IPL 2026, Who Will Qualify for Playoff: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाना है. वहीं सीजन की शुरुआत से पहले दिग्गजों ने आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों को लेकर भविष्यवाणी की है. हैरानी की बात है कि पूर्व सीएसके स्टार अंबाती रायडू का मानना है कि चेन्नई इस सीजन प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएगी. उनके हिसाब से आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का टिकट आरसीबी, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स कटा सकती हैं.
अंबाती रायडू, एरोन फिंच, फाफ डु प्लेसिस, इयान बिशप, पीयूष चावला और संजय बांगर ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो के साथ बात करते हुए प्लेऑफ में पहुंचने वाली टॉप-4 टीमों को लेकर भविष्यवाणी की है. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान फिंच ने जहां माना कि आरसीबी, मुंबई, पंजाब और हैदराबाद टॉप-4 में रहेंगी, तो पूर्व सीएसके स्टार रायडू ने बेंगलुरु, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता के नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीद जताई है.
वहीं फाफ डु प्लेसिस ने मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स पर भरोसा जताया है. इशान बिशप जहां मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और पंजाब के साथ गए तो पीयूष चावला ने मुंबई, पंजाब, बेंगलुरु और कोलकाता को प्लेऑफ के लिए चुना है. जबकि संजय बांगर ने बेंगलुरु, पंजाब, मुंबई और दिल्ली को चुना है.
आरसीबी ने पिछले सीजन 18 साल का सूखा खत्म करते हुए आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था. रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम इस सीजन अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी. जबकि मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 में दूसरे क्वालिफायर तक का सफर तय किया था. हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मुंबई इस सीजन काफी दमदार नजर आ रही है.
टीम के पास बल्लेबाजी क्रम में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रयान रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा, और खुद कप्तान हार्दिक के रूप में धाकड़ बल्लेबाज मौजूद हैं. इसके साथ ही ऑक्शन में टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड को खरीदा है, जिसके बाद टीम का बल्लेबाजी क्रम और भी ज्यादा मजबूत दिखाई दे रहा है. मुंबई का गेंदबाजी अटैक भी काफी संतुलित दिख रहा है.
ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स के पास भी स्टार खिलाड़ियों की भरमार है. मिचेल मार्श और एडेन मार्करम की जोड़ी ने पिछले सीजन भी दमदार प्रदर्शन किया था. वहीं, निकोलस पूरन अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं. वहीं, इस बार लखनऊ के गेंदबाजी अटैक में भी धार नजर आ रही है.
कोलकाता नाइट राइडर्स का बल्लेबाजी क्रम आईपीएल 2026 में जबरदस्त दिखाई दे रहा है. टिम सीफर्ट, फिन एलन का प्रदर्शन हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में कमाल का रहा था. एलन ने महज 33 गेंदों में शतक लगाया था. इसके साथ ही केकेआर ने कैमरून ग्रीन पर भी बड़ा दांव खेला है. ग्रीन बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं. हालांकि, हर्षित राणा और आकाश दीप के बाहर होने के बाद केकेआर का गेंदबाजी अटैक थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 RCB vs SRH Live Streaming: कितने बजे शुरू होगा मैच, कहां देख पाएंगे लाइव, जानें सब कुछ
यह भी पढ़ें: मोहसिन नकवी, PCB की फिर बेइज्जती? खिलाड़ी के बाद अब कमेंटेटर ने IPL के लिए छोड़ा PSL
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं