MS Dhoni Role In Urvil Patel's Record Fifty: रविवार को चेपॉक पर उर्विल पटेल का तूफान आया. इस सुनामी में लखनऊ सुपर जायंट्स का कोई गेंदबाद टिक नहीं पाया. चेन्नई सुपर किंग्स के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने सिर्फ 13 गेंदों में फिफ्टी की, जो संयुक्त रूप से आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्द्धशतक है. उनकी पारी के दम पर चेन्नई ना सिर्फ मैच जीतने में सफल हुई, बल्कि उसने लखनऊ को प्लेऑफ से बाहर का रास्ता दिखाया. वहीं मैच के बाद उर्विल ने अपनी पारी के लिए धोनी से हुई बातचीत को क्रेडिट दिया और बताया कि आखिर कैसे 'थाला' ने उन्हें प्रेरित किया.
धोनी से बातचीत से मिला भरोसा
इस विस्फोटक दाएं हाथ के बल्लेबाज ने रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में सिर्फ 23 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली. उनकी पारी में आठ छक्के शामिल थे, जिसनें शुरुआती छह छक्के, उन्होंने पहली 8 गेंदों पर ही लगाए. उर्विल टूर्नामेंट के इतिहास में एक पारी की पहली आठ गेंदों में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन चुके हैं. उनकी पारी के दम पर चेन्नई ने अपने चेज के दौरान पावरप्ले में एक बड़ा टोटल बनाया. अपने पिछले मैचों में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहने के बाद, उर्विल ने बताया कि धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम में हुई बातचीत से, उन्हें अपने खेल में क्लैरिटी और कॉन्फिडेंस वापस पाने में मदद मिली.
IPL द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में उर्विल ने कहा,"जब मैंने माही भाई से बात की, जब मैं कुछ मैचों में जल्दी आउट हो गया था, हम ड्रेसिंग रूम में साथ बैठे थे और मैंने उनसे पूछा 'मैं जल्दी आउट हो रहा हूं, अच्छी शुरुआत को बदलने के लिए मुझे क्या करना चाहिए? उन्होंने बस एक बात कही, 'मुझे तुम्हारी स्किल पर कोई शक नहीं है, जो भी शक है वह तुम्हारे दिमाग में है इसलिए बस क्लियर रहो और सही जगह पर सही बॉल मारने की कोशिश करो."
इस युवा खिलाड़ी ने कहा कि धोनी के भरोसे ने उनका शक दूर कर दिया और उन्हें अपनी नैचुरल अटैकिंग आदत पर भरोसा करने में मदद की. उन्होंने आगे कहा, "सबसे पहले, मैं उन्हें उनकी दी गई जानकारी के लिए धन्यवाद दूंगा. मुझे अच्छा लगा और यह एक अच्छा परफॉर्मेंस था और मुझे लगता है कि वह बहुत खुश होंगे."
पहली फिफ्टी का था इंतजार
उरविल ने माना कि इस पारी का उनके लिए बहुत पर्सनल महत्व है क्योंकि उन्होंने ऐतिहासिक अंदाज में अपनी पहली आईपीएल फिफ्टी बनाई. उन्होंने कहा,"मैं आईपीएल में अपनी पहली 50 रन की पारी का इंतजार कर रहा था. और मैं इमोशनल था क्योंकि मैंने सिर्फ 13 गेंदों में 50 रन बनाए. मैं बहुत इमोशनल था, खासकर अपने पिता के लिए। मैंने वह 50 रन उन्हें डेडिकेट किया."
मेहसाणा में जन्मे इस खिलाड़ी ने बताया कि पहले के मैचों में अच्छी शुरुआत के बाद आउट होने के बावजूद, उनके पिता ने उन्हें लगातार बिना डरे खेलने के लिए हिम्मत दी. उन्होंने आगे कहा,"जब मैं 2-3 मैच खेल रहा था, तो मैं अच्छी शुरुआत देकर आउट हो रहा था. बस मेरे पिता ने कहा, 'बेटा, मुझे तुम्हारा खेलने का तरीका पसंद है. बस ऐसे ही खेलते रहो. तुम रन बनाओ या नहीं, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. बस ऐसे ही खेलो.' मैंने हमेशा अपने पिता के लिए खेला है. वह मुझसे बिना किसी चिंता के खेलने के लिए कहते थे. उन्होंने कहा, 'हमें तुमसे कुछ नहीं चाहिए, हम खुश हैं.'"
उन्होंने आगे बताया कि CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने अटैक शुरू होने से पहले बैटिंग कंडीशन को जल्दी से समझने में उनकी मदद की थी. उर्विल ने कहा,"जब मैंने यह कामयाबी हासिल की, तो रुतु (गायकवाड़) ने मुझसे कहा कि विकेट अच्छा है और बॉल अच्छी तरह से आ रही है, बस थोड़ा कम बाउंस है. फिर मैंने एक बॉल देखी, और जब मैंने पहला छक्का मारा, तो मुझे यकीन हो गया कि विकेट बहुत अच्छा है. यह अच्छी जगह से आ रही है और अगर मैं इसे अपनी रेंज में ले लेता हूं तो मैं इसे 100% हिट करने की कोशिश करूंगा. इससे मुझे बहुत मदद मिलती है."
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Playoffs Scenario: MI, LSG बाहर, तीन टीमों के 14 अंक, दो के 12...रोमांचक हो रही प्लेऑफ की जंग, ऐसा है समीकरण
यह भी पढ़ें: IPL 2026: रविचंद्रन अश्विन की मांग, 36 साल के इस दिग्गज की हो टीम इंडिया में वापसी, बरपा रहा कहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं