IPL 2026 RR vs CSK : आईपीएल 2026 के तीसरे मैच में आज चेन्नई सुपरकिंग्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के साथ होना है. चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ा खतरा वैभव सूर्यवंशी होंगे. वैभव अगर छह ओवर के पावरप्ले में खेल गए, तो चेन्नई का गेंदबाजी अटैक मुश्किलों में घिर सकता है. वैभव ने पिछले एक साल में अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया है. आईपीएल 2025 में वैभव ने 7 मुकाबलों में 206 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 252 रन बनाए थे. वैभव के खेल में पिछले सीजन के बाद और ज्यादा सुधार आया है. पिछले साल वैभव 14 साल के थे, अब इस साल 15 साल की उम्र में आईपीएल में खेलते हुए नजर आने वाले हैं. ऐसे में जानते हैं वैभव ने अबतक अपने करियर में कितने रिकॉर्ड बना लिए हैं.
15 साल और 15 रिकॉर्ड
- वैभव सूर्यवंशी अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर इतिहास रचा था. वैभव आईपीएल में छक्का लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज हैं. 14 साल 23 दिन की उम्र में आईपीएल खेलने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं.
- आईपीएल 2025 के ऑक्शन में वैभव को राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था. वैभव आईपीएल खेलने वाले दुनिया का सबसे युवा खिलाड़ी बने थे.
- आईपीएल में 14 साल 32 दिन की उम्र में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के बल्लेबाज हैं. वैभव ने आईपीएल करियर का अपना पहला शतक गुजरात टाइटंस के खिलाफ जमाया था.
- आईपीएल में 35 गेंदों में शतक लगाने वाले वैभव भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं.
- आईपीएल इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. क्रिस गेल ने 30 गेंद पर शतक आईपीएल में लगाया है.
- आईपीएल के एक पारी में 11 छक्के लगाने वाले वैभव सबसे युवा बल्लेबाज हैं.
- 2026 के अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की पारी खेली, जो टूर्नामेंट के फाइनल किसी भी बैटर की ओर से खेली गई सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है.
- अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज शतक, वैभव ने फाइनल में केवल 80 गेंद पर शतक ठोका था. जो अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे तेज शतक है.
- वैभव सूर्यवंशी यूथ वनडे की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं. वैभव ने अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में अपनी शतकीय पारी के दौरान 15 छक्के लगाए थे.
- वैभव के नाम यूथ वनडे में सबसे तेज अर्धशतक जमाने का रिकॉर्ड दर्ज है. 15 साल के वैभव ने 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 15 गेंद पर अर्धशतक ठोका था.
- वैभव सूर्यवंशी के नाम यूथ वनडे इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है. वैभव ने साल 2015 में इंग्लैंड दौरे परकेवल 52 गेंद पर शतक ठोका था.
- इसके अलावा वैभव ने यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बना है. वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के खिलाफ केवल 58 गेंद पर शतक जमाया था.
- विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ वैभव सूर्यवंशई ने केवल 14 साल 272 दिन की उम्र में शतक लगाने का कमाल किया है.
- सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड, वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में 59 गेंदों में 150 रन पूरे किए, ऐसा कर वैभव ने एबी डिविलियर्स की ओर से 64 गेंद में सबसे तेज 150 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
- वहीं, वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी हैं. वैभव 13 साल 269 दिन की उम्र में लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू करने में सफल रहे थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं