भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज एस बद्रीनाथ ने आईपीएल 2026 में एमएस धोनी (MS Dhoni) के खेलने को लेकर बनी अनिश्चितता के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आड़े हाथ लिया है. एस बद्रीनाथ ने कहा कि हर मैच से पहले लगातार यह सवाल उठते रहे हैं कि वह खेलेंगे या नहीं. धोनी की इस पूरी स्थिति को ठीक से नहीं संभाला गया. इसकी वजह कोई नहीं जानता. क्या यह सिर्फ मैच के प्रति उत्सुकता पैदा करने के लिए है या यह कोई व्यावसायिक (बिजनेस) फैसला है? क्या यह भी 'प्रक्रिया' का ही हिस्सा है?
धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण मेगा टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं खेल सके हैं. आखिरी मैच से पहले वह अंगूठे में चोट के कारण मैच की पूर्व संध्या पर गृहनगर रांची वापस लौट गए. उनकी फिटनेस को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन यह दिग्गज क्रिकेटर अपनी टीम के अधिकांश मैचों में मैदान पर भी नजर नहीं आया. बद्रीनाथ ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि क्या ऋतुराज गायकवाड़ को अपना उत्तराधिकारी चुनना धोनी की पसंद थी.? बद्रीनाथ का मानना है कि इस दिग्गज खिलाड़ी की पहली पसंद रवींद्र जडेजा होते.
उन्होंने आगे कहा, 'कोई नहीं जानता कि यह सच है या नहीं कि एमएस धोनी खुद गायकवाड़ को कप्तान बनाना चाहते थे. यह फैसला किसी भी तरह से धोनी पर नहीं डाला जा सकता. यह मैनेजमेंट का फैसला ही रहा होगा. धोनी केवल एक सुझाव दे सकते थे. इसलिए मैनेजमेंट को ही इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. धोनी को जितना मैं जानता हूं, उसके हिसाब से मैं यही कहूंगा कि अगर इस फैसले में उनकी कोई राय होती, तो वह अगले कप्तान के रूप में केवल रवींद्र जडेजा का ही सुझाव देते.'
बद्रीनाथ ने इस बार खिलाड़ियों की खरीद की भी आलोचना करते हुए कहा, 'यहां तक कि ब्रेविस, म्हात्रे और उर्विल पटेल जैसे खिलाड़ी भी रिप्लेसमेंट के तौर पर आए थे. CSK बस उनके मामले में भाग्यशाली रही. ऐसा नहीं है कि उन्हें टीम में शामिल करने के लिए कोई प्लानिंग या प्रोसेस किया गया था. यहां तक कि संजू सैमसन जैसा अच्छा खिलाड़ी भी ट्रेड (खिलाड़ियों की अदला-बदली) के जरिए आया. इसके लिए लिए उन्हें जडेजा और सैम करन को छोड़ना पड़ा. इसलिए उन्होंने (मैनेजमेंट ने) ऐसा कोई स्वतंत्र फैसला नहीं लिया है, जिसने अकेले दम पर काम किया हो.'
यह भी पढ़ें: CSK के पास आखिरी मौका, प्लेऑफ की उम्मीद को जिंदा रखना है तो GT के खिलाफ करना होगा ये कारनामा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं