मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने अपने खिलाड़ियों के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की तर्ज पर सालाना अनुबंध लागू करने का फैसला किया है. यह अनुबंध इसी साल से 2026-27 के लिए लागू होगा. MCA ने ए, बी और सी तीन कैटेगिरी में अनुबंध लागू करने का फैसला किया है. इसके तहत खिलाड़ियों को तय वेतन दिया जाएगा. इस फैसले के बाद अब मुंबई के खिलाड़ियों की बल्ले-बल्ले हो गई है. और राज्य के खिलाड़ियों को एक तरह से तीन गुना पैसा मिलेगा. यह फैसला सभी बाकी करीब 34 एसोसिएशनों के लिए एक नजीर है. और मुंबई के इस फैसले के बाद बाकी राज्य एसोसिएशनों पर भी ऐसा ही फैसला लेने का दबाव बढ़ेगा.
खिलाड़ियों को मिलेगी इतनी रकम
ग्रेड ए के तहत अनुबंधित खिलाड़ी को साल में 12-20 लाख, बी के तहत 8-12 लाख और सी ग्रेड के तहत आने वाले राज्य के खिलाड़ी को सालाना 8 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा. इसके तहत ध्यान रखा जाएगा कि कौन रणजी ट्रॉफी खेल रहा है, कौन विजय हजारे और कौन मुश्ताक अली ट्रॉफी या फिर कौन खिलाड़ी विशेष तीनों फॉर्मेटों में राज्य के लिए खेल रहा है.
पहला राज्य बना मुंबई, खिलाड़ियों के लिए यह है मानक
MCA अपने खिलाड़ियों के लिए अनुबंध लागू करने वाला पहला राज्य बन गया है. हालांकि, अनुबंध हासिल करने के लिए एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं. इसके तहत खिलाड़ी विशेष को MCA के तहत रजिस्टर्ड होना चाहिए. साथ ही, उन्हें एसोसिएशन द्वारा निर्धारित फिटनेस के न्यूनतम मानक को भी हासिल करना होगा. वहीं, खिलाड़ी विशेष तो आखिरी दो साल में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करना चाहिए. साथ ही इन दो साल में उसका आईपीएल टीम के साथ भी करार नहीं होना चाहिए. पिछले दो साल में टीम इंडिया या आईपीएल में खेले खिलाड़ी को यह अनुबंध नहीं मिलेगा.
तीन गुना हो गई खिलाड़ियों की फीस!
इससे पहले एसोसिएशन ने अपने खिलाड़ियों को BCCI से मिलने वाली मैच फीस के बराबर पैसा देने का फैसला किया था. भारतीय बोर्ड हर दिन के लिए 40,000 से 60,000 तक फीस देता है. फीस इस पर निर्भर करती है कि खिलाड़ी विशेष ने कितने मैच खेले हैं. अब MCA भी इसी आधार पर पैसा देगा. इसका मतलब है कि खिलाड़ी को बीसीसीआई से मिलने वाली मैच फीस से अलग राज्य से मिलने वाली फीस और सालना अनुबंध की रकम का पैसा भी मिलेगा.
हमने किया वादा निभाया: अध्यक्ष
एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा,'हमने वादा किया था कि एमसीए अनुबंध प्रणाली लागू करेगा. और हमने पिछली एपेक्स काउंसिल की मीटिंग में इसको अंतिम रूप प्रदान किया. इसको लेकर हमने काफी गहनता के साथ विचार किया और हमने हर क्षेत्र को कवर करने की कोशिश की है. सभी खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिलता. यह अनुबंध उन सभी खिलाड़ियों की मदद करेगा, जो सभी फॉर्मेट में मुंबई के लिए खेलते हैं. चयन समिति खिलाड़ी के नाम की सिफारिश करेगी. मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाले कई खिलाड़ी बहुत ही अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन वे आईपीएल टीम का हिस्सा नहीं हैं. इसलिए MCA ने यह सिस्टम लागू करने का फैसला किया.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं