कुछ महीने पहले टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए संजू सैमसन (Sanju Samson) ने अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने जा ही तीन मैचों की सीरीज में वापसी की है, लेकिन अभी उनके लिए समस्या खत्म नहीं हुई है. टीम में आते ही सबसे हालिया और सबसे बड़ा सवाल यही है कि पारी की शुरुआत कौन करेगा. अभिषेक शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी और संजू को मिलाकर तीन ओपनर हैं. किसी का दिल कुछ चाहता है तो फैंस का एक बड़ा वर्ग कुछ और. लेकिन इन सबके बीच सवाल अपनी जगह है. और पूर्व विकेटकीपर और कमेंटेटर दीपदास गुप्ता ने कहा है कि अफगानिस्तान श्रृंखला एक और संयोजन का परीक्षण करने का अवसर हो सकती है क्योंकि सैमसन और सूर्यवंशी ने अभी तक भारत के लिए एक साथ ओपनिंग नहीं की है.
दीप दासगुप्ता ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'सीधे तौर पर अगर आप पिछले मैच (इंग्लैंड टी20I) के बारे में सोचें, तो वह संजू और अभिषेक थे. जिम्बाब्वे को छोड़ दें, जब तीनों उपलब्ध थे तो संजू और अभिषेक थे. मुझे लगता है कि हमने अभी तक संजू-वैभव का संयोजन नहीं देखा है. अब तक हमने अभिषेक-वैभव और अभिषेक-संजू को देखा है.यह प्रयास करके देखना कोई बुरा विचार नहीं है कि संजू और वैभव किस तरह का संयोजन बना सकते हैं.'
वैभव सूर्यवंशी ने ठोका जोरदार दावा
जिम्बाब्वे के खिलाफ एक शानदार श्रृंखला के बाद सूर्यवंशी ने चयनकर्ताओं के सामने शीर्ष क्रम पर एक नियमित विकल्प के रूप में विचार किए जाने का मजबूत दावा पेश किया है. 15 वर्षीय खिलाड़ी ने तीन पारियों में 50.33 के औसत और 196.10 के स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में दौरा समाप्त किया. उनके प्रदर्शन में एक मैच जिताऊ 81 रन की पारी और दो अर्धशतक शामिल थे. इसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का पुरस्कार मिला. उनके इस योगदान ने नए नियुक्त टी20I कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में भारत को अपनी पहली श्रृंखला जीत हासिल करने में भी भूमिका निभाई. इससे पहले भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा था.
'किसी को बाहर करने की जरूरत नहीं'
बहरहाल, संजू-सूर्यवंशी के संभावित संयोजन की वकालत करते हुए दासगुप्ता ने जोर देकर कहा कि वे तीनों में से किसी भी खिलाड़ी को बाहर करने की बात नहीं कर रहे हैं. इसके बजाय वे चाहते हैं कि भारत टी20 विश्व कप से पहले विभिन्न संयोजनों का मूल्यांकन करने के लिए उपलब्ध मैचों का उपयोग करे और अंतिम निर्णय लेने से पहले खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर प्रदान करे. उन्होंने कहा, फिर से मैं यह नहीं कह रहा हूं. कृपया मुझे गलत न समझें. मैं यहां किसी को बाहर करने की बात नहीं कर रहा हूं. मैं बस इतना कह रहा हूँ कि विचार यह है कि विश्व कप से पहले आप हर संयोजन और हर व्यक्ति को उचित मौका और खेल का समय देना चाहते हैं ताकि यह समझा जा सके कि क्या काम कर रहा है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं