- कीरोन पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट फॉर्मेट में अब तक सर्वाधिक 18 ट्रॉफी अपने नाम की हैं, जो विश्व रिकॉर्ड है
- पोलार्ड और ड्वेन ब्रावो पहले 17-17 टी20 ट्रॉफी जीतने के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थे
- पोलार्ड ने टी20 में 720 मैचों में 31.85 की औसत से 14237 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 66 अर्धशतक शामिल हैं
Kieron Pollard, Most T20 Trophies As A Player: क्रिकेट एक ऐसा खेल है जो करीब-करीब सारी दुनिया में पसंद की जाती है. फैंस मौजूदा समय में टेस्ट और वनडे के बजाय टी20 फॉर्मेट को देखना ज्यादा पसंद करते हैं. इसकी मुख्य वजह है यहां उन्हें खूब चौके-छक्के देखने को मिलते हैं. क्रिकेट प्रेमियों के उनके चहेते खिलाड़ी भी हैं. कोई सचिन तेंदुलकर को पसंद करता है, तो कोई ब्रायन लारा का दीवाना है. कुछ लोग रिकी पोंटिंग के बल्लेबाजी के दीवाने हैं तो किसी को क्रिस गेल का विस्फोटक अंदाज पसंद है. मगर क्या आपको पता है दुनिया का वह कौन सा खिलाड़ी है जिसने टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार ट्रॉफी हाथ में उठाया है? नहीं पता तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं.
दरअसल, कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 का खिताब जीतने से पहले टी20 फॉर्मेट में सर्वाधिक बार ट्रॉफी जीतने के मामले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड और ड्वेन ब्रावो संयुक्त रूप से पहले पायदान पर थे. दोनों खिलाड़ियों ने क्रमशः 17-17 बार टी20 फॉर्मेट में ट्रॉफी अपने हाथ में उठाई थी. मगर सीपीएल 2025 में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के साथ चैंपियन बनते हुए पोलार्ड ने ब्रावो को पीछे छोड़ दिया है. अब वह टी20 फॉर्मेट में सर्वाधिक बार ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं. खबर लिखे जाने तक उन्होंने 18 बार एक खिलाड़ी के तौर पर टी20 फॉर्मेट की ट्रॉफी जीती है.
कीरोन पोलार्ड का टी20 फॉर्मेट में प्रदर्शन
कीरोन पोलार्ड मौजूदा समय में पूरी दुनिया में टी20 फॉर्मेट के तहत सर्वाधिक रन बनने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं. 2006 से खबर लिखे जाने तक उन्होंने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 720 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 640 पारियों में 31.85 की औसत से 14237 रन निकले हैं. टी20 फॉर्मेट में उनके नाम एक शतक और 66 अर्धशतक दर्ज है. यहां क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 885 चौके और 966 छक्के देखने को मिले हैं.
पोलार्ड का जलवा केवल बल्लेबाजी में ही नहीं गेंदबाजी में भी है. उन्होंने टी20 फॉर्मेट के 420 पारियों में 25.36 की औसत से 333 सफलता प्राप्त की है. यहां उनका एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 15 रन खर्च कर चार विकेट है.
यह भी पढ़ें- CPL 2025 Final: कीरोन पोलार्ड का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 5वीं बार चैंपियन बनीं ट्रिनबागो नाइट राइडर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं