- महेंद्र सिंह धोनी काफ मसल्स में खिंचाव की वजह से रिहैबिलिटेशन में हैं.
- माही ने IPL 2026 में अधिकतर नंबर-7 और नंबर-8 पर बल्लेबाजी की थी. उनके बल्ले से केवल 196 रन निकले थे.
- इरफान कहते हैं, "शायद अब समय आ गया है कि वो बागडोर किसी और को सौंप दें."
महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की मांसपेशी (काफ मसल्स) में खिंचाव की वजह से रिहैबिलिटेशन में हैं. इसकी वजह से IPL 2026 के शुरुआती दो हफ्ते उनके नहीं खेल पाने की संभावना है.
Official Statement
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 28, 2026
MS Dhoni is currently undergoing rehabilitation for a calf strain. As a result, he is likely to miss the first two weeks of TATA IPL 2026.
Get well soon, Thala! 💛🦁 pic.twitter.com/4dgmt5EWFi
IPL 2026 का आगाज RCBvsSRH मुकाबले के साथ हो रही है. अभी चेन्नई सुपर किंग्स यानी CSK के मैच में वक्त है, जो कि राजस्थान रॉयल्स के साथ सोमवार को होना है. पर क्रिकेट के धुरंधर महेंद्र सिंह धोनी की चर्चा इस सीजन की शुरुआत से कहीं पहले ही होने लगी है. सबसे बड़ा सवाल तो ये है कि क्या बतौर खिलाड़ी माही का यह अंतिम आईपीएल होगा? यह वो चर्चा है जो पिछले कुछ वर्षों से लगातार हो रही है और जिस पर कई दिग्गजों का यह कहना रहा है कि यह खुद माही निर्धारित करेंगे, न कि हम और आप. अब आते हैं उस खास चर्चा पर जो इस सीजन में उनकी बल्लेबाजी, उनके प्रदर्शन को लेकर लगाई जा रही अटकलों को लेकर है.
ये भी पढ़ें: IPL 2026, MS Dhoni: फैन्स को झटका, चोट के कारण धोनी पहले दो हफ़्तों के लिए टीम से बाहर

Photo Credit: ANI
माही कहां बैटिंग कर सकते हैं?
तो सबसे पहले बात करते हैं पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर की जिनका कहना है कि इस टूर्नामेंट में माही नंबर-6 पर खेलते हुए नजर आ सकते हैं. वो कहते हैं कि पिछले साल माही के लिए आईपीएल का सीजन सामान्य रहा था. उन्होंने अधिकतर नंबर-7 और नंबर-8 पर बल्लेबाजी की थी. उनके बल्ले से केवल 196 रन निकले थे, लेकिन उनका अनुभव उनकी टीम के लिए बेहद कारगर साबित हो सकता है. 2023 का सीजन इसका उदाहरण रहा है जब चेन्नई चैंपियन बनी थी. हालांकि पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान का मानना है कि माही को थोड़ा ऊपर बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए ताकि वो अंतिम चार-पांच ओवर बल्लेबाजी कर सकें.

Photo Credit: ANI
आकाश चोपड़ा बोले- माही का काम सबसे मुश्किल
उधर पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा कह रहे हैं कि इस सीजन में धोनी और रोहित से बेहतर प्रदर्शन विराट कोहली का रहेगा क्योंकि वो फिटनेस के मामले में बेहतर हैं. बता दें कि विराट कोहली ने पिछले सीजन में 144.71 के स्ट्राइक रेट और 54.75 की औसत से आठ अर्धशतकों की बदौलत कुल 657 रन बनाए थे.
चोपड़ा कहते हैं कि कोहली को खेले कुछ अरसा जरूर हो गया है लेकिन एक बार जब उन्होंने रन बनाना शुरू किया, तो फिर वह महीनों तक लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते रहते हैं."
माही पर चोपड़ा ने कहा कि IPL 2026 में शुरू से ही उनका लय में आना मुश्किल क्यों हो सकता है. चोपड़ा ने कहा, “धोनी के लिए भी यह थोड़ा मुश्किल है क्योंकि उनकी उम्र 40 साल से अधिक हो चुकी है. उनके लिए 10 महीने तक कोई मैच न खेलना, फिर IPL में आकर अचानक से लय पकड़ना, और फिर ऐसे नंबर पर बैटिंग करना जहां उन्हें सिर्फ़ 10-12 गेंदें ही खेलने को मिलती हैं. ये सबसे मुश्किल काम है. इसके अलावा, उन्हें 20 ओवर तक कीपिंग भी करनी होती है, इसलिए शायद उनका काम सबसे ज्यादा मुश्किल है.”
ये भी पढ़ें: धोनी और CSK को जब इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने किया था परेशान, बार-बार हराने में था बड़ा हाथ

Photo Credit: BCCI
माही के लिए 'बेटन' देने का समय
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी की जगह लेने के लिए संजू सैमसन सबसे सही दावेदार हो सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सैमसन ऐसे खिलाड़ी है जिससे फ़ैन्स जुड़ाव महसूस कर सकते हैं और उसे अपना मान सकते हैं.'
पठान ने जियो पर कहा कि धोनी ने CSK को पांच खिताब दिलाए हैं पर अब वे अक्सर बैटिंग ऑर्डर में काफी नीचे आने लगे हैं. जबकि सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे. तो मुझे लगता है कि यह धोनी का अंतिम सीजन होगा. इसके संकेत साफ नजर आ रहे हैं क्योंकि चेन्नई का टीम सेटअप देखें तो सैमसन को उन्होंने बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज शामिल किया है, जो अगले कुछ सालों तक टीम के लिए खेल सकते हैं. आप उनके ईर्द-गिर्द अपनी टीम बना सकते हैं और जिस खिलाड़ी में इस फ्रेंचाइजी का अगला चेहरा बनने की पूरी खूबी है वो संजू सैमसन हैं.
इरफान इसकी सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संजू सैमनस की परफॉर्मेंस में आए सुधार को बताते हैं. उनका कहना है कि, "धोनी भी इसी खिलाड़ी को अपनी कप्तानी की बागडोर सौंपना चाहेंगे. संजू के टीम में आने के बाद, मुझे लगता है कि धोनी अब यह कह सकते हैं कि शायद अब समय आ गया है कि वे बागडोर किसी और को सौंप दें. लेकिन क्या यह फैसला पहले ही ले लिया जाना चाहिए था? क्योंकि मुझे लगता है कि धोनी जैसा खिलाड़ी सिर्फ दो ओवर खेलने वाला खिलाड़ी बनकर नहीं रह सकता. आप अपनी विरासत इस तरह से नहीं बनाते. इसलिए मुझे लगता है कि यह फैसला लेने का सही समय है.

Photo Credit: BCCI
"फिनिशर के रूप में धोनी की भूमिका पहले से कमजोर"
पठान ने ये भी कहा कि उम्र बढ़ने के साथ-साथ एक फिनिशर के रूप में धोनी की भूमिका पहले से कमजोर हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि इस सीजन में धोनी को बल्लेबाजी की अधिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए, खास कर अंतिम चार-पांच ओवर में. इस दौरान इरफान ने यह भी याद दिलाया कि "कुछ साल पहले जब संदीप शर्मा आखिरी ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे और माही ने मैच को रोमांचक बना दिया था पर उसे खत्म नहीं कर पाए थे. यानी आखिरी दो ओवरों में बल्लेबाजी करने तो धोनी उतरते हैं पर ऐसी परिस्थिति वाले पिछले कुछ मैचों को वो फिनिश करने में कामयाब नहीं हो पाए हैं."
इरफान बोले, हमने धोनी को ऐसे नहीं देखा कि वो मैच फिनिश करने में कामयाब नहीं हों. लिहाजा, जब आप खेल रहे हैं तो आपको ज्यादा जिम्मेदारी लेनी होगी. कम से कम चार या पांच ओवर बैटिंग करनी होगी. यह टीम के लिए फायदेमंद होगा."
अपनी बातचीत के दौरान पठान और चोपड़ा दोनों ने माही के घुटनों की चोट के बारे में भी कहा. अब इन पूर्व क्रिकेटर्स के माही पर कमेंट के बीच जब 30 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और संजू सैमसन की पूर्व टीम राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला होगा तो महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका पर सबकी नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें: IPL के फाइनल में हदें पार करता रोमांच: 1 रन से जीत, असंभव चेज; कैसे 'लास्ट बॉल थ्रिलर' ने बनाई लीग की पहचान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं