विज्ञापन

रोहित...गंभीर...विश्व कप...बीसीसीआई...आखिर ऊंट किस करवट बैठेगा

पिछले साल वनडे कप्तानी से हटाए गए रोहित शर्मा को लेकर बीसीसीआई के शब्द गले में अटके हुए हैं. इस मुद्दे पर बोर्ड के अधिकारी गोल-मोल बातें कर रहे हैं.

रोहित...गंभीर...विश्व कप...बीसीसीआई...आखिर ऊंट किस करवट बैठेगा
रोहित शर्मा को लेकर BCCI गोल-मोल बातें कर रहा है
Source: scocial media

खेली जा रही वनडे सीरीज में टीम शुभमन गिल के सामने भले ही टीम अफगानिस्तान जैसी हो, लेकिन इस सीरीज ने निश्चित रूप से  वनडे टीम चयन के लिए नए समीकरण पैदा करने के साथ ही नई दृष्टि भी सेलेक्टरों को दे दी है. कुछ चर्चाएं सीरीज से पहले ही चल रही थीं, लेकिन पैदा हुए ताजा हालात ने इनमें और ज्यादा वजन पैदा कर दिया है. और पैदा हुए सवालों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यहां से पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का अगले साल के आखिर में तीन देशों में खेले जाने वाला फिफ्टी-फिफ्टी विश्व कप में खेलने का सपना पूरा होगा या नहीं? इसका जवाब यहां से बिल्कुल भी आसान होने नहीं जा रहा. पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कप्तानी से हटाए जाने के बाद अब रोहित कप्तान नहीं हैं. और नियमित अंतराल पर छन कर आ रही खबरें, रोहित की बॉडी लैंग्वेज  और अफगानिस्तान के खिलाफ कुछ प्रदर्शन ने पूर्व कप्तान की मुश्किलें काफी ज्यादा बढ़ा दी हैं. चलिए आप कड़ी दर कड़ी रोहित का पूरा केस समझिए. 

रोहित की विराट इच्छा!

रोहित सहित एक और पूर्व कप्तान विराट कोहली का सपना 2027 में खेले जाने वाला फिफ्टी-फिफ्टी विश्व कप खेलना है. दोनों ही इस मेगा टूर्नामेंट में खेलने के लिए बेताब हैं, लेकिन क्रिकेट में दुनिया अपने हिसाब से नहीं ही ही चलती. खास तौर पर आज के दौर में! लेकिन चयनकर्ता पिछले साल उन्हें कप्तान पद से हटाए जाने के साथ ही यह संदेश दे चुके हैं कि वह विश्व कप के लिहाज से प्लानिंग में फिफ्टी प्रतिशत ही फिट (?) हैं. यानी अब उनका यहां से मूल्यांकन बतौर खिलाड़ी ही होगा. और इसके लिए रोहित को फिटनेस से इतर मैच दर मैच असाधारण करना होगा. लगभग उनके समकक्ष विराट कोहली ने तो एक के बाद एक शानदार परफॉरमेंस से खुद का तुलनात्मक रूप से कहीं 'प्रासंगिक और पक्का' बनाए  रखा है. लेकिन रोहित अगले साल तक का सफर कैसे काटेंगे या काट भी पाएंगे, यह देखना होगा.

गौतम की गंभीर इच्छा!

यह गौतम की बतौर हेड कोच नियुक्ति से ही किसी से छिपा नहीं है कि वरिष्ठ खिलाड़ियों खासकर विराट और रोहित को लेकर गंभीर की सोच क्या है? अगर रोहित पिछले साल वनडे की कप्तानी से हटाए गए, तो बहुत हद तक इसमें प्रबंधन (कोच) की राय भी शामिल रही ही होगी. हां, यह बात अलग है कि विराट ने फॉर्म को बुलंद करते हुए गंभीर को कोई मौका नहीं ही दिया है

. और टीम इंडिया की उन्हें आज जरूरत भी दिखाई पड़ती है, लेकिन वर्तमान हालात के हिसाब से भविष्य के संदर्भ में रोहित की विराट से तुलना नहीं हो सकती. ऐसे में में रोहित को लेकर गंभीर की क्या इच्छा  विश्व कप को लेकर होगी, यह सहज ही समझा जा सकता है. 

सीनियर खिलाड़ियों का BCCI से संपर्क

हाल ही में आईं रिपोर्ट के अनुसार रोहित और विराट कोहली सहित कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने चयन समिति और बॉय पास करते हुए  अपने वनडे भविष्य को लेकर बीसीसीआई से संपर्क साधा है. और BCCI भी खिलाड़ियों की इस एप्रोच से बहुत ही  ज्यादा हैरान है क्योंकि पूर्व में शायद ही कभी ऐसा उदाहरण देखा गया हो, जब किसी खिलाड़ियों ने इस तरह बोर्ड से संपर्क साधा हो. BCCI के लिए भी यह असमंजस भरी स्थिति है क्योंकि मामला दो पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और लीजेंड विराट कोहली से जुड़ा है. और रोहित को लेकर बीसीसीआई का सबसे हालिया बयान बात को गोल-मोल करने से ज्यादा कुछ भी नहीं है. 

सवाल यह है कि अब जब यहां मैंनेजमेंट (कप्तान, कोच, आदि) के अलावा एक स्वतंत्र पांच सदस्यीय चयन समिति काम कर रही है, तो आखिर इसमें BCCI क्या कर सकता है? क्या BCCI चयन समिति से ऊपर जाकर कुछ करेगा?  अगर करेगा, तो इससे क्या संदेश जाएगा?  या बोर्ड चयन समिति से साफ तौर पर इन दोनों के बारे में निर्णय लेने के लिए कहेगा? कुल मिलाकर मुद्दा बहुत ही रोचक हो चला है. और इसका जवाब भविष्य के गर्भ में छिपा है?

कुल मिलाकर अब गेंद बीसीसीआई के पाले में हैं और यहां जो भी फैसला रोहित और विराट को लेकर आएगा, वह अपने आप में रोहित और विराट ही नहीं, बल्कि भविष्य में भी इन जैसे कद वाले खिलाड़ियों के संदर्भ में एक मिसाल और मोटी लकीर खींचने का काम करेगा. 
 

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा नहीं, वनडे वर्ल्ड कप की टीम में इस खिलाड़ी की जगह पक्की, सुनील गावस्कर ने बताया

लेखक के बारे में
img
मनीष शर्मा
डिप्टी न्यूज एडिटर
उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज,लखनऊ... वीनू मांकड़ ट्रॉफी... और फिर कूच बिहार ट्रॉफी में प्रतिनिधित्व करने के बाद, मनीष शर्मा का साल 2002 से राष्ट्रीय म... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rohit Gurunath Sharma, Virat Kohli, India, Board Of Control For Cricket In India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com