विज्ञापन

IPL 2026: आकाश दीप को रिप्लेस करेगा पूर्व MI स्टार! KKR की नजर इन दो खिलाड़ियों पर

Kolkata Knight Riders Akash Deep Injured: आकाशदीप को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के दौरान टखने में चोट लग गई थी. जिसके बाद वह रिहैब के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गए.

IPL 2026: आकाश दीप को रिप्लेस करेगा पूर्व MI स्टार! KKR की नजर इन दो खिलाड़ियों पर
IPL 2026 Kolkata Knight Riders Akash Deep Replacement

Akash Madhwal and RS Ambrish potential candidates to Replace injured Akash Deep: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है. शानिवार को टीम को एक और झटका तब लगा जब उसके प्रमुख तेज गेंदबाज आकाशदीप पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बाहर हो गए. रिपोर्ट्स के अनुसार, बंगाल के इस तेज गेंदबाज को ठीक होने में कम से कम तीन महीने लगेंगे. तीन बार के आईपीएल चैंपियन को हर्षित राणा की भी कमी खलेगी, जो वर्तमान में घुटने की सर्जरी के बाद रिहैब से गुजर रहे हैं.

आकाशदीप को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के दौरान टखने में चोट लग गई थी. जिसके बाद वह रिहैब के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गए. यहां से लौटने के बाद 29 वर्षीय गेंदबाज ने अपने परिवार के साथ कुछ समय बिताया. उनके ट्रेनिंग के पहले दिन कोलकाता के साथ जुड़ने की उम्मीद थी. हालांकि, उन्हें अपने टखने में दर्द के साथ-साथ पीठ के निचले हिस्से में तनाव का महसूस हुआ. जिसके बाद उन्हें बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा करना पड़ा. वहीं अब एक रिपोर्ट में दावा है कि आकाश दीप की जगह मुंबई के पूर्व स्टार आकाश मेधवाल उनकी जगह लेने के लिए रेस में सबसे आगे हैं. 

चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही केकेआर

आकाशदीप तीन बार के चैंपियन केकेआर की चोटिल खिलाड़ियों की सूची में नया नाम हैं. इस सूची में भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और 18 करोड़ रुपये में खरीदे गए श्रीलंकाई खिलाड़ी मथीशा पथिराना भी शामिल हैं, जिससे टीम का तेज गेंदबाजी विभाग कमजोर पड़ गया है. आकाशदीप और राणा की अनुपस्थिति में केकेआर को वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और फिट होकर वापसी करने वाले उमरान मलिक पर निर्भर रहना पड़ेगा. 

बीसीसीआई के निर्देश के बाद इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करना पड़ा, जिसके बाद केकेआर ने उनके स्थान पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया.

केकेआर ने शुरू की पेसर की तलाश

फ्रंटलाइन पेसरों के बाहर होने से केकेआर ने तेज गेंदबाजी विभाग में विकल्पों की तलाश शुरू कर दी है. आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, नवदीप सैनी, संदीप वारियर, केएम आसिफ और सुनील कुमार सहित कई गेंदबाजों ने ट्रायल दिए. रेवस्पोर्स्टस की रिपोर्ट की मानें तो आकाश की जगह लेने के लिए आकाश मधवाल रेस में सबसे आगे हैं. 

आकाश मधवाल रेस में सबसे आगे

32 वर्षीय खिलाड़ी ने आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए आठ मैचों में 14 विकेट लिए और लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर गेम में 5 रन देकर 5 विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया. आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. उन्हें पर्याप्त मौके नहीं मिले. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अंतिम लीग गेम में, मधवाल ने डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे और एमएस धोनी सहित तीन विकेट लिए और अपनी टीम को जीत दिलाने में मदद की.

एक अन्य संभावित रिप्लेसमेंट अंडर-19 विश्व कप विजेता ऑलराउंडर आरएस अंबरीश हो सकते हैं, जो टूर्नामेंट में 11 विकेट के साथ भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे. शुक्रवार रात इंट्रा-स्क्वाड मैच के दौरान अंबरीश ने बल्ले से भी प्रभावित किया. केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने कहा कि प्रबंधन मुंबई इंडियंस के खिलाफ शुरुआती मुकाबले के लिए मुंबई जाने से पहले रिप्लेसमेंट की घोषणा करेगा. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि कोलकाता किसे चुनती है.

यह भी पढ़ें: IND vs BAN ODI Series: क्या बांग्लादेश जाएगी भारतीय टीम? मेजबान ने आयरलैंड दौरा किया स्थगित, वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन दांव पर

यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'क्रिकेट ही ठीक है...' वैभव सूर्यवंशी बने कैमरामैन, राजस्थान रॉयल्स ने शेयर किया मजेदार वीडियो

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com