IPL 2026 Points Table After Chennai Super Kings vs Delhi Capitals Match: चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने होम ग्राउंड पर दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराकर इस सीजन की पहली जीत दर्ज की है. शानिवार को चेपॉक पर हुए इस मुकाबले में संजू सैमसन ने पहले नाबाद शतकीय पारी खेली. इसके बाद जेमी ओवरटन ने अपनी गेंदबाजी का कमाल दिखाया और पांच बार की चैंपियन को जीत दिलाई. इससे पहले, दिन में पंजाब किंग्स ने अय्यर की कप्तानी पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद को हरा दिया. इन दोनों मुकाबलों के बाद प्वॉइंट टेबल में उथल पुथल हुई है. चेन्नई जहां 9वें स्थान पर आ गई है, जबकि पंजाब अब दूसरे स्थान पर है. जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स, जिसे अभी भी पहली जीत का इंतजार है, वो आखिरी स्थान पर है.
ऐसी है प्वॉइंट्स टेबल
राजस्थान रॉयल्स ने 4 मैच खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है. राजस्थान के 8 अंक हैं और वह अंक तालिका में पहले स्थान पर है. दूसरे स्थान पर पंजाब किंग्स है. पंजाब ने 4 मैच खेले हैं और 3 में उसे जीत मिली है. पंजाब का एक मैच बारिश से रद्द हुआ था. पंजाब के 7 अंक हैं. तीसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है, जिसके तीन मैचों में दो जीत और एक हार के बाद 4 अंक हैं. इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स है, जिसके 4 मैचों में दो जीत और दो हार के बाद 4 अंक हैं.

लखनऊ सुपर जायंट्स 3 मैचों में दो जीत और एक बार के बाद 4 अंकों के साथ पांचवें, सनराइजर्स हैदरबाद 4 मैचों में 1 जीत के साथ छठे, गुजरात 3 मैचों में एक जीत और दो हार के बाद सातवें स्थान पर है. इसके बाद मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और आखिरी में कोलकाता नाइट राइडर्स है. बता दें, टॉप-4 में रहने वाली टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगी.
चेन्नई को मिली पहली जीत
आईपीएल के मौजूदा सत्र में अपनी निराशाजनक शुरुआत को पीछे छोड़ते हुए सैमसन ने 56 गेंदों की नाबाद पारी में 15 चौकों और चार छक्कों की मदद से 115 रन बनाए. उन्हें दूसरे छोर से आयुष महात्रे का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने रिटायर आउट होने से पहले 36 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए. सैमसन के आईपीएल करियर का यह चौथा शतक और सुपरकिंग्स के लिए पहला शतक है.
सुपरकिंग्स ने दो विकेट पर 212 रन बनाने के बाद कैपिटल्स को आखिरी गेंद पर 189 रन पर ऑल आउट कर दिया. कैपिटल्स के लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन की पारी खेली. पथुम निसंका ने 41 रन का योगदान दिया, लेकिन यह टीम के लिए काफी साबित नहीं हुआ. ओवरटन ने बल्लेबाजों के लिए आसान परिस्थितियों में चार ओवर में महज 18 रन देकर चार विकेट लिए. उन्हें अंशुल कंबोज का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने चार ओवर में 35 रन देकर तीन विकेट लिए.
यह भी पढ़ें: RR vs RCB, IPL 2026: 'उसका दौर शुरू हुआ है...' वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग देख पूर्व विकेटकीपर का बड़ा बयान
यह भी पढ़ें: Abhishek Sharma: अभिषेक शर्मा ने बनाया मेगा रिकॉर्ड, पावरप्ले में ठोके 7 छक्के, ऐसा करने वाले पहले भारतीय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं