विज्ञापन

वर्ल्ड क्रिकेट में फिर शर्मसार हुआ पाकिस्तान, डोपिंग में फंसा ऑलराउंडर, सैंपल में मिला प्रतिबंधित पदार्थ

पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज पर आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन करने के मामले में तीन महीने का बैन लगा दिया गया.

वर्ल्ड क्रिकेट में फिर शर्मसार हुआ पाकिस्तान, डोपिंग में फंसा ऑलराउंडर, सैंपल में मिला प्रतिबंधित पदार्थ
पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज
IANS

पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज को बड़ा झटका लगा है. नवाज को आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन करने के मामले में तीन महीने की अयोग्यता स्वीकार करनी पड़ी है. हालांकि, यदि वह निर्धारित 'सब्सटेंस ऑफ अब्यूज ट्रीटमेंट प्रोग्राम' सफलतापूर्वक पूरा कर लेते हैं, तो उनकी सजा एक महीने तक कम हो सकती है.

32 वर्षीय नवाज का डोप टेस्ट 7 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप मैच के बाद लिया गया था. जांच में उनके सैंपल में कार्बोक्सी-टीएचसी नामक प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया, जिसे आईसीसी एंटी-डोपिंग नियमों के तहत 'सब्सटेंस ऑफ अब्यूज' की श्रेणी में रखा गया है.

क्रिकेटर ने स्वीकार किया निलंबन

मोहम्मद नवाज ने आरोप स्वीकार करते हुए बताया कि संबंधित पदार्थ का सेवन प्रतियोगिता के बाहर किया गया था और इसका उद्देश्य खेल प्रदर्शन में किसी प्रकार का लाभ हासिल करना नहीं था. आईसीसी ने इस स्पष्टीकरण को स्वीकार करते हुए उन्हें तीन महीने की अयोग्यता की सजा सुनाई, जिसे 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया है. इसी दिन से उन्होंने स्वैच्छिक अस्थायी निलंबन स्वीकार कर लिया था.

करीब ढाई महीने का निलंबन पूरा

आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि नवाज पहले ही करीब ढाई महीने का निलंबन पूरा कर चुके हैं. आरोप स्वीकार करने और उपचार कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति देने के बाद उनका अस्थायी निलंबन हटा लिया गया है. यदि वह उपचार कार्यक्रम आईसीसी की संतुष्टि के अनुसार पूरा कर लेते हैं, तो उन्हें शेष अयोग्यता अवधि पूरी नहीं करनी पड़ेगी.

डोपिंग नियमों के तहत आईसीसी ने 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले और उसके बाद 1 मई 2026 तक खेले गए सभी मैचों में मोहम्मद नवाज के व्यक्तिगत रिकॉर्ड और परिणामों को भी अमान्य घोषित कर दिया है. यह फैसला आईसीसी की एंटी-डोपिंग नीति के अनुरूप लिया गया है. नवाज पाकिस्तान की तरफ से 6 टेस्ट, 44 वनडे और 98 टी20 खेल चुके हैं. टेस्ट में 144 रन और 16 विकेट, वनडे में 538 रन और 49 विकेट, और टी20 में 911 रन और 101 विकेट उनके नाम दर्ज है.

अब तक कितने पाकिस्तानी झेल चुके हैं बैन?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग के मामलों में अब तक कुल 8 पाकिस्तानी क्रिकेटर बैन झेल चुके हैं. इन खिलाड़ियों में सलीम मलिक, अता-उर-रहमान, मोहम्मद आसिफ, सलमान बट मोहम्मद आमिर, शर्जील खान , खालिद लतीफ, उमर अकमल शामिल हैं.

ये भी पढ़ें-  रोहित शर्मा को भारी पड़ी गौतम गंभीर और अजीत अगरकर से दूरी? रिपोर्ट में चौंकाने वाला दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com