विज्ञापन

'198 रन काफी नहीं थे,' बांग्लादेश से शर्मनाक हार के बाद कप्तान कमिंस का बड़ा कबूलनामा

रविवार को डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हरा दिया. यह ऑस्ट्रेलियाई धरती पर बांग्लादेश की पहली ऐतिहासिक टेस्ट जीत थी.

'198 रन काफी नहीं थे,' बांग्लादेश से शर्मनाक हार के बाद कप्तान कमिंस का बड़ा कबूलनामा

ऑस्ट्रेलिया को अपनी ही जमीन पर बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की. पूरे मैच में बांग्लादेश का दबदबा रहा और ऑस्ट्रेलिया की मजबूत मानी जाने वाली बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों बेअसर नजर आईं. मैच के बाद कप्तान पैट कमिंस ने हार पर खुलकर बात की और माना कि उनकी टीम को बांग्लादेश ने हर विभाग में पछाड़ दिया.

हार की शुरुआत कहां से हुई, इस सवाल पर कमिंस ने कहा कि उन्हें लगता है कि टीम पहले ही दिन से पिछड़ गई थी. उन्होंने अपनी तैयारी को लेकर कोई शिकायत नहीं की और कहा कि टीम की तैयारी काफी अच्छी थी.

कप्तान ने बल्लेबाजों को ठहराया जिम्मेदार

मैच के बाद कमिंस ने कहा, 'मुझे लगता है कि इसकी शुरुआत पहले दिन से हुई. हमारी तैयारी बिल्कुल सही थी और काफी अच्छी थी, इसलिए कोई बहाना नहीं है. उन्होंने वास्तव में बहुत अच्छा खेला.' ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने माना कि पहले दिन विकेट में थोड़ी मदद थी, लेकिन उनकी टीम को उसका बेहतर फायदा उठाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों को ज्यादा देर तक टिककर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी.

उन्होंने कहा, 'पहले दिन विकेट पर शुरुआत में थोड़ी मदद थी, लेकिन हमें किसी तरह उससे ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करने का रास्ता निकालना चाहिए था. गेंद के साथ भी हम उन्हें दबाव में नहीं ला सके.'

'अगले मैच के लिए टीम में बदलाव पर सोचेंगे'

ऑस्ट्रेलिया के कई बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. इस पर कमिंस ने कहा कि हर मैच के बाद टीम कॉम्बिनेशन और खिलाड़ियों के मैच-अप पर विचार किया जाता है. उन्होंने कहा, 'जब भी इस तरह का मैच होता है, तो आप अगले मैच के लिए अपने मैच-अप और टीम के कॉम्बिनेशन को देखते हैं. हम अभी-अभी मैच खत्म करके आए हैं, इसलिए इस पर सोचेंगे.'

हालांकि, कमिंस को भरोसा है कि उनकी टीम इस हार से वापसी कर सकती है. उन्होंने कहा, 'हम वापसी करने में काफी अच्छे हैं. इसमें कोई शक नहीं कि बल्लेबाज और हर विभाग के खिलाड़ी इस मैच के बारे में सोचेंगे और देखेंगे कि हम कहां सुधार कर सकते हैं.'

'बांग्लादेश ने हमें हर विभाग में पछाड़ दिया'

बांग्लादेश के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कमिंस ने माना कि मेहमान टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हर क्षेत्र में मात दी. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के खिलाड़ी बेहद धैर्य और अनुशासन के साथ खेले. कमिंस ने कहा, 'उन्होंने अच्छा खेला. मुझे लगता है कि उन्होंने वास्तव में हमें हर विभाग में आउटप्ले किया. वे काफी धैर्यवान और अनुशासित थे. एक बार जब हम पीछे हो गए तो वापसी करना बहुत मुश्किल था.'

हेजलवुड के 300 विकेट और ग्रीन के शतक पर भी बोले

कमिंस ने मैच में जोश हेजलवुड के 300 टेस्ट विकेट पूरे करने और कैमरन ग्रीन के शतक की भी तारीफ की. उन्होंने हेजलवुड की फिटनेस से जुड़ी परेशानियों के बावजूद उनके शानदार प्रदर्शन को सराहा. उन्होंने कहा, 'जोश के लिए यह शानदार था. पिछले कुछ वर्षों में वह चोटों से काफी परेशान रहा है, लेकिन वह सबसे ज्यादा मेहनत करने वाले खिलाड़ियों में से एक है और उसने अपनी क्लास दिखाई.'

कमिंस ने आगे कहा कि पिच पर बहुत ज्यादा सीम मूवमेंट नहीं था, फिर भी हेजलवुड ने छह महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. कैमरन ग्रीन की पारी पर कमिंस ने कहा कि उनकी बल्लेबाजी की गति ने दिखाया कि वह कितने बेहतरीन खिलाड़ी हैं. हालांकि, उन्हें अफसोस रहा कि दूसरे छोर से ग्रीन को पर्याप्त साथ नहीं मिला.

बांग्लादेश ने कैसे रचा इतिहास?

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में सिर्फ 198 रन बनाए थे, जिसके जवाब में बांग्लादेश ने तंजिद हसन के शतक की मदद से 426 रन बनाए. बांग्लादेश ने 138 ओवर तक बल्लेबाजी की और डार्विन की गर्मी और उमस में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को लंबे समय तक मैदान पर रखा. दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी की उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए दबाव बनाए रखा. कैमरन ग्रीन ने 104 रन की पारी खेलकर अपना तीसरा टेस्ट शतक पूरा किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला.

मेहदी हसन मिराज ने 5 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की पारी को 284 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. इसके बाद बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ 57 रन चाहिए थे, जिसे उसने एक विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया. यह जीत बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर पहली टेस्ट जीत रही और ऑस्ट्रेलिया के लिए यह हार इसलिए भी शर्मनाक रही क्योंकि वह अपनी सबसे मजबूत उपलब्ध टीम के साथ मैदान पर उतरा था.

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया में बांग्लादेश की ऐतिहासिक जीत, कंगारुओं को 9 विकेट से हराकर रचा इतिहास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sri Lanka, India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com