IPL 2026, Gujarat Titans dominant performance: गुजरात ने लगातार अपने पांच मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 16 अंक हासिल किये हैं और इसके साथ ही ये टीम टॉप पर पहुंच गई है. कुछ मैचों पहले टूर्नामेंट के बीच तक कई जानकार गुजरात की गिनती टॉप 4 टीमों में भी मुश्किल से ही कर पा रहे थे. गुजरात ने अबतक अपने 12 में से 8 मैचों में जीत हासिल की है. इन 12 मैचों में पांच जीत तो उन्हें पिछले पांच मुक़ाबलों में ही हो गई. गुजरात ने हैदराबाद को 15 ओवर से पहले ही 82 रनों से हराकर पोडियम में टॉप पर अपनी जगह बना ली. पूर्व चैंपियन गुजरात ने तीसरे नंबर से छलांग लगाकर पहले नंबर पर पहुंची है. इस टीम ने टूर्नामेंट के पहले दो मैचों में हार के के साथ ही शुरुआत की. लेकिन उसके बाद तीन मैच जीते और फिर दो लगातार मैचों में हार का सामना करना पड़ गया. लेकिन 26 अप्रैल को चेन्नई उसी के मैदान पर हराने के बाद इस टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है. चेन्नई के बाद गुजरात ने बैंगलोर, पंजाब, राजस्थान और हैदराबाद को शिकस्त दी है.
गिल-सुदर्शन-बटलर की तिकड़ी
टीम इंडिया का उपकप्तान रहते हुए टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड से ड्रॉप किये जाने की टीस शुभमन गिल और उने फ़ैन्स के ज़ेहन से शायद ही ख़त्म हुई हो. गिल आईपीएल में अबतक के अपने बेस्ट 159 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अबतक 4 अर्द्धशतकीय पारियां जमाई हैं. अबतक 467 रन बनाए हैं. और उनकी कप्तानी भी सॉलिड लग रही है.
गुजरात के ओपनर साई सुदर्शन ने पहले की तरह आईपीएल मे अपना जलवा बरक़रार रखा है. 12 मैचों में 1 शतक और 5 अर्द्धशतकों के सहारे 501 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में वो दूसरे नंबर पर हैं. जॉस बटलर, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने भी टीम के लिए उपयोगी पारियां खेली हैं. सबसे बड़ी बात है कि इस टीम ने जीत की लय पकड़ ली है.
| गदर काट रहे गुजरात के बैटर्स | ||||
| रैंक | बैटर | रन | स्ट्राइक रेट | 100/50 |
| 2 | साई सुदर्शन | 501 | 156 | 1/5 |
| 5 | शुभमन गिल | 467 | 159 | 0/4 |
| 16 | जॉस बटलर | 355 | 148 | 0/2 |
| 23 | वाशिंगटन सुंदर | 296 | 153 | 0/2 |
गुजरात के गेंदबाज़ ढा रहे हैं क़हर
गुजरात के चार पेसर्स और राशिद ख़ान शायद इस टीम की सबसे बड़ी ताक़त बन गए हैं. हैदराबाद के ख़िलाफ़ कागिसो राबाडा ने 28 रन देकर 4 विकेट झटके और पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर के बराबर 21 विकेट लेकर लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए.
राशिद ख़ान फ़ॉर्म में वापस आ गए हैं. राशिद ख़ान ने 12 मैचों में 16 विकेट अपने नाम किये हैं. ये और बात है कि हैदराबाद के ख़िलाफ़ उन्हें 1 पूरा ओवर डालने का मौक़ा भी नहीं मिल पाया और उन्होंने 1 विकेट अपने नाम कर लिया. गुजरात के लिए अबतक मो. सिराज ने और जेसन होल्डर ने 13-13 विकेट झटके हैं जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 14 विकेट अपने नाम किये हैं. यही वजह है कि पूर्व चैंपियन ये टीम फिर से ख़तरनाक नज़र आ रही है.
| गज़ब के गुजरात के गेंदबाज़ | |||
| रैंक | बैटर | विकेट | इकॉनमी |
| 2 | कागिसो राबाडा | 21 | 9.15 |
| 4 | राशिद ख़ान | 16 | 8.17 |
| 8 | प्रसिद्ध कृष्णा | 14 | 10.06 |
| 10 | जेसन होल्डर | 13 | 13.92 |
| 10 | मो. सिराज | 13 | 8.22 |
गुजरात के आगे का सफ़र
गुजरात के अलावा चेन्नई ने भी अपने पिछले तीनों मैच जीते हैं और 11 मैचों में 6 में जीत हासिल कर वो पांचवें नंबर पर है. जबकि, तीन बार की चैंपियन कोलकाता ने जीत की रफ़्तार देर से पकड़ी और 10 में से पहले 6 में हार के बाद उसने लगातार चार मैच जीते हैं. कोलकाता 9 अंकों के साथ 8वें नंबर पर है.
बहरहाल, गुजरात को लीग के अपने अगले दो मैचों में कोलकाता और चेन्नई से टक्कर लेनी है जहां वो अपने अंकों में और भी इज़ाफ़ा कर सकती है.
गुजरात के आगे के मैच
- 16 मई बनाम कोलकाता, कोलकाता में
- 21 मई बनाम चेन्नई, अहमदाबाद में
यह भी पढ़ें: IPL 2026: लगातार 5वीं जीत, 16 अंक...फिर भी गुजरात को नहीं मिला प्लेऑफ का टिकट, क्या है समीकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं