यह ख़बर 30 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

धोनी, कोहली आईसीसी सर्वश्रेष्ठ वन-डे क्रिकेटर पुरस्कार की दौड़ में

खास बातें

  • सचिन तेंदुलकर को 'पीपुल्स च्वाइस' पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। 'वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर' और 'सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर' के पुरस्कार की दौड़ में कोई भारतीय नहीं है।
नई दिल्ली:

भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उपकप्तान विराट कोहली एलजी-आईसीसी वर्ष के सर्वश्रेष्ठ एक-दिवसीय क्रिकेटर के पुरस्कार की दौड़ में हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर को 'पीपुल्स च्वाइस' पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है।

'वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर' और 'सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर' के पुरस्कार की दौड़ में कोई भारतीय नहीं है। भारतीय टीम पिछले साल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में लगातार आठ टेस्ट हारी थी। दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, वेर्नोन फिलांडर, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क और श्रीलंका के कुमार संगकारा सर्वोच्च पुरस्कार की दौड़ में हैं।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, 32-सदस्यीय अकादमी ने मतदान कर दिया है और ये चारों खिलाड़ी वर्ष के सर्वश्रेष्ठ आईसीसी क्रिकेटर के पुरस्कार के लिए सर गैरी सोबर्स ट्रॉफी पाने की दौड़ में हैं। ये पुरस्कार 15 सितंबर को कोलंबो में दिए जाएंगे। चार क्रिकेटरों का नामांकन वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर के लिए भी किया गया है।

संगकारा, धोनी, कोहली और लसिथ मलिंगा वर्ष के सर्वश्रेष्ठ एक-दिवसीय क्रिकेटर के पुरस्कार के लिए नामांकित हैं। संगकारा, तेंदुलकर, दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस, फिलांडर और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन 'पीपुल्स च्वाइस' पुरस्कार की दौड़ में हैं। टी-20 क्रिकेटरों में श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान, वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, दक्षिण अफ्रीका के रिचर्ड लेवी और श्रीलंका के ही अजंता मेंडिस का नामांकन किया गया है।

आईसीसी वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के पुरस्कार की दौड़ में वेस्ट इंडीज की अनीसा मोहम्मद, स्टेफनी टेलर और इंग्लैंड की सारा टेलर तथा लीडिया ग्रीनवे शामिल हैं। दोनों टेलर आईसीसी सर्वश्रेष्ठ टी-20 महिला क्रिकेटर के पुरस्कार की दौड़ में भी हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की अलिसा हीली और लीजा सठालेकर भी दावेदार हैं। इस साल के आईसीसी पुरस्कारों में 11 व्यक्तिगत पुरस्कार शामिल हैं।

नामांकन सूची की घोषणा पांच-सदस्यीय आईसीसी चयन समिति ने की, जिसके अध्यक्ष वेस्ट इंडीज के पूर्व कप्तान और आईसीसी क्रिकेट समिति के मौजूदा प्रमुख क्लाइव लॉयड हैं। पैनल में श्रीलंका के मार्वन अटापट्टू, इंग्लैंड के क्लेयर कोनोर, वेस्ट इंडीज के कार्ल हूपर और ऑस्ट्रेलिया के टॉम मूडी शामिल थे। आईसीसी वर्ष के सर्वश्रेष्ठ अंपायर पुरस्कार के दावेदारों में पांच बार के विजेता साइमन टॉफेल, तीन बार के विजेता अलीम डार, न्यूजीलैंड के बिली बोडेन, श्रीलंका के कुमार धर्मसेना, इंग्लैंड के रिचर्ड केटलबोरो और ऑस्ट्रेलिया के रोडनी टकर शामिल हैं।

नामांकन सूची इस प्रकार है -

आईसीसी वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर : हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका), माइकल क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया), वेर्नोन फिलांडर (दक्षिण अफ्रीका) और कुमार संगकारा (श्रीलंका)

आईसीसी वर्ष का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर : हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका), माइकल क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया), वेर्नोन फिलांडर (दक्षिण अफ्रीका) और कुमार संगकारा (श्रीलंका)

आईसीसी वर्ष का सर्वश्रेष्ठ वन-डे क्रिकेटर : महेंद्र सिंह धोनी (भारत), विराट कोहली (भारत), लसिथ मलिंगा (श्रीलंका) और कुमार संगकारा (श्रीलंका)

आईसीसी वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला वन-डे क्रिकेटर : लीडिया ग्रीनवे (इंग्लैंड), अनीसा मोहम्मद (वेस्ट इंडीज), सारा टेलर (इंग्लैंड) और स्टेफनी टेलर (वेस्ट इंडीज)

आईसीसी वर्ष का उदीयमान क्रिकेटर : डग ब्रासवेल (न्यूजीलैंड), दिनेश चंडीमल (श्रीलंका), सुनील नारायण (वेस्ट इंडीज) और जेम्स पेटिनसन (ऑस्ट्रेलिया)

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आईसीसी वर्ष का एसोसिएट और एफीलिएट क्रिकेटर : केविन ओब्रायन (आयरलैंड), जॉर्ज डोकरेल (आयरलैंड), एड जायस (आयरलैंड), पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड) और दौलत जादरान (अफगानिस्तान)