Ravichandran Ashwin on Sanju Samson Batting in IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में संजू सैमसन ने जिस तरह की बल्लेबाजी की, उसने न केवल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को जीत दिलाई, बल्कि टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को भी अपना मुरीद बना लिया है. अश्विन का मानना है कि संजू सैमसन अब एक 'क्लच प्लेयर' (दबाव में मैच जिताने वाला खिलाड़ी) में तब्दील हो चुके हैं. अश्विन ने संजू के बदलते खेल पर खुलकर बात की और बताया कि कैसे पिछले 18 महीनों में इस बल्लेबाज ने खुद को पूरी तरह बदल लिया है.
रवि अश्विन ने संजू की तारीफ करते हुए कहा कि यह आईपीएल सीजन सैमसन के करियर का अब तक का सबसे शानदार सीजन साबित हो सकता है. अश्विन के मुताबिक, "संजू ऐसे खिलाड़ी नहीं रहे हैं जो हर साल 500 रन बनाते हों, शायद उन्होंने ऐसा एक या दो बार ही किया है लेकिन इस बार उनके बल्ले की गूंज बता रही है कि वह इस आंकड़े को आसानी से पार कर लेंगे. सबसे बड़ी बात यह है कि संजू अब दबाव में बिखरते नहीं, बल्कि निखरते हैं. पहले उनके खेल में शायद वो निरंतरता नहीं थी, लेकिन पिछले डेढ़ साल में उन्होंने जो संयम और आत्मविश्वास दिखाया है, वह काबिले तारीफ है.
"मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स के 156 रनों के जवाब में जब चेन्नई ने अपने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए थे, तब संजू ने ही मोर्चा संभाला. उन्होंने महज 52 गेंदों में 6 छक्कों और 7 चौकों की मदद से नाबाद 87 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी की बदौलत सीएसके ने 17.3 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया. अश्विन ने चेतावनी भरे अंदाज में यह भी कहा कि अगर सीएसके प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाती है, तो विरोधी टीमों के लिए संजू सबसे बड़ा खतरा होंगे, क्योंकि वह अब खेल के हर पहलू पर पूरा नियंत्रण रखते हैं और बेहद शांत नजर आते हैं.
इस सीजन में संजू सैमसन का बल्ला जमकर बोल रहा है और वह पहले ही दो शतक जड़ चुके हैं. दिल्ली के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद संजू ने यह साबित कर दिया है कि वह न केवल रन बना रहे हैं, बल्कि टीम की जीत की गारंटी भी बन गए हैं. अश्विन के शब्दों में कहें तो संजू अब "आत्मविश्वास से लबरेज" हैं और उनका यह नया अवतार क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक विजुअल ट्रीट की तरह है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं