- रणजी ट्रॉफी 2019-20, फाइनल: चौथे दिन बंगाल संभली
- साहा और सुदीप चटर्जी ने चौथे विकेट के लिए की 104 रनों की साझेदारी
- बंगाल 6 विकेट पर 354 रन, सौराष्ट्र से 71 रन पीछे
Ranji Trophy Final: राजकोट में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन बंगाल ने 6 विकेट पर 354 रन का स्कोर बना लिया है. बंगाल की टीम अभी भी सौराष्ट्र से 71 रन पीछे है. चौथे दिन स्टंप्स के समय बंगाल की ओर से अनुस्तुप मजूमदार 58 और अर्नब नंदी 28 रन बनाकर नाबाद हैं. आपको बता दें बंगाल की ओर से सुदीप चटर्जी 81 रन तो वहीं ऋद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) ने 64 रनों की पारी खेली. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी कर बंगाल को संकट से उबारा. साहा और चटर्जी की बल्लेबाजी बेहद ही शानदार रही, मैच के दौरान सौराष्ट्र के गेंदबाज जयदेव उनादकट दोनों की साझेदारी से इतने चिढ़ गए कि गुस्सा भी दिखाते नजर आए. हुआ ये कि बंगाल की पारी के दौरान 93वें ओवर में गेंदबाज उनादकट (Jaydev Unadkat) की गेंद पर सुदीप ने रक्षात्मक शॉट खेला जो फॉलो थ्रू में गेंदबाज के पास गई. जयदेव ने जानबूझकर गेंद को पकड़कर बल्लेबाज की ओर फेंक दिया जो सीधे स्टंप पर जा लगी. गेंद लगते ही मिडिल स्टंप टूट गई. यह अच्छा रहा कि उनादकट के थ्रो से बल्लेबाज घायल नहीं हुआ. यह घटना चौथे दिन लंच से पहले घटित हुई थी.
— AbkiBaarSoumyaSarkar (@SoumyaSarkarFan) March 12, 2020
चौथे दिन साहा और चटर्जी के अलावा अनुस्तुप मजूमदार और अर्नब नंदी ने सांतवें विकेट के लिए नाबाद 91 रनों की साझेदारी कर मैच को ड्रा के करीब पहुंचा दिया है. सौराष्ट्र की ओर से धर्मेंद्र सिंह जडेजा और प्रेरक मांकड़ ने अभी तक 2-2 विकेट लिए हैं तो वहीं चेतन सकारिया और चिराग जानी को 1- 1 विकेट मिला है. इसके अलावा सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट एक भी विकेट नहीं ले पाए. बता दें कि सौराष्ट्र की टीम ने पहली पारी में 425 रनों का स्कोर बनाया था.
JUST IN: Final Day Of #RanjiTrophy 2019-20 Will Be Played behind closed doors - Only Players, Match Officials, accredited media & state association officials will be allowed In-Stadium. #SAUvBEN #Cricket
— Rajesh Khilare (@Cricrajeshpk) March 12, 2020
बता दें कि रणजी ट्रॉफी फाइनल में पांचवें और अंतिम दिन शुक्रवार को खेल दर्शकों के बिना ही खाली स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के महाप्रबंधक सबा करीम ने कहा कि शुक्रवार को सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में दर्शकों के प्रवेश की अनुमित नहीं होगी। देशभर में फैले कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। बीसीसीआई ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए अंतिम दिन स्टेडियम में दर्शको के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
वीडियो: आईपीएल के पहले मैच की टिकट बिक्री पर रोक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं