विज्ञापन

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टॉप-7 की लिस्ट तैयार? हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर कप्तान गिल का बड़ा बयान

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले शुभमन गिल ने हार्दिक पांड्या की अहमियत पर खुलकर बात की. भारतीय कप्तान का मानना है कि पांड्या की वापसी से टीम का निचला मध्यक्रम पूरी तरह संतुलित हो जाएगा और 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी.

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टॉप-7 की लिस्ट तैयार? हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर कप्तान गिल का बड़ा बयान
भारतीय वनडे टीम 2027 विश्व कप

भारत की वनडे टीम इन दिनों 2027 विश्व कप को ध्यान में रखकर अपने संयोजन को मजबूत करने में जुटी है. ऐसे में हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी टीम की सबसे बड़ी चिंताओं में से एक बनी हुई है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने साफ शब्दों में कहा कि हार्दिक की वापसी से टीम का संतुलन पूरी तरह बदल सकता है. गिल का मानना है कि पांड्या के टीम में लौटते ही भारत के सातवें और आठवें नंबर की समस्या काफी हद तक सुलझ जाएगी. यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि 2027 वनडे विश्व कप को देखते हुए भारतीय टीम अपने सबसे मजबूत संयोजन की तलाश में है.

शुभमन गिल ने कहा, "अगर हार्दिक पांड्या टीम में आते हैं, तो हमारे सातवें और आठवें नंबर की समस्या सुलझ जाएगी. बल्लेबाजी के लिहाज से हमारी टीम कहीं ज्यादा संतुलित नजर आएगी." आमतौर पर छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले हार्दिक पांड्या आईपीएल के बाद से लगातार चोटों से जूझ रहे हैं. हाल ही में वह 'इंडिया ए' के लिए वापसी करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनकी पिंडली में परेशानी महसूस हुई.

गिल ने हार्दिक की अहमियत बताते हुए कहा, "सबसे पहली बात, मुझे लगता है कि वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. उनमें जो खूबियां हैं, वैसी दुनिया के बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलती हैं. एक ऐसा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर होना, जो नई गेंद से, बीच के ओवरों में और डेथ ओवरों में गेंदबाजी कर सके और साथ ही बल्लेबाजी भी कर सके, बहुत कीमती होता है."

भारतीय कप्तान ने माना कि हार्दिक का लंबे समय तक बाहर रहना टीम के लिए नुकसान की बात है. उन्होंने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह आईपीएल के बाद से खेल नहीं पाए हैं." गिल ने बताया कि उनकी हार्दिक से लगातार बातचीत होती रही है. भारतीय कप्तान को उम्मीद है कि पांड्या जल्द फिट होकर घरेलू क्रिकेट खेलेंगे और फिर राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे.

उन्होंने कहा, "हां, हमारी कई बार बातचीत हुई है. उन्हें 'इंडिया ए' के मैच खेलने थे, लेकिन ठीक उससे पहले उन्हें फिर से कुछ तकलीफें हो गईं. उम्मीद है कि वह जल्द फिट हो जाएंगे, कुछ घरेलू क्रिकेट खेलेंगे और फिर हम उन्हें वापस टीम में देखेंगे." गिल का मानना है कि न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा.

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैदान पर उतरने वाली कोई भी भारतीय टीम किसी भी दूसरी टीम को हराने का दम रखती है. अगर युवा खिलाड़ी यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो निश्चित रूप से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा." भारतीय कप्तान ने आगे कहा, "हमें इस बात से भी भरोसा मिलेगा कि अगर किसी वजह से विश्व कप के लिए हमें अपनी मनपसंद टीम नहीं मिल पाती है, तब भी हमारी टीम किसी भी परिस्थिति में किसी भी विरोधी को हराने में सक्षम है."

नंबर 5 और 6 पर लचीलापन बनाए रखेगी टीम

मध्यक्रम को लेकर गिल ने स्पष्ट किया कि टीम नंबर 5 और 6 को लेकर किसी तय ढांचे में नहीं बंधना चाहती. उन्होंने कहा, "हमारे लिए नंबर 5 और 6 की पोजीशन काफी लचीली है. अगर हमें लगता है कि नंबर 5 पर किसी बाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत है, तो हम अक्षर पटेल को भेज देते हैं." गिल ने आगे कहा, "अगर हमें लगता है कि अच्छा मंच तैयार हो गया है और केएल राहुल को रन गति बढ़ाने की जरूरत है, तो हम स्थिति के हिसाब से फैसला लेते हैं." उनका मानना है कि बल्लेबाजी क्रम से ज्यादा अहम यह है कि मैच किस स्थिति में है और कितने ओवर बाकी हैं.

ईडन पार्क की छोटी बाउंड्री और दक्षिण अफ्रीका जैसा अनुभव

ईडन पार्क की छोटी सीधी बाउंड्री को लेकर भी गिल ने अपनी राय रखी. उनके मुताबिक यहां खेलने का अनुभव अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप की तैयारियों में मददगार साबित हो सकता है. उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह वाकई आकर्षक है, क्योंकि सीधी बाउंड्री करीब 50 से 55 मीटर की है. हम यहां जिन परिस्थितियों में खेल रहे हैं, वे कई मायनों में दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों से मिलती-जुलती हैं."

लंबे तेज गेंदबाजों को बताया चुनौती

न्यूजीलैंड के लंबे कद के तेज गेंदबाजों को लेकर भी गिल ने सतर्कता दिखाई. उन्होंने कहा, "अगर कोई गेंदबाज 140 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहा हो और उसकी लंबाई 6 फीट 1 इंच, 6 फीट 2 इंच या 6 फीट 3 इंच हो, तो उसके खिलाफ रन बनाना आसान नहीं होता. ऐसे गेंदबाजों के खिलाफ खुलकर खेलने में जोखिम भी ज्यादा रहता है." भारत की 2027 विश्व कप योजनाओं के बीच गिल के बयान ने साफ संकेत दिया है कि हार्दिक पांड्या को टीम प्रबंधन अभी भी अपने सबसे अहम खिलाड़ियों में गिनता है. उनकी वापसी सिर्फ एक खिलाड़ी की वापसी नहीं होगी, बल्कि उस संतुलन की वापसी होगी जिसकी तलाश भारतीय टीम पिछले कई महीनों से कर रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Hardik Himanshu Pandya, Shubman Singh Gill, New Zealand Vs India 2026/27, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com