Mustafizur Rahman out From IPL: बांग्लादेश में भारतीयों पर अत्याचार को लेकर उठे बवाल, कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख़ ख़ान का विवादों में आना और आख़िरकार BCCI के निर्देश पर लेफ़्ट आर्म पेसर मुस्ताफ़िज़ुर रहमान के IPL से बाहर किये जाने का फ़ैसला- ये सभी घटनाएं इतनी तेज़ी से घटी हैं कि KKR टीम को इसे लेकर संभलने का मौक़ा भी नहीं मिला होगा.
कोलकाता नाइट राइडर्स ने 16 दिसंबर को अबु धाबी में हुई नीलामी में 9 करोड़ 20 लाख रुपये की रकम देकर उन्हें बांग्लादेश का सबसे महंगा खिलाड़ी साबित किया तो उसकी एक से ज़्यादा क्रिकेट वाली वजहें रहीं. 16 दिसंबर के ऑक्शन में मुस्ताफ़िज़ुर को लेकर तीन-चार टीमों के बीच चली रेस में चेन्नई से बाज़ी मारते हुए कोलकाता की टीम ने मुस्ताफ़िज़र के नाम पर मुहर लगाते वक्त सोचा भी नहीं होगा इसका अंजाम ये भी हो सकता है.
क्यों कमेगी मुस्ताफ़िज़ुर की कमी?
30 साल के बांग्लादेश के बांये हाथ के पेसर मुस्ताफ़िजुर रहमान टी-20 के डेथ ओवर के स्पेशलिस्ट गेंदबाज़ माने जाते हैं. 16-20 ओवर की गेंदबाज़ी में वो अक्सर क़हर ढाते नज़र आते हैं. अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में तो उनके नाम सर्वाधिक डॉट बॉल (Dot balls) डालने का रिकॉर्ड है. अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में उन्होंने 1100 से ज़्यादा डॉट गेंदें डालीं हैं.
उनकी गेंदो में वैरिएशन और कटर्स के साथ घातक होने की क्षमता है. अंतर्राष्ट्रीय टी-20 के डेथ ओवर्स में उन्होंने 8 से कम की इक़ॉनमी (7.94) के साथ 50 से ज़्यादा विकेट झटके हैं.
मुस्ताफ़िज़ुर के नाम 126 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में 7.20 की इकॉनमी के साथ 158 विकेट हैं. उनके नाम आईपीएल के 60 मैचों में 8.13 की इकॉनमी के साथ 65 विकेट हैं. कोलकाता के लिए एक घातक लेफ़्ट आर्म पेसर का होना एक विनिंग फ़ॉर्मूला है.
तीन बार IPL की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (2012, 2014 और 2024) की 2024 की जीत में लेफ़्ट आर्म पेसर मिचेल स्टार्क ने अहम रोल अदा किया था. स्टार्क ने फ़ाइनल में 3 और 14 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किये थे. इसलिए कोलकाता के लिए लेफ़्ट आर्म पेसर का होना एक विनिंग फ़ॉर्मूला और उस टीम की अहम रणनीति का हिस्सा है.
KKR की मौजूदा टीम में गेंदबाज़
कोलकाता नाइट राइडर्स टीम में आकाशदीप, हर्षित राणा, मथीसा पथिराना, कार्तिक त्यागी और उमरान मलिक जैसे पेसर्स तो हैं. लेकिन ये सभी दांये हाथ के तेज़ गेंदबाज़ हैं. ऐसे में मुस्ताफिज़ुर उनके लिए लेफ़्ट-राइट कॉम्बिनेशन का बैलेंस बनाते थे.
IPL की कई दूसरी टीमों के पास ये बैलेंस हैं. मसलन, ट्रेंट बोल्ट-राजस्थान, अर्शदीप सिंह-पंजाब और यश दयाल-बैंगलोर टीमों का हिस्सा हैं.
KKR के पास गेंदबाज़ चुनने के विकल्प
बीसीसीआई ने कहा है कि अगर केकेआर किसी विकल्प की मांग करते है तो वो उसे उसकी अनुमति दे देंगे. देखना होगा की कोलकाता का टीम मैनेजमेंट अब किस लेफ़्ट ऑर्म पेसर को अपना विकल्प बनाता है. या फिर किसी और गेंदबाज़ के लिए पैसे खर्च करना चाहता है.
दांये हाथ के पेसर्स के विकल्प
मौजूदा ऑक्शन में इंग्लैंड के दांये हाथ के पेसर गस एटकिंसन, ऑस्ट्रेलिया के दांये हाथ के पेसर झाई रिचर्डसन, दक्षिण अफ़्रीका के दांये हाथ के पेसर गेराल्ड कोएट्ज़ी जैसे नामचीन गेंदबाज़ नहीं बिके थे, UNSOLD रहे थे.
बांये हाथ के पेसर्स के विकल्प
इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के लेफ़्ट आर्म पेसर स्पेन्सर जॉनसन जिनकी बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपये थी वो भी इस नीलामी में नहीं बिके था. 30 साल के स्पेन्सर जॉनसन 8 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में 8.96 की इकॉनमी से 14 विकेट हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के फज़लाक़ फ़ारुक़ी की बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये थी. 25 साल के बांये हाथ के पेसर फज़लाक़ फारुक़ी के नाम 51 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में 6.93 की इकॉनमी के साथ 63 विकेट हैं और ये भी केकेआर के लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकेत हैं.
33 साल के इंग्लैंड के टाइमल मिल्स के नाम 16 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में 8.83 की इक़नमी के साथ 14 विकेट हैं. लेकिन घरेलू टी-20 में उन्हें 262 मैचों का अनुभव है जिसमें उन्होंने 8.35 की इक़नमी के साथ 325 विकेट लिए हैं.
कोलकाता की टीम के सामने कई विकल्प होंगे जिनपर वो मुहर लगा सकता है. कोलकाता की टीम बांये हाथ के पेसर को ही विकल्प चुनती है या इनमें से कोई एक नाम चुनती है, ये देखना दिलचस्प होगा.
बांग्लादेश हुआ पाकिस्तान की तरह OUT
अब IPL 2026 में पाकिस्तान की तरह बांग्लादेश का कोई खिलाड़ी शामिल नहीं होगा. बांग्लादेश के बाक़ी 6 खिलाड़ी रिशाद हुसैन, तस्किन अहमद, तंज़िम हसन साकिब, नाहिद राणा, शोरिफ़ुल इस्लाम और रकिबुल हसन उस बाज़ार में नहीं बिक पाये. मीडिया में ये ख़बर भी आई कि BCCI के मुताबिक बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर ऑक्शन के लिए कोई बैन नहीं था. मुमकिन है कोलकाता के फ़ैन बेस पर भी तात्कालिक असर दिखे.
यह भी पढ़ें: मुस्तफिजुर के आईपीएल निकाला से बांग्लादेश घबराया, T20 वर्ल्ड कप के लिए की बड़ी मांग
यह भी पढ़ें: IPL से मुस्ताफ़िज़ुर रहमान की छुट्टी, किस लेफ़्ट आर्म पेसर से होगी KKR की भरपाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं