IPL 2026 Points Table Updated After RCB beat GT by 5 Wickets: विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की शतकीय पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से रौंद दिया. गुजरात से मिले 206 के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु ने 7 गेंद रहती ही मुकाबला अपने नाम किया. इस जीत से बेंगलुरु को 2 अहम अंक मिले हैं और उसने टॉप-2 में एंट्री मार ली है. वहीं गुजरात हार के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गई है. आईपीएल की प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पंजाब किंग्स का कब्जा बरकरार है, जबकि कोलकाता सबसे निचले स्थान पर है.
जीत के साथ दूसरे स्थान पर बेंगलुरु
सात मैचों में पांच जीत के साथ RCB अब 10 अंकों और शानदार +1.101 नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. इस जीत ने बेंगलुरु को प्लेऑफ की दौड़ में लगभग सुरक्षित स्थिति में ला खड़ा किया है. प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पंजाब किंग्स है, जिसके 6 मैचों में 5 जीत के साथ 11 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.420 का है. जबकि राजस्थान 7 मैचों में 5 जीत के साथ 10 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है. बेंगलुरु का नेट रन रेट राजस्थान से बेहतर है. वहीं चौथे स्थान पर हैदराबाद है, जिसके 7 मैचों में 4 जीत और 3 हार के बाद 8 अंक हैं.

पांच बार की चेन्नई सुपर किंग्स 7 मैचों में 3 जीत के बाद पांचवें, दिल्ली कैपिचल्स 6 मैचों में 3 जीत के साथ छठे, गुजरात 7 मैचों में 3 जीत के बाद सातवें स्थान पर है. मुंबई इंडियंस प्वॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है. जबकि लखनऊ नौंवे और कोलकाता आखिरी स्थान पर है. मुंबई और लखनऊ ने 2-2 मैच जीते है, जबकि कोलकाता ने अभी तक सिर्फ एक मैच जीता है.
सुदर्शन के शतक पर कोहली का अर्द्धशतक भारी
एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस से मिले 206 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया. आरसीबी की यह इस सीजन की पांचवीं जीत है.
206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. जैकब बेथेल 10 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद मोहम्मद सिराज का शिकार बने. हालांकि, इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी निभाई. पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों पर 55 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के लगाए.

वहीं, कोहली ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रन बनाए. कप्तान रजत पाटीदार बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 8 रन बनाकर मानव सुथार का शिकार बने. जितेश शर्मा 6 गेंदों में 10 रन बनाने के बाद राशिद खान की गेंद पर मानव के हाथों में कैच देकर पवेलियन लौटे. हालांकि, इसके बाद टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या की जोड़ी ने आरसीबी को कोई और झटका नहीं लगने दिया. डेविड 10 रन बनाकर नाबाद रहे, तो क्रुणाल ने 12 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 23 रन बनाए.
इससे पहले, गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 205 रन लगाए. शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 128 रन जोड़े. गिल 24 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जोस बटलर ने 16 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया.
हालांकि, सुदर्शन एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली. सुदर्शन ने 58 गेंदों में 100 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए. वॉशिंगटन सुंदर 12 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे, तो जेसन होल्डर ने महज 10 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए.
यह भी पढ़ें: साई सुदर्शन ने रचा इतिहास, गेल के सुपर रिकॉर्ड पर फेर दिया पानी, 19 साल में पहले बल्लेबाज बने
यह भी पढ़ें: RCB vs GT: कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड, रच दिया इतिहास, गेल और रोहित भी 19 साल में यह नहीं कर सके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं