T20 World Cup 2024: भारत ने टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच में शनिवार को यहां बांग्लादेश को 62 रन से शिकस्त दी. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 182 रन बनाने के बाद बांग्लादेश को नौ विकेट पर 120 रन पर रोक दिया, बांग्लादेश की ओर से महमूदुल्लाह (40) और शाकिब अल हसन (28) ने छठे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी कर टीम को बुरी हार से बचाया. भारत के लिए अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने दो-दो जबकि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट चटकाये.
शानदार शुरुआत पर बैटिंग ऑर्डर को लेकर कई सवाल
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के मैच से एक दिन पहले तक न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी में नए तैयार किए गए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की भारतीय खिलाड़ियों के लिए ठीक से मुंह दिखाई भी नहीं हो पाई थी. सिर्फ कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा ही स्टेडियम का मुजाहिरा कर पाए थे. लेकिन टीम ने नई पिच का सही आकलन किया और बांग्लादेश के खिलाफ इकलौते मैच में भरपूर प्रयोग किए.
कप्तान रोहित शर्मा ने उम्मीद से अलग ओपनिंग के लिए यशस्वी जायसवाल के बजाए संजू सैमसन (6 गेंद, 1 रन) को मौका दिया जो नहीं चल पाए. विराट कोहली टीम को देर से ज्वाइन कर पाए थे, अभ्यास मैच से बाहर रहे. तीसरे नंबर पर ऋषभ पंत (3 गेंद, 53 रन, 4 चौके, 4 छक्के) उतरे और धमाकेदार अंदाज में नजर आए.

रोहित के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
ये सवाल बरकरार रहा कि आयरलैंड (5 जून) के खिलाफ और खासकर पाकिस्तान (9 जून) के खिलाफ ओपनिंग में किसे मौका मिलेगा- रोहित के साथ विराट, संजू या यशस्वी को? एक्सपर्ट्स की राय बंटी हुई है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर सरेश रैना मानते हैं कि विराट को ओपनिंग करनी चाहिए तो पूर्व भारतीय पेसर आरपी सिंह मानते हैं कि लेफ्ट-राइट कांबिनेशन के साथ रोहित के साथ यशस्वी ज्यादा बेहतर रहेंगे.
60 रन से जीता भारत, बल्ला चला और गेंद भी
अपने इकलौते वॉर्म अप मैच में बांग्लादेश को 60 रनों से धो डाला. भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने संजू सैमसन के साथ शुरुआत की. लेकिन असली धमाका ऋषभ पंत ने किया. ऋषभ पंत ने 32 गेंदों पर 53, सूर्यकुमार यादव ने 18 गेंदों पर 31 और हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों पर नाबाद 40 रन जोड़े. भारत की ओर से 8 गेंदबाजों ने गेंदबाजी की, 6 ने विकेट हासिल किए. अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट झटके. (स्कोर- भारत- 182/5; बांग्लादेश 122/9)

Photo Credit: Twitter
हार्दिक पांड्या हैं X फैक्टर
वॉर्म अप मैच में भारत की जीत का शायद सबसे सुखद पहलू है हार्दिक पांड्या (3 गेंद, नाबाद 40 रन, 2चौके, 4 छक्के ) का चलना. मैदान और मैदान के बाहर निजी जिंदगी में हार्दिक बुरे दौर से गुजर रहे हैं. लेकिन स्टार स्पोर्ट्स को दिये गए ताजा इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि मेरे लिए ये मुश्किल वक्त है. लेकिन मैं कोशिश करता हूं कि जो पहले कर रहा था वही करता रहूं, उसी प्रोसेस को करता रहूं. जिंदगी में ऊपर नीचे-होता रहता है. पहले भी ऐसा होता रहा है मेरे साथ. मैं इससे उबर जाऊंगा." हार्दिक की कमी 2023 वर्ल्ड कप में खूब खली थी. इस वर्ल्ड कप में वो अपने रंग में जम गए तो टीम इंडिया के 2007 का कारनामा दुहराने में वो टीम का Xफैक्टर जरुर बन सकते हैं.
लय में दिख रहे ऑलराउंडर्स और गेंदबाज
इस बार टीम इंडिया के पास हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल जैसे ऑलराउंडर्स हैं. सभी लय में दिख रहे हैं. बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह समेत 8 गेंदबाज आजमाए. सिर्फ रवींद्र जडेजा और कुलदीप विकेट नहीं ले सके. कहा जा रहा है कि न्यूयॉर्क की पिचों में उछाल है. ऐसे में पहले दौर के ग्रुप के मैचों में पेसर्स का रोल अहम हो सकता है.

उलटफेर कर सकता है पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही अमेरिकी टीम
पहली बार टूर्नामेंट में 20 टीमों के बीच 55 मैच होंगे. फाइनल 9 जून को है. लेकिन टूर्नामेंट के पहले मैच से ही जाहिर है कि मैच में कई उलटफेर देखने को मिल सकते हैं. कोरी एंडरसन (33 साल के न्यूजीलैंड के पूर्व बैटिंग ऑलराउंडर) के साथ इस टीम में कई धमाके हैं.
जीत से आगाज, कनाडा को 7 विकेट से दी शिकस्त
अमेरिका के डलास में मेजबान टीम की जीत के साथ ही आज से टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज हो गया. इन दोनों टीमों के बीच ही 1844 में पहला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला गया था. ग्रुप-A के पहले मैच (ग्रुप-A में इन दोनों टीमों के अलावा भारत, पाकिस्तान और आयरलैंड की टीमें भी हैं) में अमेरिका ने कनाडा को 14 गेंद रहते 7 विकेट से हरा दिया. अमेरिका की ओर से एंड्रीज गौस ने 65 और एरोन जोन्स ने 40 गेंदों पर नाबाद 94 रन बनाकर 195 का लक्ष्य 17.4 ओवर में ही हासिल कर लिया. अमेरिका ने वॉर्म अप मैच में बांग्लादेश को भी हराया था. (स्कोर- कनाडा 194/5; बांग्लादेश 197/3 (17.4 ओवर).
यह भी पढ़ें- बाबर आजम कब लेंगे संन्यास? T20 World Cup के बीच एबी डिविलियर्स के सामने खोला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं