विज्ञापन

'टीम इंडिया कैप को खिलाड़ी को 'कमाने' दें', गावस्कर ने की बीसीसीआई से अहम अपील

सनी गावस्कर ने हाल ही में एक अखबार के लिए लिखे कॉलम में बहुत ही अहम बात कही हैं. अब BCCI पर कितना असर होता है, यह देखने वाली बात होगी

'टीम इंडिया कैप को खिलाड़ी को 'कमाने' दें', गावस्कर ने की बीसीसीआई से अहम अपील

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर (Gavaskar on team India) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से खिलाड़ियों के लिए आराम की पैरवी करते हुए आग्रह किया है कि सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से अनुबंध खिलाड़ियों को कम से कम एक महीने का बिना  रुकावट का आराम जरूर मिले. गावस्कर का यह कमेंट भारत द्वारा आईपीएल (IPL) 2026 सीजन के समापन के ठीक बाद अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 से सूपड़ा साफ करने के बाद आया है.  गावस्कर ने द्विपक्षीय सीरीज के माध्यम से अफगानिस्तान, जिंबाब्वे और श्रीलंका जैसे विकासशील क्रिकेट देशों का समर्थन करने में BCCI द्वारा निभाई गई भूमिका को स्वीकार किया. हालांकि उन्होंने कहा कि व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों का स्वास्थ्य और फिटनेस प्राथमिकता होनी चाहिए.

'खिलाड़ियों को मिले 1 महीने का आराम'

'मिड-डे' अखबार  के लिखे कॉलम में गावस्कर ने कहा, 'यह बात सही है कि बीसीसीआई अफगानिस्तान, जिंबाब्वे और श्रीलंका जैसे देशों के लिए बड़े भाई की तरह है. और उसने हमेशा इन देशों का दौरा करके मैदान पर उन्हें आगे बढ़ने और उनकी वित्तीय स्थिति को बढ़ावा देने में मदद करने की कोशिश की है. हालांकि, हमारे क्रिकेटरों का स्वास्थ्य और फिटनेस भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और वर्ष में हमारे खिलाड़ियों के लिए स्पष्ट रूप से एक महीने का आराम होना चाहिए. भारत प्रतिभाओं से समृद्ध है और इसलिए आप खिलाड़ियों को रोटेट कर सकते हैं, लेकिन यह इंडिया कैप (भारतीय कैप) के महत्व को कम करना है.'

'इंडिया कैप की वेल्यू कम न हो'


सनी ने लिखा, 'कैप सिर्फ इसलिए नहीं दी जानी चाहिए क्योंकि एक खिलाड़ी विशेष उसे खिलाड़ी (जिसे टीम से बाहर नहीं किया जा सकता) की जगह ले रहा है, जिसे आराम दिया गया है. किसी भी खिलाड़ी को भारतीय कैप को कमाया जाना चाहिए'  पूर्व सलामी बल्लेबाज ने वर्कलोड मैनेजमेंट (कार्यभार प्रबंधन) के कारण सीनियर खिलाड़ियों को आराम देने की बढ़ती प्रथा पर भी सवाल उठाया. गावस्कर ने कहा कि भारत को जब भी संभव हो अपनी सबसे मजबूत उपलब्ध टीम उतारनी चाहिए. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के हालिया टेस्ट मैच का हवाला दिया, जहां शुभमन गिल्ल और केएल राहुल ने शतक बनाए थे.

'सर्वश्रेष्ठ टीम ही खेले'

गावस्कर ने लिखा, 'अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में शुभमन गिल्ल और केएल राहुल ने शतक बनाए, और मानव सुथार ने एक प्रभावशाली पदार्पण किया. इस मैच में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया था, लेकिन क्या वह इस टीम के खिलाफ अपने करियर रिकॉर्ड में एक पारी में पांच विकेट या मैच में दस विकेट जोड़ना पसंद नहीं करते?.' उन्होंने कहा, 'जब भारत खेल रहा हो, तब सर्वश्रेष्ठ टीम को ही खेलना चाहिए. बशर्ते कि खिलाड़ी चोटिल न हों, लेकिन वर्कलोड के कारण आराम देने की इस प्रक्रिया से जितना हो सके बचा जाना चाहिए. कैलेंडर पर एक नज़र डालिए और आप देखेंगे कि भारत हर महीने कहीं न कहीं खेल रहा है.'

गावस्कर ने स्पष्ट किया कि वह 'इंडिया ए' और अंडर-19 क्रिकेट के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर दिए जाने का समर्थन करते हैं, लेकिन उनका मानना है कि सीनियर खिलाड़ियों को खेल से उचित ब्रेक मिलना चाहिए. पूर्व कप्तान ने कहा, 'हां बिल्कुल 'ए' टीम और अंडर-19 मैच आयोजित करें ताकि युवा खिलाड़ियों को अवसर और अनुभव मिले, लेकिन कृपया हमारे विशिष्ट (एलीट) खिलाड़ियों को बख्शें और यह सुनिश्चित करें कि उन्हें एक टीम के रूप में, न कि केवल व्यक्तिगत रूप से, वर्ष में कम से कम एक महीने का ब्रेक मिले.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Board Of Control For Cricket In India, Sunil Gavaskar, Shubman Singh Gill, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com