की धुनाई करने के बाद पाकिस्तान के नए हीरो ने अपने बयान से लूट ली महफिल
रजाउल्लाह

इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से आलोचना का शिकार बनी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी राहत लेकर आई. पाकिस्तान की दूसरी पारी का मुख्य आकर्षण रजाउल्लाह रहे जिन्होंने लंबे-लंबे छक्के लगाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. पाकिस्तान के लिए अपना पहला टेस्ट खेल रहे रजाउल्लाह नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 63 गेंदों पर 9 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 81 रन की विस्फोटक पारी खेली. रजाउल्लाह की इस पारी ने पूरी सीरीज के दौरान निराशा के दौर से गुजर रही पाकिस्तान टीम और उसके फैंस को रोमांचित कर दिया.

रजाउल्लाह इंग्लैंड के उन तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेरहम नजर आए, जिन्होंने पूरी सीरीज में पाकिस्तान के बल्लेबाजों को हताशा में रखते हुए रन बनाने से रोके रखा. रजाउल्लाह ने नौवें विकेट के लिए मोहम्मद अब्बास के साथ 121 रन की अहम साझेदारी करते हुए सीरीज में पहली बार पाकिस्तान के स्कोर 400 के पार पहुंचाया. पाकिस्तान की दूसरी पारी 449 रन पर सिमटी. तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजाउल्लाह मुस्कुराते हुए नजर आए. 

उन्होंने कहा, 'मुझे स्टैंडिंग ओवेशन में मजा आया. मुझे जिंदगी का मजा लेना पसंद है और मैं उस पल का मजा ले रहा था. मैं सोच-समझकर खेल रहा था, लेकिन वे सभी रेंज में लग रही थीं. मैं इसे जितना हो सके उतना डीप ले जाना चाहता था. मुझे पेस से डर नहीं लग रहा था. मैं आर्चर की उन गेंदों को सजा देना चाहता था जो हार्ड लेंथ पर आती थीं. जब आप अपने देश के लिए खेल रहे हों तो डरने की कोई बात नहीं है. मैं बस एन्जॉय कर रहा था.'

रजाउल्लाह ने कहा, 'बल्ले से जब गेंद का संपर्क हो रहा था, तो वह देखने लायक थी. कई बार मैंने गेंद मिस भी किया, लेकिन आप इतनी हाई-रिस्क पारी में इसकी उम्मीद कर सकते हैं. बहुत कम शॉट ऐसे थे जो बल्ले के बीच नहीं आए.'

युवा खिलाड़ी ने कहा, 'मेरी पसंदीदा गेंद शॉर्ट बॉल है. मुझे बस खुद पर भरोसा था. मुझे लगा कि अगर मैं 50 गेंदें खेलूंगा, तो मुझे सकारात्मक परिणाम मिलेगा, शुक्र है कि ऐसा हुआ.'

यह भी पढ़ें- श्रीसंत के घर पसरा मातम, पिता के निधन से शोक में डूबा पूरा परिवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Razaullah, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com