पाकिस्तानी क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ आगामी मेंस टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगी. दोनों देशों के बीच तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हाईवोल्टेज मैच खेला जाना था, लेकिन पाकिस्तानी सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दी है. पाकिस्तान सरकार के बयान में इस फैसले का कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत के खिलाफ विश्व कप मैच का बहिष्कार करेगा.
सलमान अली आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए के साथ ग्रुप-ए में शामिल है. पाकिस्तानी टीम 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने विश्व कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी, लेकिन इस मांग को आईसीसी ने नहीं स्वीकारा. इसके बाद बांग्लादेश को मेंस टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया. उसके स्थान पर ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है.
पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर कहा,"इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हिस्सा लेने की मंजूरी देती है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी."
इस हफ्ते की शुरुआत में, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी, और तभी उन्होंने घोषणा की थी कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी को लिया जाएगा. हालांकि, अंतिम फैसला एक दिन पहले ही सुना दिया गया, जिससे अब इस टूर्नामेंट में एक नई समस्या सामने आ गई है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मैच से काफी रेवेन्यू आता है.
पाकिस्तान ने मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की जर्सी लॉन्च को भी टाल दिया था. उस वक्त यह समझा गया था कि जर्सी लॉन्च का इवेंट टीम की आगामी टूर्नामेंट में भागीदारी पर फैसला आने के बाद होगा.
Pakistan Boycott India Match Live: ICC ने बुलाई बैठक, क्या होगा पाकिस्तान पर एक्शन
Pakistan Boycott India Match Live: पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद रविवार को आईसीसी की बोर्ड मीटिंग होनी है कल. यह वर्जुअल मीटिंग होगी. हालांकि, रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक आईसीसी को कोई लिखित जानकारी नहीं दी है. कल मोहसिन नकवी की प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है. अब सभी नजरें आईसीसी की मीटिंग पर हैं.
Pakistan Boycott India Match Live: क्या सेमीफाइनल से भी हटेगा?
अभी यह साफ नहीं है कि अगर भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचते हैं तो क्या पाकिस्तान सेमीफाइनल खेलेगा या नहीं. सरकार ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार, अभी तक पाकिस्तान सिर्फ 15 तारीख के मैच का बॉयकॉट कर रहा है.
Pakistan Boycott India Match Live: मोहसिन नकवी देंगे अधिक जानकारी
Pakistan Boycott India Match Live: पीसीबी के करीबी एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी जल्द ही मीडिया को और अधिक जानकारी देंगे. सूत्र ने कहा,"यह देखना दिलचस्प होगा कि पीसीबी सरकार द्वारा 15 फरवरी को भारत के साथ मैच खेलने की अनुमति न देने का क्या कारण बताती है और क्या यह सरकार का एकतरफा फैसला था या पीसीबी भी इसमें शामिल थी."
Pakistan Boycott India Match Live: फैसले के होंगे दूरगामी असर
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार के फैसले की रविवार को औपचारिक घोषणा कर दी लेकिन सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है. यह एक ऐसा कदम, जिसके दूरगामी असर पड़ने की संभावना है
सरकार के एक आधिकारिक बयान के माध्यम से दिए गए इस निर्णय को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा एक राजनीतिक विरोध माना जा रहा है. विश्व निकाय ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत से श्रीलंका में मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पहले कहा था कि वह इस फैसले के बाद टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी की समीक्षा करेगा, क्योंकि वह बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखा रहा है.
भारत-पाकिस्तान मुकाबला किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मैच माना जाता है, जिसे वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक दर्शक, प्रायोजकों की रुचि और प्रसारण राजस्व मिलता है. इस मुकाबले के बहिष्कार से आईसीसी के सामने लॉजिस्टिक और नियामकीय चुनौतियां खड़ी होने की आशंका है, क्योंकि टूर्नामेंट के कार्यक्रम, विपणन और व्यावसायिक रणनीति का बड़ा हिस्सा इसी मुकाबले के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है.
Pakistan Boycott India Match Live: भारत को मिलेंगे पूरे अंक
वॉकओवर की स्थिति में भारत को पूरे अंक मिल जाएंगे, लेकिन आईसीसी के पास पीसीबी पर वित्तीय जुर्माना लगाने का अधिकार भी बना रहेगा. पाकिस्तान सात फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा. पाकिस्तान के सभी मुकाबले कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेले जाएंगे.
Pakistan Boycott India Match Live: सरकार ने क्या कहा
पाकिस्तानी सरकार ने ट्वीट किया,"पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी, 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी."
Pakistan Boycott India Match Live: पाकिस्तान ने किया भारत के मैच का बॉयकॉट
नमस्कार स्वागत है आपका एनडीटीवी के लाइव ब्लॉग पर. पाकिस्तानी सरकार ने फैसला लिया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगा, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच का बॉयकॉट करेगा. पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप में भागीदारी को लेकर सवाल थे. बांग्लादेश से एकजुटता दिखाने को लेकर पाकिस्तान ने यह फैसला लिया है. पाकिस्तानी सरकार ने रविवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. हालांकि, सरकार ने अपने फैसले के बीच कोई कारण नहीं बताया है.