विज्ञापन

'वैभव को नीचा दिखाने का इरादा नहीं था', अश्विन ने 'ड्रिंक्स सर्व' वाले बयान पर दी सफाई

Ravichandran Ashwin on Vaibhav Suryavanshi: अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को टीम के लिए ड्रिंक्स सर्व वाले बयान पर अपनी सोच बताई और ये भी कहा की एक कमजोरी के आधार पर किसी खिलाड़ी के भविष्य पर सवाल उठाना सही नहीं है.

'वैभव को नीचा दिखाने का इरादा नहीं था', अश्विन ने 'ड्रिंक्स सर्व' वाले बयान पर दी सफाई
Ravichandran Ashwin on Vaibhav Suryavanshi:

Ravichandran Ashwin on Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर दिए गए अपने 'ड्रिंक्स सर्व' वाले बयान पर सफाई दी है. अश्विन ने कहा कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला गया. उनका उद्देश्य 15 वर्षीय बल्लेबाज़ का मज़ाक उड़ाना या उनका अपमान करना नहीं था, बल्कि वह सिर्फ यह कहना चाहते थे कि युवा खिलाड़ी के लिए टीम के साथ रहते हुए बेंच पर समय बिताना भी सीखने की प्रक्रिया का अहम हिस्सा होता है.

'बेंच पर बैठकर भी बहुत कुछ सीखा जा सकता है'

अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा, "मैंने पहले कहा था कि वैभव सूर्यवंशी कुछ समय बाहर बैठ सकते हैं, टीम के लिए ड्रिंक्स ले जा सकते हैं. इसका मतलब किसी का अपमान करना बिल्कुल नहीं था. मेरा कहना सिर्फ इतना था कि इस दौरान उन्हें काफी कुछ सीखने का मौका मिलेगा." उन्होंने आगे कहा कि वैभव अभी अपने करियर की शुरुआती सीढ़ियों पर हैं और उन्हें जल्दबाज़ी में लेकर कोई फैसला नहीं किया जाना चाहिए.

"उन्हें सीखने की लंबी प्रक्रिया से गुजरना है. अगर वह बाहर बैठकर मैच को करीब से देखेंगे, टीम के माहौल को समझेंगे, तो इससे उन्हें ही फायदा होगा. उन्हें टीम से बाहर करने या अंदर रखने की बहस छोड़ दीजिए. उन्हें समय दीजिए, वह आगे चलकर शानदार खिलाड़ी बनेंगे."

इंग्लैंड के खिलाफ संघर्ष, जिम्बाब्वे में शानदार वापसी

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. हालांकि उस सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर ने अपनी शॉर्ट गेंदों से उन्हें काफी परेशान किया. लेकिन इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने दमदार वापसी करते हुए दो अर्धशतक जड़ दिए और अपनी बल्लेबाज़ी से सभी को प्रभावित किया.

'हर बल्लेबाज़ की अपनी कमजोरी होती है'

अश्विन ने कहा कि किसी एक कमजोरी के आधार पर किसी खिलाड़ी के भविष्य पर सवाल उठाना सही नहीं है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "आप बताइए, शॉर्ट बॉल के खिलाफ सबसे बेहतरीन बल्लेबाज़ कौन था? रिकी पोंटिंग? क्या वह कभी शॉर्ट गेंद पर आउट नहीं हुए? बिल्कुल हुए. हर बल्लेबाज़ की अपनी ताकत और कमजोरी होती है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह बिल्कुल सामान्य बात है."

उन्होंने आगे कहा,  "अच्छे खिलाड़ी वही होते हैं जो अपनी ताकत का पूरा इस्तेमाल करते हैं और अपनी कमजोरियों पर पर्दे के पीछे लगातार मेहनत करते रहते हैं. ट्रेंट ब्रिज में वैभव ने जोफ्रा आर्चर का कितनी बार सामना किया? यह सब अनुभव का हिस्सा है. सिर्फ कुछ पारियों के आधार पर किसी खिलाड़ी के करियर का फैसला नहीं किया जा सकता."

IPL के प्रदर्शन से बढ़ीं उम्मीदें

अश्विन का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी से लोगों की उम्मीदें बहुत जल्दी बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं. उन्होंने कहा, "वह अभी बहुत छोटा बच्चा है. समस्या यह है कि हमने उसे पहले ही बड़े खिलाड़ियों की श्रेणी में रख दिया है. IPL में शानदार प्रदर्शन के बाद हर कोई चाहता है कि वह हर मैच में विराट कोहली या रोहित शर्मा की तरह लगातार रन बनाए. लेकिन क्रिकेट में ऐसा हमेशा संभव नहीं होता."

अश्विन ने आखिर में कहा कि क्रिकेट और जिंदगी, दोनों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. ऐसे में किसी युवा खिलाड़ी को समय देना और उस पर भरोसा बनाए रखना सबसे जरूरी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Vaibhav Suryavanshi, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com