Chopra on Prabhsimran Singh: भारतीय प्रबंधन की कुछ बातें विचित्र हैं! ऐसा लगता है कि पॉलिसी को लेकर ही प्रबंधन भ्रम की स्थिति में हैं क्योंकि जो बातें कुछ महीने पहले सार्वजनिक मंच पर बोली जाती हैं, वही एकदम नेपथ्य में चली जाती हैं. नीति की बात बाद में करेंगे, पहले मुख्य विषय पर लौटते हैं जो जिंबाब्वे (Zimbabwe vs India) के खिलाफ शुरुआती दोनों मैचों से बाहर रखे जाने वाले विकेटकीपर ओपनर प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh) से जुड़ा है. निश्चित रूप से विषय घेरने वाला है और पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने तो सवाल खड़ा कर दिया है. चोपड़ा ने भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरे और अंतिम T20I मैच में प्रभसिमरन सिंह को खिलाने का समर्थन जोरदार समर्थन किया है. भारत द्वारा लगातार दो जीत के साथ पहले ही सीरीज अपने नाम कर लेने के बाद, चोपड़ा का मानना है कि टीम में मौजूद रिजर्व (फ्रिज) खिलाड़ियों को परखने का यह सही समय है।
चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'आप ईशान को ब्रेक दीजिए. प्रभसिमरन सिंह आसानी से कीपिंग का काम भी कर लेंगे. इसलिए आप एक खिलाड़ी के तौर पर उनका इस तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. यह एक ऐसा मौका है जो प्रभ को दिया जा सकता है.' उन्होंने आगे कहा, 'मैं भी प्रभ को खिलाने के बारे में सोच रहा हूं. आखिर उसकी क्या गलती है? आपने प्रभसिमरन सिंह को चुना है और हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि आप उन्हें दोबारा कब चुनेंगे. आप सीरीज जीत चुके हैं.'
भारत ने पहले दो मैचों में शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन के साथ शुरुआत की. नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम ने जिम्बाब्वे को आसानी से हराकर अपनी पहली सीरीज जीत हासिल की. पहले मैच में मेहमानों ने जिंबाब्वे को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी और उसके बाद दूसरे मैच में 90 रन से जीत दर्ज की।
‘ईशान को आराम दो, अभिषेक को नहीं'
चोपड़ा का मानना है कि प्रभसिमरन के लिए ईशान किशन को जगह खाली करनी चाहिए, न कि अभिषेक शर्मा को. किशन ने दूसरे मैच में 44 गेंदों में 81 रनों की आक्रामक पारी खेलकर भारत को 219 रन तक पहुँचाने में मदद की थी. वहीं, अभिषेक दो मैचों में 1 और 8 रन बनाकर खराब फॉर्म से गुज़रे हैं. खराब फॉर्म के बावजूद चोपड़ा का मानना है कि इंग्लैंड और आयरलैंड सीरीज में उनके योगदान को देखते हुए अभिषेक को बाहर करना समझदारी भरा फैसला नहीं होगा.
पूर्व ओपनर ने कहा, ' इसलिए प्रभसिमरन को अभिषेक की जगह खिलाए या फिर ईशान की जगह खिलाए. लेकिन आप असल में उन्हें ईशान की जगह खिला सकते हैं. अभिषेक की जगह मत खिलाइए. उन्होंने रन नहीं बनाए हैं और उनके दो मैच खराब गए हैं, तो उन्हें तीसरे मैच में भी खिलाएं. उनसे रन बनवाए और अगर गेंदबाजी विकल्प की जरूरत हो, तो उनसे वह काम भी करवाएं.'
आईपीएल में दिखाया था इस साल दम
पिछले कई साल से पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे प्रभसिमरन सिंह ने इस साल आईपीएल में प्रदर्शन में सुधार करते हुए नियमितता दिखाई. इस विकेटकीपर ओपनर ने खेले 14 मैच की 13 पारियों में 42.50 के औसत और 6 अर्द्धशतक से 510 रन बनाए. वह ईशान किशन के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे विकेटकीपर रहे, जिन्होंने संस्करण में पांच सौ से ऊपर का स्कोर किया. और ऊनका स्ट्राइक रेट भी 168.87 का रहा. इस प्रदर्शन से ही उन्होंने सेलेक्टरों को टीम इंडिया में चुनने पर मजबूर किया, लेकिन प्रबंधन उन्हें अंतिम 11 में मौका नहीं दे रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं