विज्ञापन

UAE से हारे, फिर इंग्लैंड ने छीन लिया फाइनल का टिकट, हांगकांग सिक्सेस में भारत का सफर खत्म!

भारत को हांगकांग सिक्सेस 2026 के बॉल डिवीजन के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों रोमांचक मुकाबले में तीन रन से हार का सामना करना पड़ा.

UAE से हारे, फिर इंग्लैंड ने छीन लिया फाइनल का टिकट, हांगकांग सिक्सेस में भारत का सफर खत्म!
Hong Kong Sixes India
X (formerly Twitter)

भारत को शनिवार को हांगकांग सिक्सेस 2026 के बॉल डिवीजन के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों रोमांचक मुकाबले में तीन रन से हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद टीम अब आखिरी दो स्थान (11वें-12वें) के प्लेऑफ में बांग्लादेश का सामना करेगी. बॉल डिवीजन के फाइनल में इंग्लैंड का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा. छह खिलाड़ियों के साथ छह ओवरों के इस फॉर्मेट में भारत और इंग्लैंड की ओर से तूफानी बल्लेबाजी देखने को मिली. लेकिन भारतीय टीम जीत के करीब पहुंचकर चूक गई और इस डिवीजन फाइनल में जगह नहीं बना सकी.

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर इंग्लैंड ने कुलवंत खेजरोलिया के पहले ओवर में 24 रन बटोर कर अटैकिंग शुरुआत की. दूसरे ओवर की पहली गेंद पर राहुल त्रिपाठी ने जॉन सिम्पसन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई, लेकिन मार्टिन एंडरसन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख फिर इंग्लैंड की ओर मोड़ दिया. उन्होंने केवल 13 गेंदों में छह छक्कों और तीन चौकों की मदद से 51 रन बनाये.

एड बर्नार्ड ने भी 14 गेंदों में नाबाद 35 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को छह ओवर में दो विकेट पर 124 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया. लक्ष्य का पीछा करते हुए नाथन गिलक्रिस्ट ने पहले ही ओवर में नीतिश राणा को पवेलियन कर भारत को बड़ा झटका दिया. त्रिपाठी और शशांक सिंह ने इसके बाद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 48 रन की साझेदारी की और भारतीय पारी को संभाला. त्रिपाठी ने केवल 14 गेंदों में सात छक्कों और दो चौकों की मदद से 56 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि कप्तान कृणाल पंड्या ने सात गेंदों में 28 रन बनाए. भारतीय टीम हालांकि 121 रन ही बना सकी.

आखिरी लीग मुकाबले में यूएई से मिली हार

इससे पहले भारत को ग्रुप सी के अपने आखिरी लीग मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हाथों छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम यूएई के जाहिद अली की गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई. जाहिद ने तीन विकेट लेकर भारत का स्कोर तीन विकेट पर 14 रन कर दिया. त्रिपाठी ने 24 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर कुछ संघर्ष किया, जबकि क्रुणाल ने आठ गेंदों में 15 रन बनाए. इसके बाद टी नटराजन ने नाबाद 38 रन की पारी खेलकर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने 14 गेंदों में चार छक्के और तीन चौके लगाए. भारत ने छह ओवर में छह विकेट पर 94 रन बनाए.

लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान खालिद शाह और अंश टंडन ने यूएई के लिए पहले ही ओवर में 25 रन ठोक दिए. खालिद ने 14 गेंदों में छह छक्कों और तीन चौकों की मदद से नाबाद 52 रन बनाए. टंडन ने 12 गेंदों में पांच छक्कों और दो चौकों के सहारे नाबाद 39 रन की पारी खेली. दोनों ने मिलकर यूएई को केवल 4.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 95 रन तक पहुंचा दिया. इस जीत के साथ यूएई ने कप (शीर्ष) डिवीजन के सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि भारतीय टीम को लीग चरण के दोनों मैच में हारकर बॉल डिवीजन के सेमीफाइनल में खेलना पड़ा.

यह भी पढ़ें-  Who Are You के जवाब में बोला I Am Fine, पाकिस्तानी स्टार और अमेरिकन क्रिकेट गर्ल का VIDEO वायरल

यह भी पढ़ें- बहन को चूरमा ख‍िलाकर कुश्‍ती में भेजा, भाई ने मनीषा को बनाया पहलवान, खुद ने खेत में बहाया पसीना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com