रणजी ट्रॉफी 2025-26 का तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच कल्याणी में खेला जा रहा है. जहां भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने अपने बेहतरीन खेल से हर किसी को दीवाना बना दिया है. यहां उन्होंने गेंद से नहीं बल्कि बल्ले से महफिल लूटी है. बंगाल की तरफ से पहली पारी में 10वें क्रम पर बल्लेबाजी करने आए शमी ने कुल 33 गेंदों का सामना किया. इस बीच देखते ही देखते 160.60 की स्ट्राइक रेट से 53 रन कूट डाले. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से सात चौके और तीन बेहतरीन छक्के देखने को मिले. मैच के दौरान उन्होंने 32 गेंदों में फिफ्टी जड़ी.
गेंदबाजी में किया निराश
शमी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपनी बेहरीन बल्लेबाजी से हर किसी को अपना दीवाना बना दिया है. मगर जिस चीज के लिए वह पूरी दुनिया में विख्यात हैं. वहां अब तक कुछ खास प्रभावी नजर नहीं आए हैं. पहली पारी में उन्होंने अपनी टीम के लिए कुल 17 ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 2.23 की इकॉनमी से 38 रन खर्च करते हुए केवल एक विकेट ही चटका पाए. यही नहीं दूसरी पारी में भी उनके हाथ तंग नजर आ रहे हैं. खबर लिखे जाने तक दूसरी पारी में उन्होंने कुल तीन ओवरों की गेंदबाजी की है. इस बीच उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी है.
MOHAMMED SHAMI SMASHED 53 (33) IN THE RANJI TROPHY QUARTERS. 🔥pic.twitter.com/UbOjC4wWsS
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) February 9, 2026
भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं शमी
मोहम्मद शमी मौजूदा समय में भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उनकी बढ़ती उम्र और इंजरी उनके वापसी में रोड़ा बन रही है. शमी का जन्म तीन सितंबर साल 1990 में उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हुआ था. मौजूदा समय में वह 35 साल और 159 दिन के हैं.
शमी का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
शमी ने देश के लिए खबर लिखे जाने तक कुल 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनको टेस्ट की 122 पारियों में 27.71 की औसत से 229, वनडे की 107 पारियों में 24.05 की औसत से 206 और टी20 की 25 पारियों में 28.18 की औसत से 27 सफलता हाथ लगी है.
यह भी पढ़ें- VIDEO: हरभजन ने हार्दिक को बताया 'देवदास' तो आशीष नेहरा बोले- वो तो रोज पारो बदलता है