Lalit Modi on Sanjiv Goenka vs Rishabh Pant Controversy: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत और टीम मालिक संजीव गोयनका के बीच हुई तीखी बातचीत ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. इस पूरे मामले पर अब आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. ललित मोदी ने इस घटना को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार क्रिकेट और आईपीएल की गरिमा के खिलाफ है. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर वे आज भी लीग के प्रमुख पद पर होते, तो ऐसे मामले में सख्त कदम उठाते. उनका मानना है कि फ्रेंचाइज़ी मालिकों को खिलाड़ियों और टीम के माहौल का सम्मान करना चाहिए, और अगर कोई इस सीमा को पार करता है तो उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई होनी चाहिए.

सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
यह पूरा मामला तब चर्चा में आया जब मैच के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक और कप्तान के बीच बातचीत का वीडियो वायरल हो गया. इससे पहले भी केएल राहुल के साथ गोयनका की बातचीत का एक वीडियो सुर्खियों में रह चुका है, जिसे लेकर फैंस पहले से संवेदनशील थे. इसी वजह से नए वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई और पुराने विवाद फिर से चर्चा में आ गए.
माइकल वॉन ने भी जताई आपत्ति
हालांकि गोयनका और पंत के बीच असल में क्या बात हुई, यह साफ़ नहीं है, लेकिन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा: "टूर्नामेंट का अभी तो बस एक ही मैच हुआ है... ऐसे बर्ताव की कोई ज़रूरत नहीं थी."
1 game into the Tournament .. No need for this .. https://t.co/4aJbjrIU9r
— Michael Vaughan (@MichaelVaughan) April 2, 2026
IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी, जो 2010 में टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और IPL से जुड़े प्रॉक्सी मालिकाना हक के आरोपों के चलते भारत छोड़कर चले गए थे, ने वॉन की पोस्ट पर जवाब देते हुए एक विवादित टिप्पणी की.
I told you this guy @DrSanjivGoenka owner of @LucknowIPL is a complete looser and joker of the highest order - i am seriously embarrassed with his behaviour. I created the @IPL for fans and players alike. Not for this to happen every time every year. If I was still Chairman and… https://t.co/5mHzg8RAY1
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) April 2, 2026
ललित मोदी ने X पर लिखा: "मैंने आपसे पहले ही कहा था कि यह आदमी @DrSanjivGoenka, जो @LucknowIPL का मालिक है, एक नंबर का हारा हुआ और सबसे बड़ा जोकर है. उसके इस बर्ताव से मुझे सच में बहुत शर्मिंदगी महसूस हो रही है. मैंने @IPL को फैंस और खिलाड़ियों, दोनों के लिए बनाया था, न कि इसलिए कि हर बार, हर साल ऐसी घटनाएं होती रहें. अगर मैं अभी भी चेयरमैन और कमिश्नर होता, तो मैं उसे तुरंत बैन कर देता और उससे हमेशा के लिए टीम का मालिकाना हक छीन लेता. वह एक नंबर का घमंडी और बेवकूफ आदमी है. फ्रेंचाइज़ी एग्रीमेंट में ठीक इसी मुद्दे के लिए एक नियम (clause) मौजूद है. #BCCI इसे लागू करे.
लखनऊ सुपर जायंट्स फ्रेंचाइज़ी की सफाई
विवाद बढ़ने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक अलग एंगल से वीडियो साझा करते हुए कहा कि जो दिखाई दे रहा है, वह पूरी सच्चाई नहीं है. टीम के अनुसार, असल माहौल उतना नकारात्मक नहीं था जितना सोशल मीडिया पर दिखाया जा रहा है. इस पूरे विवाद से पहले संजीव गोयनका कप्तान ऋषभ पंत के समर्थन में भी नजर आए थे. उन्होंने कहा था कि सीजन लंबा है और टीम वापसी करने की क्षमता रखती है.
ललित मोदी की प्रतिक्रिया के बाद बहस और तेज
ललित मोदी की प्रतिक्रिया के बाद यह बहस और तेज हो गई है कि क्या टीम मालिकों का इस तरह सार्वजनिक रूप से खिलाड़ियों से बातचीत करना सही है या नहीं. इस घटना ने आईपीएल में टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के रिश्तों को लेकर एक नई चर्चा छेड़ दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं