Manav Suthar Record, IND vs SL 1st Test: भारतीय क्रिकेट टीम ने गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया. मानव सुथार की घातक गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने श्रीलंका (IND vs SL) को पांचवें दिन दूसरे सेशन में दूसरी पारी में 206 रन पर समेट कर गाले टेस्ट अपने नाम किया. जीत के साथ 2 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे हो गई है.
श्रीलंका को चौथी पारी में जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य मिला था. टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी. श्रीलंका ने अपने शुरुआती 4 विकेट मात्र 47 रन पर गंवा दिए थे. यही वह समय था, जब टीम की हार तय हो गई थी. हालांकि, कप्तान धनंजय डी सिल्वा (59) और पहली पारी के शतकवीर सोनल दिनुशा ने 84 रन की पारी खेलकर टीम की हार कुछ देर के लिए टाली, लेकिन उनका ये प्रयास काफी नहीं था. दोनों के आउट होने के साथ ही श्रीलंका की पारी 77.4 ओवर में 206 रन पर सिमट गई और 165 रन के बड़े अंतर से मैच गंवा बैठी.
युवा गेंदबाज मानव सुथार भारत के लिए दूसरी पारी के हीरो रहे. सुथार ने 23.4 ओवर में 55 रन देकर 6 विकेट लिए. इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 और सिराज-जडेजा ने 1-1 विकेट लिए.
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवदत्त पड्डिकल के 167, केएल राहुल के 82 और ध्रुव जुरेल के 51 रनों की मदद से 462 रन बनाए थे. श्रीलंका पहली पारी में सोनल दिनुशा के 100 और निरोशन डिकवेला की 80 रनों की पारी के बावजूद 284 पर सिमट गई थी और 178 रनों से पिछड़ी थी. भारत की दूसरी पारी 193 रन पर सिमट गई थी. ऋषभ पंत ने 66 रन बनाए थे. 178 रन की बढ़त के आधार पर भारत ने श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य दिया था.
75वें ओवर में मानव सुथार का कहर कुछ ऐसा रहा
1.) ओवर की पहली गेंद पर मानव सुथार ने श्रीलंका के सेट बल्लेबाज सोनल दिनुशा को अपना शिकार बनाया. दिनुशा 84 रन बनाकर खेल रहे थे और शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन आगे बढ़कर शॉट खेलने के प्रयास में गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर पैड से टकराई और लेग गली में खड़े ध्रुव जुरेल ने आसान कैच लपक लिया.
2.) दूसरी ही गेंद पर नए बल्लेबाज प्रभात जयसूर्या क्रीज पर आए, लेकिन उनका स्वागत सुथार ने विकेट से किया. जयसूर्या पहली गेंद पर ही चूक गए और गेंद टर्न होकर सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई. वह गोल्डन डक का शिकार बने और सुथार लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर हैट्रिक पर पहुंच गए.
3.) तीसरी गेंद हैट्रिक बॉल थी. पूरे मैदान में रोमांच था, लेकिन लाहिरू कुमारा ने फ्रंट फुट पर आकर सावधानी से बचाव कर लिया और हैट्रिक टाल दी.
4.) चौथी गेंद पर सुथार ने ऑफ स्टंप के बाहर लेंथ बॉल फेंकी, जिस पर कुमारा ने बैक फुट पर जाकर डिफेंस किया.
5.) पांचवीं गेंद भी कुमारा ने किसी तरह खेल दी. गेंद बाहर की ओर निकली और टर्न नहीं हुई, जिससे उनका बाहरी किनारा बाल-बाल बच गया.
6.) हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर सुथार ने फिर वार कर दिया. ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी गई गेंद पर कुमारा आगे बढ़कर ब्लॉक करना चाहते थे, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर ऋषभ पंत के दस्तानों में समा गई. इस तरह सुथार ने ओवर की अंतिम गेंद पर तीसरा विकेट झटकते हुए श्रीलंका को बड़ा झटका दिया.
(IANS इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं