न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को आखिरी टी20 (Ind vs Nz 5Th 20I) में टीम20 विश्व कप (T20 World cp 2026) के लिए बैक-अब विकेटकीपर चुने गए ईशान किशान (Ishan Kishan) ने तूफानी शतक से मेगा इवेंट से पहले ही दुनिया के बॉलरों को दहला दिया है. वहीं, पूर्व क्रिकेटर ने पर एकदम फिदा हो गए हैं. अब इस प्रदर्शन के बाद पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने शुबमन गिल को टीम में नहीं चुनने का कड़ा फैसला लेने और ईशान किशन के घरेलू प्रदर्शन को इनाम देने के लिए भारतीय चयनकर्ताओं की सराहना की है. करीब दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म हुई हालिया सीरीज में प्रदर्शन से सभी को हतप्रभ कर दिया है.
पठान ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, 'घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर ईशान किशन को वापस लाने के लिए चयनकर्ता तारीफ के हकदार हैं. वे इसलिए भी क्रेडिट डिज़र्व करते हैं क्योंकि शुबमन गिल जैसे खिलाड़ी को बाहर करना आसान फैसला नहीं होता और फिर घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले किशन को चुनना साहस भरा कदम है. किशन ने मिले मौके का पूरा फायदा उठाया और उसे सही मायनों में भुनाया.'
पठान ने आगे कहा, 'जब इस तरह की चीज़ें होती हैं और सब कुछ सही दिशा में जाता है, तो किशन के साथ‑साथ चयनकर्ताओं को भी बराबर का श्रेय दिया जाना चाहिए. जिस तरह से किशन ने बल्लेबाज़ी की, खासकर इश सोढ़ी के एक ओवर में 29 रन बनाना, यह दिखाता है कि उन्होंने न्यूजीलैंड के उस सीनियर गेंदबाज़ पर पूरी तरह दबदबा बना लिया, जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है. किशन ने अपने ऑफ‑साइड गेम पर काम किया है, और यह साफ तौर पर नजर आता है.' इरफान पठान ने ईशान किशन की विकेटकीपिंग पर भी चर्चा की. घरेलू मैदानों पर खेली गई पांच मैचों की इस सीरीज में संजू सैमसन का प्रदर्शन खास नहीं रहा. और अब तिलक वर्मा की चोट के बाद वापसी के साथ भारतीय टीम प्रबंधन के पास ईशान किशन को आगे बढ़ाने का विकल्प मौजूद है.
पठान ने कहा,'उनकी फिटनेस भी देखने लायक है, क्योंकि शतक बनाने के बाद उन्होंने विकेटकीपिंग भी की. उन्हें सही समय पर खुद को पीक पर ले जाने का मौका मिला. किशन ने चयनकर्ताओं को संकेत दिया है कि तिलक वर्मा की वापसी के बावजूद उन्हें बेंच पर न बैठाया जाए. इसका मतलब यह भी है कि ओपनिंग करना किशन के लिए कोई दिक्कत नहीं है. यह देखना दिलचस्प होगा कि वह धीमी पिच पर ऑफ‑साइड में कैसे खेलते हैं. लेकिन जहां विकेट सपाट हो और गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आए, वहाँ ईशान किशन को रोक पाना लगभग नामुमकिन लगता है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं