टीम श्रेयस अय्यर रविवार को इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में विंडीज को 14 रन से हराने में सफल रही. यह सही है कि भारत की जीत में प्रिंस यादव और अर्शदीप के टर्निंग प्वाइंट का बड़ा योगदान रहा, लेकिन जीत की सबसे बड़ी वजह अभिषेक शर्मा की सुनामी पारी रही. उनकी पारी ने शुरुआती राउंड यानी पावर-प्ले बोले तो शुरू के 6 ओवरों में जो बैटिंग की, वह टीम इंडिया की जीत का आधार बन गई क्योंकि भारत ने विंडीज को इसी राउंड (1-6 ओवर) में मात दी. जबकि बाकी दोनों राउंड (7-5 ओवर) और स्लॉग ओवर (16 से 20) विंडीज के नाम रहे. लेकिन विंडीज मैच के तीन में से दो राउंड अपने नाम करने के बावजूद अगर हार गया, तो उसकी सबसे बड़ी वजह अभिषेक शर्मा रहे.
पावर प्ले में अभिषेक ने रखा आधार!
ये ओवर भारत की जीत का आधार बने और इसमें अभिषेक ने वो कर दिखाया, जो भारत की जीत का बेस राउंड बन गया. जहां भारत ने शुरुआती ओवरों में 1 विकेट पर 87 रन बनाए, तो विंडीज का स्कोर इन ओवरों के दौरान 1 विकेट पर 54 ही रन था. भारत यह राउंड 33 रन से जीत गया. और ऐसा हुआ अभिषेक की वजह से जो छठा ओवर खत्म होने के बाद 19 गेंदों पर 54 रन बनाकर डटे थे. यह पावर प्ले के दौरान अभिषेक की प्रचंड मार रही ही, जिसने आने वाले बल्लेबाजों की राह आसान की, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके. बहरहाल, अभिषेक के अंदाज ने मुकाबले के तीन अहम राउंड में यह सबसे अहम राउंड भारत के नाम करा दिया. अभिषेक का महत्व आप इससे समझ सकते हैं कि बाकी के दोनों राउंड विंडीज जीत कर ले गया.
बाकी दोनों राउंड विंडीज के नाम रहे
अभिषेक की पारी का असर आप इससे समझें कि मैच के बाकी दो राउंड मिडल और स्लॉग ओवर विंडीज के नाम रहे. जहां भारत ने 7 से 15 ओवर के बीच 5 विकेट खोकर 87 रन बनाए थे, तो इसी दौरान वेस्टइंडीज ने इस दौरान 3 विकेट खोकर 95 रन बनाते हुए यह राउंड अपने नाम कर लिया. विंडीज का जलवा बीच के ही नहीं, बल्कि स्लॉग ओवरों में भी रहा. और आखिरी 5 ओवरों में भी उसके बल्लेबाजोें ने भारत को पीछे छोड़ दिया. भारतीय बल्लेबाजों ने 16वें से 20वें ओवर के दौरान 4 विकेट खोकर 49 रन बनाए, तो वे्टइंडीज ने इस दौरान 3 विकेट खोकर 60 रन बनाए. साफ है कि अगर भारत दो राउंड हारने के बावजूद अगर मैच जीत गया, तो उसकी सबसे बड़ी वजह शुरुआती पावर-प्ले यानी 6 ओवर और इसमें भी अभिषेक शर्मा के बनाए गए तूफानी 54 रहे, जिनकी बदौलत भारत का स्कोर इन ओवरों में 1 विकेट पर 87 रन था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं