विज्ञापन

IPL 2026 Playoffs Scenario: MI, LSG बाहर, तीन टीमों के 14 अंक, दो के 12...रोमांचक हो रही प्लेऑफ की जंग, ऐसा है समीकरण

IPL 2026 Playoffs Scenario: लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई हैं, जबकि तीन टीमों के 14-14 अंक हैं. वहीं दो टीमों के 12. ऐसे में अब प्लेऑफ की जंग काफी अहम हो गई है.

IPL 2026 Playoffs Scenario: MI, LSG बाहर, तीन टीमों के 14 अंक, दो के 12...रोमांचक हो रही प्लेऑफ की जंग, ऐसा है समीकरण
IPL 2026 Playoff Scenario

IPL 2026 Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 के लीग स्टेज के 54वें मुकाबले के बाद प्लेऑफ की रेस और रोमांचक हो गई है. अभी किसी भी टीम को नॉकआउट का टिकट नहीं मिला है, लेकिन दो टीमें बाहर हो गई हैं. जबकि तीन टीमें- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के 14-14 अंक हैं. वहीं पंजाब किंग्स के 13 और चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स के 12-12 अंक हैं. साथ ही कोलकाता और दिल्ली भी अभी तक प्लेऑफ की रेस नें बनी हुई हैं. प्लेऑफ के लिए सिर्फ चार टीमें क्वालीफाई करेंगी, लेकिन सात टीमें अभी रेस में हैं. 

कौन पहुंचेगा टॉप पर

लीग स्टेज के समाप्त होने के बाद अंक तालिका में नंबर-1 और 2 पर रहने वाली टीमें क्वालीफायर-1 खेलेंगी. ऐसे में उस मैच को जीतने वाली टीम को सीधे फाइनल का टिकट मिलेगा, जबकि हारने वाली टीम दूसरा क्वालीफायर खेलेगी. अंक तालिका में टॉप पर मौजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 11 मैच खेले हैं और उसने 7 जीते हैं जबकि 4 में उसे हार मिली है. 

बेंगलुरु को अब कोलकाता, पंजाब और हैदराबाद से मैच खेलना है. जबकि हैदराबाद दूसरे स्थान पर है. हैदराबाद के 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार के बाद 14 अंक हैं. हैदराबाद को अब चेन्नई, गुजरात और बेंगलुरु के खिलाफ मैच खेलने हैं. ऐसे में बेंगलुरु और हैदराबाद में कोई एक टीम ही अधिकतम 20 अंकों तक पहुंच सकती है. जबकि दूसरी टीम 18 अंकों तक रहेगी. 

यही हाल गुजरात का है. गुजरात के भी 11 मैचों में 7 जीत के बाद 14 अंक हैं. गुजरात के अब हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई से मुकाबले बाकी हैं. ऐसे में गुजरात अधिकतम 20 अंकों तक पहुंच सकती है, लेकिन फिर हैदराबाद 18 अंकों तक रहेगी. 

पंजाब की स्थिति बाकी टीमों से बेहतर है. पंजाब के अभी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, और लखनऊ के मैच बाकी है. अगर पंजाब अपने बचे सभी मैच जीत जाती है तो दिल्ली प्लेऑफ की रेस से बाहर होगी, जबकि बेंगलुरु अधिकतम 18 अंकों पर फिनिश करेगी. जबकि पंजाब के 21 अंक होंगे. यानी पंजाब अपने सभी मैच जीती तो वह प्वॉइंट टेबल पर टॉप पर फिनिश करेगी, क्योंकि कोई अन्य टीम उसके जितने अंक हासिल नहीं कर सकती.

बात अगर चेन्नई सुपर किंग्स की करें तो उसके 11 मैचों में 6 जीत के बाद 12 अंक हैं. चेन्नई के अब लखनऊ, हैदराबाद और गुजरात के खिलाफ मैच हैं. अगर चेन्नई अपने बाकी मैच जीतती है तो वह अधिकतम 18 अंकों तक पहुंचेगी. जबकि गुजरात और हैदराबाद के भी इतने ही अंक होंगे. ऐसी स्थिति में किसे प्लेऑफ का टिकट मिलेगा, वो इस पर निर्भर करेगा कि किसका नेट रन रेट बेहतर है. हैदराबाद और गुजरात के मुकाबले चेन्नई का रन रेट खराब है. ऐसे में वो अपने बचे सभी मैच बड़े मार्जिन से जीतना चाहेंगी.

राजस्थान रॉयल्स की स्थिति भी चेन्नई सुपर किंग्स की तरह है. उसके भी 11 मैचों के बाद 12 अंक हैं. राजस्थान के अब मुकाबले दिल्ली, लखनऊ और मुंबई से बचे हैं. लखनऊ और मुंबई बाहर हो चुके हैं. ऐसे में वो राजस्थान को साथ लेकर डूबना चाहेंगे. राजस्थान अपने बचे सभी मैच जीतकर अधिकतम 18 अंकों तक पहुंच सकती है. प्लेऑफ में जाने के लिए उसे यह उम्मीद करनी होगी कि टॉप-4 में मौजूद टीमें अपने-अपने कम से कम दो-दो मैच हारें. या फिर चेन्नई अपने सभी मैच जीत जाए. ऐसी सूरत में राजस्थान अपने मुकाबले बड़े मार्जिन से जीतकर हैदराबाद और गुजरात से आगे निकल सकती है. 

कोलकाता के 10 मैचों के बाद 9 अंक हैं. कोलकाता के चार मैच बचे हैं और वो अधिकतम 17 अंकों तक पहुंच सकती है. कोलकाता के प्लेऑफ में पहुंचने के चांस बहुत कम है. हालांकि, उम्मीद बनी हुई है. उसे उम्मीद करनी होगी कि चौथे स्थान पर रहने वाली टीम के सिर्फ 16 अंक हों, लेकिन ऐसी उम्मीद काफी कम है. क्योंकि पांच टीमें 18 अंकों पर फिनिश कर सकती हैं. 

दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की रेस से बाहर है. हालांकि, तकनीकि तौर पर ही वह रेस में बनी हुई है. दिल्ली को अगर प्लेऑफ में जाना है तो उसे उम्मीद करनी होगी कि कम से कम तीन टीमें- गुजरात, चेन्नई और राजस्थान 14 अंकों पर ही फिनिश करें. जबकि दिल्ली अपने बचे सभी मैच बड़े अंतर से जीतकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाए. इसके अलावा उसे बाकी के कुछ और समीकरण भी अपने पक्ष में चाहिए होंगे. हालांकि, इसकी उम्मीद ना के बराबर है कि टीम प्लेऑफ में पहुंचेगी.

यह भी पढ़ें: Who is Urvil Patel: कौन हैं उर्विल पटेल, CSK स्टार ने आईपीएल की सबसे तेज फिफ्टी ठोक मचाया कोहराम

यह भी पढ़ें: CSK vs LSG IPL 2026: उर्विल पटेल पर्ची में क्या लिखकर लाए थे? 13 गेंदों में फिफ्टी ठोकने के बाद दिखाया खास मैसेज

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com