पाकिस्तानी स्टार बाबर आजम भले ही नाकाम हो रहे हों, लेकिन नई पाकिस्तानी टेस्ट टीम ने हाल ही में ध्यान खींचा है. और इसके युवा खिलाड़ियों ने भी ध्यान आकर्षित किया है. रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन बुधवार को तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा और अराफात मिन्हास ने अर्द्धशतक जड़े, तो यह टेस्ट इतिहास में सिर्फ दूसरी बार ऐसा हुआ, जब पहला टेस्ट खेल रहे युवा बल्लेबाजों ने एक ही पारी में तीन अर्द्धशतक जड़े हों. इससे पहले यह कमाल पहली बार साल 1992 में भारत के खिलाफ जिंबाब्वे के तीन बल्लेबाजों ने किया था. और टेस्ट इतिहास के 149 साल के इतिहास में ऐसा सिर्फ दूसरी बार घटित होना बताने के लिए काफी है कि यह रिकॉर्ड कैसे अपने आप में 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' केस की श्रेणी में आता है.
इस टेस्ट के जरिए पाकिस्तान ने चार युवा खिलाड़ियों को करियर के आगाज का मौका दिया है. और मैच के शुरुआती दो दिनों के भीतर इन युवाओं ने खेल पर अच्छा प्रभाव छोडा है. जहां, तीन बल्लेबाजों ने प्रभावित किया, तो शाकिब खान ने गेंद के साथ दो विकेट चटकाते हुए मैच में पाकिस्तान का नियमंत्रण बनाने में मदद की. मैच के दूसरे दिन मंगलवार को पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट पर 434 रन बनाकर घोषित की थी. और तीसरे दिन बुधवार को मेहमान टीम ने 4 विकेट पर 221 रन बना लिए थे. मतलब इस स्टेज तक पाकिस्तान का मैच पर नियंत्रण बना हुआ है.
युवा पावर का बड़ा असर
पाकिस्तान को चार सौ के पार पहुंचाने में युवा पावर का बड़ा असर रहा. अराफात मिन्हास पूरे कॉन्फिडेंट दिखाई पड़े. और उन्होंने 72 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली. अराफात ने 9 चौके और छक्का जड़ा और सऊद शकील के साथ 44 रन की साझेदारी निभाई. शकील सिर्फ 7 रन से शतक से चूक गए. वहीं, तैय्यब ने भी तेज बैटिंग करते हुए 57 रन के लिए सिर्फ 51 गेंदों का सामना किया, तो ताहा ने 51 रन के लिए 105 गेंद खेलीं. शकील ने विकेटकीपर गाजी गौरी के साथ भी अच्छी साझेदारी निभाई, जिन्होंने 48 रन की पारी खेली.
अविष्का फर्नांडो ने बनाया रिकॉर्ड
कम से कम यशस्वी जायसवाल के चाहने वाले तो इस श्रीलकाई पेसर को कभी नहीं भूलेंगे. पिछले दिनों मैदान पर सभी ने देखा था कि जायसवाल और फर्नांडो के बीच क्या हुआ था. बहरहाल, इस अविष्का ने सऊद शकील को विकेट के पीछे लपकवाकर अपने टेस्ट करियर का 100वां विकेट लिया.
(खबर जारी है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं