विज्ञापन
This Article is From Apr 25, 2013

आईपीएल-6 : धोनी के धमाल से चेन्नई ने हैदराबाद को पांच विकेट से हराया

चेन्नई: कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 67) की तूफानी पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने एमए चिदम्बरम स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण के 34वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के बाद सुपर किंग्स के रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बराबर 12 अंक हो गए हैं लेकिन नेट रन रेट के आधार पर वह बैंगलोर से पीछे है। सनराइजर्स 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम हैं।

सुपर किंग्स ने सनराइजर्स द्वारा दिए गए 160 रनों के लक्ष्य को 19.4 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। धोनी 37 गेंदों पर सात चौके और चार छक्के लगाकर नाबाद लौटे। क्रिस मौरिस शून्य पर नाबाद रहे। सनराइजर्स की ओर से अमित मिश्रा ने तीन विकेट लिए।

अंतिम 30 गेंदों पर सुपर किंग्स को जीत के लिए 46 रनों की जरूरत थी। करण शर्मा द्वारा फेंका गया पारी का 16वां ओवर मेडन जाने के बाद सुपर किंग्स को 24 गेंदों पर 46 रन बनाने थे। करण ने चार ओवर में एक मेडन सहित आठ रन खर्च किए।

पारी का 17वां ओवर लेकर डेल स्टेन आए। धोनी ने पहली गेंद को लांग ऑन पर छक्के के लिए उड़ाया और फिर दूसरी गेंद को भी उसी दिशा में छह रनों के लिए भेज दिया। स्टेन के इस ओवर में 14 रन बने।

अब सुपर किंग्स को 18 गेंदों पर 32 रन बनाने रह गए थे। 18वां ओवर लेकर इशांत शर्मा आए। पहली गेंद पर ड्वेन ब्रावो (7) ने दो रन लिए लेकिन दूसरी गेंद पर वह सीमा रेखा पर आशीष रेड्डी के हाथों लपक लिए गए। इशांत के इस ओवर में चार रन बने। अब सुपर किंग्स को जीत के लिए 12 गेंदों पर 28 रन बनाने थे।

स्टेन 19वां ओवर लेकर आए। पहली गेंद पर धोनी ने दो रन लिए और फिर दूसरी गेंद को चार रनों के लिए भेज दिया। इसके बाद तीसरी गेंद को धोनी ने छक्के के लिए उड़ा दिया। अब नौ गेंदों पर 16 रन बनाने थे। चौथी गेंद पर एक रन बना। पांचवीं गेंद पर रवींद्र जडेजा (1) प्वाइंट पर अमित मिश्रा के हाथों लपके गए। छठी गेंद पर मौरिस  एक भी रन नहीं ले सके।

अब सुपर किंग्स को अंतिम 6 गेंदों पर जीत के लिए 15 रन बनाने थे। अंकित ओवर लेकर आशीष रेड्डी आए। पहली गेंद वाइड रही। उसके बदले फेंकी गई गेंद पर धोनी रन नहीं ले सके लेकिन तीसरी गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ दिया। चौथी गेंद वाइड रही। विकेट कीपर उसे रोक नहीं सके और गेंद चार रनों के लिए मैदान से बाहर चली गई। अब तीन गेंदों पर चार रन बनाने थे। धोनी ने चौथी गेंद को चार रनों के भेजते हुए अपनी टीम के लिए शानदार जीत दर्ज की।

सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी। पहले विकेट के लिए मुरली विजय (18) और माइकल हसी (45) ने 65 रन जोड़े थे।

मुरली, 65 के कुल योग पर मिश्रा की गेंद पर क्विंटन डे कॉक के हाथों लपके गए। मुरली ने 22 गेंदों पर दो चौके लगाए। हसी उम्दा पारी खेलने के बाद मिश्रा की गेंद पर कॉक के हाथों लपके गए। हसी ने 26 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के लगो। हसी का विकेट 76 रनों के कुल योग पर गिरा।

रैना का विकेट 99 रन के कुल योग पर गिरा। रैना ने 13 गेंदों पर चौके की मदद से 13 रन बनाए। मिश्रा ने रैना को डेरेन सैमी के हाथों कैच कराया। रैना ने कप्तान धोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 रनों की साझेदारी की।

इससे पहले, सनराइजर्स ने शिखर धवन (63) के अर्धशतक की बदौलत टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए।

सनराइजर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और चार रन के कुल योग पर उसे पहला झटका लगा जब क्विंटन रे कॉक चार रन बनाकर चलते बने। 12 रन के कुल योग पर सनराइजर्स को हनुमा विहारी के रूप में दूसरा झटका लगा। उन्होंने महज दो रन बनाए।

तीसरे विकेट के लिए चोट से उबरकर टीम में वापसी कर रहे धवन और कैमरन व्हाइट ने 25 रनों की साझेदारी की। 37 रन के कुल योग पर व्हाइट दो रन के निजी स्कोर पर आउट हुए।

चौथे विकेट के लिए धवन और अमित मिश्रा ने 24 रन जोड़े। 61 रनों के कुल योग पर मिश्रा रविचंद्रन का शिकार बने। मिश्रा ने 15 रन बनाए।

ड्वेन ब्रावो द्वारा डाले गए 14वें ओवर की तीसरी गेंद धवन के पेडू के निचले हिस्से में जा लगी और दर्द के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। तब तक 45 रन बना चुके धवन ने पांचवें विकेट के लिए थलाइवन सरगुनम के साथ 22 रनों की साझेदारी की थी। धवन ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 38 गेंदों का सामना कर छह चौके लगाए।

सनराइजर्स का पांचवां विकेट सरगुनम (10) के रूप में 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा। उन्हें ब्रावो ने कॉट एंड बोल्ड किया। सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे डेरेन सैमी (19) हमवतन ड्वेन ब्रावो की गेंद पर क्रिस मौरिस को कैच थमा बैठे।

सैमी के जाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो चुके धवन दोबारा क्रीज पर लौटे और सातवें विकेट के लिए आशीष रेड्डी (36) के साथ अंतिम 16 गेंदों में 43 रनों की अहम साझेदारी की।

धवन ने अपनी 45 गेंदों की पारी में जहां कुल 10 चौके लगाए वहीं रेड्डी ने तेज खेल दिखाते हुए 16 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के जड़े। सनराइजर्स के लिए मोहित शर्मा तथा ड्वेन ब्रावो को दो-दो विकेट मिले।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आईपीएल, आईपीएल-6, चेन्नई सुपरकिंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, IPL 6, Chennai Super Kings, Sunrisers Hyderabad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com