भारत ने मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का अंतिम मुकाबला 17 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा. मैच के बाद NDTV से एक्सक्लूसिव बातचीत में अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया.
राशिद खान ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी एक शानदार खिलाड़ी हैं और उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आता है. उन्होंने कहा, "वैभव का पावर वर्ल्ड क्रिकेट में अलग है. उनके पास खास प्रतिभा है, लेकिन सभी खिलाड़ियों की तरह उन्हें भी लगातार अपने खेल पर काम करते रहना होगा."
राशिद ने आगे कहा कि रेड बॉल क्रिकेट में सफल होने के लिए वैभव को कड़ी मेहनत करनी होगी. उनके मुताबिक, "हर खिलाड़ी रेड बॉल क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है. वैभव अगर मेहनत जारी रखते हैं तो इस फॉर्मेट में भी काफी अच्छा कर सकते हैं."
इस दौरान राशिद खान ने आगामी एशियन गेम्स को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि भारत के पास एशियाड में अच्छा मौका है, लेकिन जापान की परिस्थितियां टूर्नामेंट में बड़ा रोल निभाएंगी.
राशिद ने कहा, "जापान में पिच और माहौल जीत के लिए बड़ा फैक्टर होंगे. वही टीम सफल होगी जो वहां की परिस्थितियों के अनुसार खुद को सबसे बेहतर तरीके से ढाल पाएगी."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं