MS Dhoni got injured: शनिवार को बेंगलुरु में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के आगाज से कुछ घंटे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज और सबसे बड़े स्टार एमएस धोनी (MS Dhoni) के चोट के कारण दो हफ्ते के लिए बाहर होने की खबर क्या आई कि उनके चाहने वाले निराश से ज्यादा हैरान रह गए. अब धोनी CSK के लिए कम से कम 4 मैच नहीं खेल पाएंगे. और इसके बाद ही माही को लेकर अलग-अलग चर्चा शुरू हो गई है. एक दिन पहले तक ही धोनी की मैदान से बैटिंग करते, खिलाते, साथियों की खिंचाई करते तस्वीर आईं थी, तो उनके चाहने वाले शुरू होने जा रहे संस्करण में उनसे बेहतर की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन अब फैंस बातें कर रहे हैं कि माही की यह कैसी पिंडली की चोट है. बहरहाल, धोनी के बाहर से फैंस और पंडितों के बीच शक और चर्चा दोनों ही पसर गए हैं. और यहां 3 थ्योरी भी सामने आई हैं.
1. क्या प्लानिंग से बाहर हो गए माही?
इस सवाल को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा सकता. पिछले साल ही घरेलू टी20 में धमाकेदार शतक बना चुके गुजरात के उर्विल पटेल ने सिर्फ 3 ही मैच में अपने प्रदर्शन से खुद को लगातार मौके दिए जाने का जोरदार दावा ठोका था. उर्विल ने भले ही 3 मैचों में 22.66 का औसत निकाला, लेकिन उनकी 19 गेंदों पर 37 और 11 गेंदों पर 31 रन की पारी और 212.50 के स्ट्राइक-रेट ने खासा ध्यान खींचा था. उर्विल के रूप में सीएसके को कुछ साल के लिए अच्छा विकेटकीपर तूफानी बल्लेबाज मिल गया. ऐसे में फैंस और पंडित ये चर्चा कर रहे हैं कि इलेवन के संयोजन में धोनी प्लानिंग से लगभग बाहर हो चुके हैं?
2. सैमसन के आने से भी प्रबंधन पर बना दबाव?
अब जब मेगा इवेंट से पहले चेन्नई ने संजू सैमसन को मोटी रकम पर ट्रेड किया, तो साफ था कि उन्हें बड़ी प्लानिंग के साथ टीम से जोड़ा गया है. वहीं, सैमसन के आने के बाद उर्विल और फिर धोनी को मिलाकर टीम में 3 विकेटकीपर हो गए हैं. जाहिर है कि प्रबंधन के लिए सर्वश्रेष्ठ XI संयोजन बनाने के लिए तीन विकेटकीपरों को खिलाना असंभव सी बात है. और बात यह है कि धोनी तीन विकेटकीपरों में इलेवन में फिट नहीं दिखाई पड़ रहे हैं. ऐसे में यह भी सवाल है कि क्या इसी बड़ी वजह के कारण धोनी 'चोटिल' हुए?
2. क्या प्रबंधन ने ले लिया यह बड़ा फैसला?
धोनी हमेशा से ही अलग अंदाज में फैसले लेने के लिए प्रसिद्ध रहे हैं. जब पूरी दुनिया कुछ और सोच रही होती है, तो धोनी अलग ही दांव खेलते हैं. ऐसे में वर्तमान में जो चेन्नई और खासकर उसके पास तीन विकेटकीपर होने की स्थिति है, उसे देखकर यह भी बड़ा सवाल है कि क्या अब प्रबंधन ने पिछले कुछ साल से चली आ रही प्रक्रिया के तहत धोनी को प्लानिंग (फाइनल XI) से बाहर होने का फैसला ले लिया है? और अगर ऐसा है, तो क्या मान लिया जाए कि CSK प्रबंधन अब यहां से उनका बतौर मेन्टॉर ही इस्तेमाल करेगा? और सवाल यह भी बड़ा है कि क्या यह मान लिया जाए कि धोनी ने आईपीएल से एक तरह से संन्यास ले लिया है?
IPL 2026: CSK, MI, RCB...प्लेऑफ के लिए कौन सी 4 टीमें करेंगी क्वालीफाई, दिग्गजों ने की भविष्यवाणी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं