विज्ञापन

'मेरी चिंता गेंदबाजी को लेकर' हरमनप्रीत एंड कंपनी को मिताली राज ने दी पावरप्ले 'वॉर्निंग'

मिताली राज ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जब भारतीय टीम एक्शन में होगी तो पावरप्ले में उसकी गेंदबाजी चिंता का विषय होगी.

'मेरी चिंता गेंदबाजी को लेकर' हरमनप्रीत एंड कंपनी को मिताली राज ने दी पावरप्ले 'वॉर्निंग'
Mithali Raj Powerplay Warning for Team India, ICC Womens T20 World Cup

पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज मिताली राज का मानना है कि भारतीय महिला टीम के गेंदबाजी विभाग में भूमिका को लेकर स्पष्टता का अभाव है जो मौजूदा आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के अहम मैच से पहले चिंता का विषय है. भारत ने पूल ए के अपने शुरुआती दो मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और नीदरलैंड को हराकर अपने टी20 विश्व कप अभियान की शानदार शुरुआत की. लेकिन हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम अब रविवार को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी, जिसके बाद उसे 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है जो उसके लिए कड़ी परीक्षा होगी. भारत 25 जून को बांग्लादेश से खेलेगा.

दाएं हाथ की ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल के टखने की चोट के कारण विश्व कप से बाहर हो गई हैं. वहीं टीम के अपेक्षाकृत कमजोर और खराब फॉर्म वाले सीम आक्रमण के कारण मिताली को लगता है कि गेंदबाजी भारत की सबसे कमजोर कड़ी है.

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप विशेषज्ञ मिताली ने 'जियोस्टार मीडिया डे' पर बात करते हुए कहा,"गेंदबाजी के पहले छह ओवर ऐसे हैं जहां मैं उम्मीद करती हूं कि जो भी गेंदबाजी कर रहा है वह हमें विकेट दिलाएगा. पिछली दो-तीन सीरीज में हम ऐसा नहीं देख पाए. भारत को काश्वी गौतम और अमनजोत कौर की कमी खल रही है, लेकिन हमारे पास जो संसाधन हैं, उनसे हमें शुरुआती कुछ ओवरों में बढ़त बनाने की जरूरत है. जब आपको शुरुआती सफलता मिलती है तो यह बल्लेबाजी करने वाली टीम पर दबाव डालता है."

उन्होंने कहा,"दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के खिलाफ आप और अधिक दबाव डालना चाहते हैं. हमारे तेज गेंदबाजों को बेहतर शुरुआत देने के लिए परिस्थितियों का अच्छी तरह फायदा उठाने और सही लाइन एवं लेंथ पर गेंद डालने की जरूरत है." 

मिताली ने कहा,"मेरी चिंता हमारी गेंदबाजी को लेकर है क्योंकि बल्लेबाजों को अपनी भूमिका पता है. लेकिन जब गेंदबाजों की बात आती है तो हमारी स्ट्राइक गेंदबाज कौन हैं, कौन हमें विकेट दिलाएगा और कौन रन गति को रोकेगा, पता होना चाहिए. गेंदबाजी विभाग में भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए."

यह भी पढ़ें:  मैच जिताऊ पारी भी नहीं आई काम, शतक ठोकने के 24 घंटे के अंदर टीम इंडिया से ड्रॉप हुए यशस्वी जायसवाल

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने धुरंधर स्टाइल में श्रीलंका से लिया बदला, लगाई 18 बाउंड्री, 324 की स्ट्राइक से कूटे रन

लेखक के बारे में
img
मोहित झा
सब एडिटर
10वीं कक्षा में पढ़ते हुए जब पहली बार एनडीटीवी के लिए क्रांति संभव को एक वीडियो रिकॉर्ड करते देखा, उसी पल यह तय हो गया था कि आगे चलकर इसी संस्थान का ह... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, South Africa Women, Cricket, Mithali Raj
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com