जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने शनिवार (11 जुलाई 2026) को भारत के खिलाफ द रोज बाउल में जारी टी20 सीरीज के पांचवें मुकाबले में 233 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी के साथ इंग्लिश जोड़ी ने इतिहास रच दिया है. यह इंग्लैंड की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है. इस मामले में बटलर-ब्रूक ने डेविड मलान-इयान मॉर्गन की जोड़ी को पछाड़ दिया है, जिन्होंने साल 2019 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध 182 रन जुटाए थे. वहीं, जोस बटलर और एलेक्स हेल्स भारत के खिलाफ साल 2022 में एडिलेड के मैदान पर 170 रन की अटूट साझेदारी कर चुके हैं.
यह सभी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में दूसरे विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है. बटलर-ब्रूक की जोड़ी ने इस मामले में संजू सैमसन और तिलक वर्मा की जोड़ी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2024 में जोहान्सबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 210* रन की साझेदारी की थी.
बटलर और ब्रूक की शानदार साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने निर्धारित ओवरों में 3 विकेट खोकर 257 रन बनाए, जो टी20 क्रिकेट में भारत के विरुद्ध किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले वानखेड़े में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 246/7 का स्कोर खड़ा किया था. वहीं, वेस्टइंडीज ने भारत के विरुद्ध साल 2016 में लॉडरहिल के मैदान पर 6 विकेट खोकर 245 रन बनाए थे. साउथ अफ्रीकी टीम साल 2026 में इंदौर के मैदान पर मेजबान टीम के खिलाफ 3 विकेट खोकर 227 रन बना चुकी है.
यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी (फुल मेंबर टीम) का रिकॉर्ड भी है. इस लिस्ट में उस्मान गनी, हजरतुल्लाह जजई की अफगान जोड़ी शीर्ष पर है, जिन्होंने साल 2019 में आयरलैंड के विरुद्ध पहले विकेट के लिए 236 रन जोड़े थे. इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर आरोन फिंच और डार्सी शॉर्ट की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी है, जिन्होंने साल 2018 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध पहले विकेट के लिए 223 रन जुटाए थे.
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 3 विकेट खोकर 257 रन बनाए. मेजबान टीम ने 8 के स्कोर पर फिलिप साल्ट (6) का विकेट गंवा दिया था. यहां से हैरी ब्रूक ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 233 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया.
19वें ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे ने बटलर और जैकब बेथेल (0) के विकेट निकाले. बटलर 64 गेंदों में 8 छक्कों और 12 चौकों के साथ 131 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ब्रूक ने 45 गेंदों में 8 छक्कों और 4 चौकों के साथ 95 रन की नाबाद पारी खेली. भारत के लिए दुबे ने 2 विकेट हासिल किए. प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट निकाला.
यह भी पढ़ें- टीम इंडिया की हार का ठीकरा सूर्यवंशी पर फूटा, पांचवें T20 के प्लेइंग XI से क्यों बाहर हुए वैभव?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं