भारत और वेस्टइंडीज के बीच शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टी20 सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच बारिश की भेंट चढ़ गया.इसके साथ ही यह सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई. इस पूरी सीरीज के दौरान दिखा कि 200 से अधिक का स्कोर भी सेफ नहीं है और उसे आसानी से हासिल किया जा सकता है. सीरीज के पांचों मैचों में पिच बल्लेबाजों के लिए मुफीद थी और रन स्कोर और बाउंड्री काउंट पर भी यह असर दिखा. इस पूरी सीरीज के दौरान कुल 105 छक्के लगे, जो किसी दो फुल मेंबर नेशन के बीच हुई बाइलेट्रेल सीरीज के दौरान चौथे सर्वाधिक है. इस सीरीज में हर 9वीं गेंद पर छक्का लगा, जो दर्शता है कि किस कदर बल्लेबाजी हुई है.
अगर फुल मेंबर नेशन के बीच द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की बात करें तो सर्वाधिक छक्के इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 2023-2024 में खेली गई सीरीज में लगे थे. तब हर9.63 गेंद पर हवाई फायर हुआ था. उस सीरीज में कुल 120 छक्के लगे थे. जबकि दूसरे स्थान पर पिछले साल ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच हुई सीरीज है, जिसमें कुल 117 छक्के लगे थे. भारत-न्यूजीलैंड के बीच इस साल की शुरुआत में हुई सीरीज में 116 छक्के लगे थे. वहीं भारत-वेस्टइंडीज के बीच हुई इस सीरीज में कुल 105 छक्के लगे. खात बात है कि अभी तक सिर्फ चार ही सीरीज में 100 से अधिक छक्के लगे हैं, लेकिन बॉल/सिक्स रेशियो इस सीरीज का सबसे कम है.
फुल मेंबर नेशन के बीच द्विपक्षीय टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के (गेंदें/छक्का)
- 120 - वेस्टइंडीज में इंग्लैंड, 2023/24 (9.63)
- 117 - वेस्टइंडीज में ऑस्ट्रेलिया, 2025 (9.61)
- 116 - भारत में न्यूज़ीलैंड, 2026 (9.52)
- 105 - भारत में वेस्टइंडीज, 2026 (9.19)
- 96 - भारत में वेस्टइंडीज, 2019 (14.92)
- 96 - वेस्टइंडीज में इंग्लैंड, 2021/22 (12.34)
किसने लगाए सबसे अधिक छक्के?
भारत-वेस्टइंडीज के बीच हुई पांच मैचों की इस सीरीज में सर्वाधिक छक्के वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने लगाए. उन्होंने 5 मैचों की 4 पारियों में 261 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 130.50 का रहा. शाई होप ने सीरीज में 20 छक्के जड़े. जबकि दूसरे स्थान पर शेरफेन रदरफोर्ड रहे, उन्होंने 15 छक्के लगाए. वहीं भारत के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा ने 9-9 छक्के लगाए. जबकि ईशान किशन और तिलक वर्मा ने 6-6 छक्के लगाए.
बारिश से रद्द हुआ पांचवां टी20
शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टी20 सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच बारिश की भेंट चढ़ गया. बारिश के बाद इस मुकाबले को 9-9 ओवरों तक सीमित कर दिया गया था, लेकिन सिर्फ 7.4 ओवरों के खेल के बाद फिर से बारिश हुई और मुकाबले को रद्द करने का फैसला लिया गया. इसी के साथ पांच मुकाबलों की सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई. तय समय के अनुसार टॉस शाम साढ़े 6 बजे होना था, लेकिन बारिश की वजह से यह रात 9 बजे हुआ, जिसमें पावरप्ले 2.4 ओवर का था.
बेंगलुरु में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. टीम इंडिया को पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा (6) के रूप में शुरुआती झटका लगा, जिसके बाद ईशान किशन ने संजू सैमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 10 गेंदों में 32 रन की साझेदारी की. किशन 10 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद संजू ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 10 गेंदो में 21 रन की साझेदारी करते हुए मेजबानों को तेजी से अर्धशतक के पार पहुंचाया.
भारत ने 66 के स्कोर पर संजू सैमसन (16) का विकेट गंवाया, जिसके बाद तिलक वर्मा ने अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 12 गेंदों में 22 रन जुटाकर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. कप्तान अय्यर ने 14 गेंदों में 22 रन की पारी खेली, जिसमें 2 चौके शामिल रहे. इसके बाद तिलक वर्मा ने नमन धीर के साथ पांचवें विकेट के लिए 9 गेंदों में 30 रन जुटाए. 7.4 ओवर में भारत को 118 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा. तिलक 6 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बारिश के चलते खेल फिर से रुक गया। कुछ देर बाद अंपायर्स ने मुकाबले को रद्द करने का फैसल लिया. इसी के साथ सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई.
यह भी पढ़ें: 'प्रैक्टिस और तैयारी के लिए वक्त नहीं मिलता'... संजू सैमसन का क्रिकेट शेड्यूल पर बड़ा बयान
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को क्यों करना पड़ रहा है इंतजार? कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कब मिलेगा मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं